दैनिक समाचार पत्र: ग्रामीण तहकीकात
नारसन। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की ओर से विकास कार्यों में पारदर्शिता लाने और गड़बड़ियों पर रोक लगाने के लिए लगातार कड़े निर्देश दिए जा रहे हैं, लेकिन नारसन विकासखंड में मनरेगा एवं विभागीय पोर्टल ‘VB-G RAM G’ से जुड़े कार्यों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। विभागीय पोर्टल पर दर्ज सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार, शेरपुर खेलमऊ ग्राम पंचायत में सड़क व नाला निर्माण से जुड़े मस्टर रोलों में दर्जनों मजदूरों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज दिखाई दे रही है, जबकि ग्रामीणों व मौके की स्थिति के अनुसार धरातल पर काम न चलने की बात सामने आ रही है।
पोर्टल के अनुसार, वर्तमान में बारिश के मौसम के बावजूद पूरे नारसन ब्लॉक में कुल 135 मस्टर रोल खुले हुए हैं और 1003 मजदूरों की दैनिक उपस्थिति दर्ज की जा रही है, जिसमें तालाब खुदाई जैसे कार्य भी शामिल दर्शाए गए हैं।
इस पूरे मामले को लेकर जब ‘दैनिक समाचार पत्र ग्रामीण तहकीकात’ के संवाददाता ने नारसन के सहायक विकास अधिकारी (ADO) अशोक कुमार से फोन पर बातचीत की, तो पहले उन्होंने बारिश के कारण मस्टर रोल बंद होने की बात कही; लेकिन जब संवाददाता ने सरकारी पोर्टल पर दर्ज रिकॉर्ड व साक्ष्यों का हवाला दिया, तो उन्होंने कहा कि मामले को दिखवाकर तुरंत प्रभाव से रुकवा दिया जाएगा।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब धरातल पर काम नहीं चल रहा था, तो पोर्टल पर मजदूरों की उपस्थिति कैसे दर्ज हो रही थी। ‘ग्रामीण तहकीकात’ की टीम ब्लॉक के अन्य गांवों में भी जमीनी स्थिति की पड़ताल कर रिपोर्ट शासन-प्रशासन के सामने रखेगी। पूरे प्रकरण पर संबंधित उच्चाधिकारियों का पक्ष लेकर आगामी अंक में विस्तृत खबर प्रकाशित की जाएगी।

