ग्रामीण तहकीकात ऐप इंस्टॉल करने के लिए यहाँ क्लिक करें 📲

Month: April 2026

 

राष्ट्रीय वीर गुर्जर सेना ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

देहरादून। राजधानी के प्रतिष्ठित डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम विवादों के घेरे में आ गया है। कार्यक्रम में आमंत्रित प्रसिद्ध हरियाणवी गायक मासूम शर्मा पर खुले मंच से छात्र-छात्राओं के बीच अभद्र और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने का गंभीर आरोप लगा है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो का हवाला देते हुए राष्ट्रीय वीर गुर्जर सेना ने इस पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। संगठन के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ओमवीर चौधरी ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अपनी मर्यादा और संस्कृति के लिए जानी जाती है, लेकिन शिक्षा के मंदिर में कलाकारों द्वारा इस तरह की गाली-गलौज और फूहड़ता परोसना बर्दाश्त से बाहर है। चौधरी ने कहा कि मंच से दी गई गालियों का युवाओं के मानस पटल पर अत्यंत दूषित प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने शासन-प्रशासन और उत्तराखंड सरकार से मांग की है कि गायक मासूम शर्मा के खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने इस प्रकरण में संज्ञान लेकर सख्त कदम नहीं उठाए, तो राष्ट्रीय वीर गुर्जर सेना सड़कों पर उतरकर एक बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन की होगी।

 

  • राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल का तीखा हमला- “बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना कब तक बनोगे?”, प्रतिमा के स्वरूप और बजट पर भी उठे गंभीर सवाल; RTI और आंदोलन की आहट।

संपादक नवीन कुमार (दैनिक ग्रामीण तहकीकात अखबार)

झबरेड़ा। झबरेड़ा इकबालपुर रोड़ पर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक के लोकार्पण समारोह ने क्षेत्र में एक नए राजनीतिक विवाद को जन्म दे दिया है, जहाँ क्षेत्रीय विधायक वीरेंद्र जाति को न केवल विपक्ष बल्कि ‘अपनों’ की बेरुखी और सार्वजनिक आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है। लोकार्पण पट्टिका पर अंकित मुख्यमंत्री की घोषणा के श्रेय को लेकर मचे घमासान के बीच, नगर पंचायत झबरेड़ा की अनुपस्थिति ने इस कार्यक्रम पर ‘प्रशासनिक बहिष्कार’ की मुहर लगा दी है। ज्ञात हो कि इस चौक का निर्माण निकाय के लगभग 12.50 लाख रुपये के बजट से हुआ है, बावजूद इसके नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण चौधरी और निकाय कर्मचारियों की गैर-मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. गौरव चौधरी की अनुपस्थिति ने संगठन के भीतर की गुटबाजी को भी उजागर कर दिया है। सबसे गंभीर सवाल प्रतिमा के स्वरूप और ऊंचाई को लेकर उठ रहे हैं, जिसे लेकर बहुजन समाज के नेताओं ने विधायक पर ‘उपेक्षा’ के आरोप जड़े हैं। वहीं आजाद समाज पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह ने इसे बाबा साहेब का अपमान करार देते हुए कहा कि “प्रतिमा का कद इतना छोटा रखना कि वह पास खड़े व्यक्ति के कद से भी कम लगे, समाज की भावनाओं से खिलवाड़ है। हम आरटीआई के माध्यम से 12.50 लाख के बजट का हिसाब मांगेंगे और यदि सुधार नहीं हुआ तो समाज स्वयं के व्यय पर आदमकद प्रतिमा स्थापित करेगा।” भीम आर्मी के प्रदेश महासचिव सुशील पाटिल ने भी तीखे तेवर अपनाते हुए कहा कि हाईवे जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर प्रतिमा का रेलिंग से भी नीचे होना कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर संदेह पैदा करता है, जिसके विरुद्ध बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा। दूसरी ओर, आरोपों के घेरे में आए विधायक वीरेंद्र जाति ने इन सवालों को ‘डिजाइन और इंजीनियरिंग’ का तकनीकी मामला बताते हुए जांच की बात कही है, हालांकि प्रतिमा के स्वरूप पर वे कोई ठोस स्पष्टीकरण नहीं दे पाए। इस बीच, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने विधायक को आड़े हाथों लिया और दो-टूक शब्दों में कहा कि “बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना कब तक बनोगे? यदि समाज की इतनी ही फिक्र है, तो विधायक निधि के 5 करोड़ से अन्य गांवों में भी प्रतिमाएं लगवाएं।” कर्णवाल ने स्पष्ट किया कि यह चौक उनके प्रस्ताव पर 2021-22 में मुख्यमंत्री की घोषणा का परिणाम है, जिसका श्रेय लेने की विधायक की कोशिश ‘हास्यास्पद’ है। प्रतिमा के स्वरूप ने इस आग में घी का काम किया है; कुल मिलाकर, यह ‘अधूरा’ लोकार्पण विधायक के लिए न केवल राजनीतिक चुनौती बन गया है, बल्कि बहुजन समाज के बढ़ते असंतोष ने उनकी भविष्य की राह को भी संघर्षपूर्ण बना दिया है।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

