ग्रामीण तहकीकात संवाददाता
मंगलौर। कांवड़ यात्रा 2026 को शांतिपूर्ण, सुगम और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए मंगलोर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। कांवड़ मेले के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात को सुचारू रखने के लिए पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मंगलौर अभिनय चौधरी ने सख्त दिशानिर्देश जारी किए हैं।मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए सीओ मंगलौर अभिनय चौधरी ने कड़ा संदेश दिया कि, “कांवड़ यात्रा के दौरान शांति व्यवस्था, अनुशासन और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस प्रशासन द्वारा कांवड़ मार्ग, संवेदनशील स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान हुड़दंग, उपद्रव या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असमाजिक तत्वों पर पुलिस प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। यदि कोई भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता है या माहौल खराब करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ बिना किसी ढिलाई के तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी सूरत में उपद्रवियों पर रहम नहीं बरता जाएगा।“
पुलिस द्वारा जारी मुख्य दिशानिर्देश:
1. डीजे की आवाज नियमानुसार रखें: कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे वाहनों में ध्वनि प्रदूषण के तय मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा।
2. कांवड़ की ऊंचाई का ध्यान रखें: हादसों से बचाव हेतु कांवड़ की ऊंचाई निर्धारित मानक के अनुसार ही होनी चाहिए।
3. यातायात नियमों का पालन करें: कांवड़ यात्रियों और आमजन से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें ताकि जाम की स्थिति न बने।
सीओ मंगलौर अभिनय चौधरी ने कहा कि हरिद्वार आने वाले शिवभक्तों और श्रद्धालुओं का स्वागत है और उनकी सुविधा व सुरक्षा के लिए पुलिस बल 24 घंटे मुस्तैद रहेगा, लेकिन शांति व कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।