खटीमा (ऊधम सिंह नगर)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने पूज्य पिता स्व. शेर सिंह धामी की पुण्यतिथि के अवसर पर सीमांत क्षेत्र खटीमा में आयोजित ‘सैनिक सम्मान समारोह’ में शिरकत कर सैन्य परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और कृतज्ञता प्रकट की। इस भावुक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने माँ भारती की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों के परिजनों सहित 60 वीर नारियों और 80 जांबाज जवानों को सम्मानित कर उनके अदम्य साहस को नमन किया। इस स्मृति दिवस को विकास से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री ने ₹7 करोड़ से अधिक की लागत से तैयार सीएसडी कैंटीन और सैनिक कल्याण केंद्र का भव्य लोकार्पण किया, जो क्षेत्र के पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए बड़ी सुविधा बनेगा; वहीं डिजिटल अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देते हुए उन्होंने स्वयं खरीदारी कर यूपीआई के माध्यम से भुगतान भी किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि पिताजी द्वारा सिखाया गया अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और जमीन से जुड़े रहने का संस्कार ही उनके जीवन की असली पूंजी है, जिसके मार्गदर्शन में वे आज जनसेवा कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना के बढ़ते सामर्थ्य और आधुनिक तकनीकी नवाचारों का उल्लेख करते हुए विश्वास दिलाया कि उत्तराखंड सरकार पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए पूर्णतः समर्पित है। इस गरिमामयी समारोह में केंद्रीय सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, शिव अरोड़ा, त्रिलोक सिंह चीमा और राजस्थान से आए विधायक कुलदीप धनकड़ सहित भारी संख्या में सैन्य अधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

झबरेड़ा। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत झबरेड़ा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के कड़े निर्देशों के अनुपालन में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने मंगलवार को ग्राम कोटवाल के समीप घेराबंदी कर स्मैक तस्करी के धंधे में संलिप्त अब्दुल कादिर पुत्र अमीर आलम, निवासी लाठरदेवा शेख को गिरफ्तार किया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 29.20 ग्राम अवैध स्मैक, नशे को तोलने में प्रयुक्त होने वाला इलेक्ट्रॉनिक तराजू और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल (UK17X6847) बरामद की है। 26 वर्षीय आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की संगीन धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस टीम ने आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी कर अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्यवाही सुनिश्चित की है। इस प्रभावी कार्यवाही से क्षेत्र के नशा तस्करों में हड़कंप व्याप्त है।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में जनपद हरिद्वार में अपराधियों और अराजक तत्वों के विरुद्ध छेड़ा गया ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान माफियाओं और कानून तोड़ने वालों के लिए काल साबित हो रहा है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 3 अप्रैल से शुरू हुए इस महाभियान की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पुलिस ने अब तक रिकॉर्ड कार्रवाई करते हुए 137 इनामी, वांछित और वारंटियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है, जबकि शांति भंग करने वाले 258 गुंडा तत्वों पर नकेल कसी गई है। एसएसपी के सख्त रुख का असर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी दिख रहा है, जहाँ व्यापक चेकिंग के दौरान मानकों की अनदेखी करने वाले 47 अवैध होटलों व पबों को पूरी तरह बंद करा दिया गया और 11 होटल स्वामियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई। अभियान के तहत अब तक 2230 लोगों का सत्यापन और 606 लोगों पर पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। एसएसपी नवनीत सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि तीर्थनगरी की मर्यादा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा; यह अभियान भविष्य में और भी अधिक आक्रामक रूप से जारी रहेगा।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

सहारनपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कुशल नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत चिलकाना पुलिस और गोकशों के बीच देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को घायल अवस्था में गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

जानकारी के अनुसार, 7/8 अप्रैल की रात थाना चिलकाना पुलिस जब बुड्ढाखेड़ा मार्ग पर गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि परागपुर-घाटहेड़ा मार्ग पर एक बाग में कुछ लोग गोकशी की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस टीम ने जब मौके पर दबिश दी, तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर जान से मारने की नियत से सीधी फायरिंग झोंक दी। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में एक गोली बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल के रास्ते फरार होने में कामयाब रहा।

पकड़े गए आरोपित की पहचान उस्मान उर्फ मानी पुत्र नानू, निवासी बुड्ढाखेड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक जीवित गोवंश, एक .315 बोर का तमंचा, कारतूस, खोखा और गोकशी के भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उस्मान थाना कुतुबशेर का हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध गोकशी, चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस सहित करीब डेढ़ दर्जन संगीन मामले दर्ज हैं। घायल बदमाश को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि फरार साथी की तलाश में कॉम्बिंग जारी है। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस साहसिक कार्यवाही से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप व्याप्त है।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देश पर नगर निगम हरिद्वार ने आज शहर को जाम और अवैध कब्जों से मुक्ति दिलाने के लिए बड़ा अभियान चलाया। दो पालियों में हुई इस कार्रवाई के दौरान सुबह सिंह द्वार से शंकर आश्रम तक सड़क घेरे खड़ी 5 अवैध ठेलियों को मौके पर ही नष्ट किया गया और 6 को जब्त कर लिया गया, साथ ही दुकानदारों को नाली से बाहर सामान न रखने की सख्त चेतावनी दी गई। दोपहर बाद ब्रह्मपुरी क्षेत्र और सरकारी महिला अस्पताल के आसपास निगम की टीम ने जेसीबी के साथ धमक दी, जहाँ नालियों और सार्वजनिक मार्गों पर किए गए 20 से अधिक अवैध निर्माणों को ढहा दिया गया। इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित 4 खोखों और 10 ठेलियों को भी नष्ट कर मार्ग पूरी तरह साफ कराया गया। उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा सहित पुलिस बल मौजूद रहा; निगम प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था बिगाड़ने वाले अतिक्रमणकारियों के खिलाफ यह सख्ती आगे भी जारी रहेगी।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

हरिद्वार। आगामी चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है, जिसके तहत बुधवार को राष्ट्रीय और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA व USDMA) के तत्वावधान में हरिद्वार आपदा कंट्रोल रूम में एक महत्वपूर्ण ‘टेबल टॉप एक्सरसाइज’ आयोजित की गई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में यात्रा को लेकर 26 नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो पंजीकरण, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सुचारू यातायात जैसी व्यवस्थाओं की कमान संभालेंगे। बैठक में विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में अतिवृष्टि और भूस्खलन जैसे जोखिमों को देखते हुए संसाधनों की जीआईएस मैपिंग और त्वरित राहत के लिए इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम को सक्रिय कर दिया गया है। अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान ने बताया कि तीर्थयात्रियों की सुविधा हेतु ऋषिकुल मैदान में 20 काउंटरों वाला ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र तैयार किया जा रहा है, साथ ही एनएचएआई, बीआरओ और एसडीआरएफ जैसी एजेंसियों को संवेदनशील स्थलों पर मशीनरी के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं। आपदा की स्थिति में ‘शून्य जनहानि’ के लक्ष्य को परखने के लिए आगामी 10 अप्रैल को एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा, ताकि धरातल पर सभी विभागों के समन्वय और कार्यकुशलता की वास्तविक जांच की जा सके। इस महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक में एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत सहित सेना व अर्धसैनिक बलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

रुड़की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे विशेष ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत रुड़की कोतवाली पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए चार वारंटियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुड़की के नेतृत्व में गठित अलग-अलग पुलिस टीमों ने माननीय न्यायालय से प्राप्त गैर-जमानती वारंटों की तामील करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी, जिसके परिणामस्वरूप धोखाधड़ी (420 IPC) के मामले में वांछित विकास बलिया, एनआई एक्ट की धारा 138 के आरोपी नरेंद्र सिंह, और मारपीट व गाली-गलौज (323, 504, 506 IPC) के मामलों में फरार चल रहे मोहित व राहुल को उनके ठिकानों से दबोच लिया गया। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, सुभाष चंद्र जगमोला, कांस्टेबल अनिल शर्मा, रणवीर सिंह और शूरवीर शामिल रहे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले और न्यायालय की प्रक्रिया से बचने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ऐसी कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।

 

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

झबरेड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में वांछित अपराधियों और वारंटियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत झबरेड़ा पुलिस ने प्रभावी कार्यवाही करते हुए एक वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। बुधवार को थाना झबरेड़ा पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और सटीक घेराबंदी के आधार पर ग्राम पावटी मानकपुर में दबिश देकर सवर सिंह पुत्र जयपाल को उसके मस्कन (निवास स्थान) से हिरासत में लिया, जिसके विरुद्ध माननीय न्यायालय द्वारा लंबे समय से वारंट जारी किया गया था। उपनिरीक्षक जय सिंह राणा और होमगार्ड अंकित कुमार की टीम ने आरोपित को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूरी की है, जिसे अब माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र में कानूनी प्रक्रिया से बच रहे अपराधियों में हड़कंप व्याप्त है।