ग्रामीण तहकीकात ऐप इंस्टॉल करने के लिए यहाँ क्लिक करें 📲

Day: November 6, 2026

ग्रामीण तहकीकात 

मंगलौर। कस्बे में कार्यरत स्थानीय पत्रकारों ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर पत्रकारिता की साख और मर्यादा को बनाए रखने के लिए एकजुटता दिखाई। बैठक में बिना किसी अधिकृत संस्थान या पंजीकरण के फर्जी आईडी कार्ड व सोशल मीडिया के नाम पर पत्रकारिता की आड़ में सक्रिय तत्वों पर चिंता व्यक्त की गई और इनके विरुद्ध प्रभावी कदम उठाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में उपस्थित वरिष्ठ पत्रकारों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए स्पष्ट किया कि क्षेत्र में पत्रकारिता कार्य के लिए संबंधित संस्थान का वैध नियुक्ति पत्र और संस्थागत परिचय पत्र अनिवार्य होना चाहिए। इसके साथ ही समाचार पत्र एवं पत्रिकाओं के लिए आरएनआई (RNI) अथवा भारत के रजिस्ट्रार जनरल ऑफ प्रेस (PRGI) तथा अधिकृत इलेक्ट्रॉनिक/डिजिटल मीडिया संस्थानों से संबद्धता को ही प्राथमिकता दी जाएगी।

पत्रकारों का कहना था कि पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार करने, समाचार पत्रों की फर्जी कतरनों के दुरुपयोग और बिना मान्यता प्राप्त आईडी कार्ड के वाहनों पर ‘प्रेस’ लिखकर घूमने के मामलों की चर्चाएं सामने आ रही हैं, जिससे पत्रकारिता के पेशे की छवि प्रभावित हो रही है। बैठक में तय किया गया कि इस प्रकार की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की जाएगी।

पत्रकार प्रतिनिधियों ने निर्णय लिया कि जल्द ही क्षेत्राधिकारी मंगलौर को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से पुलिस प्रशासन से अपील की जाएगी कि वह फर्जी आईडी कार्ड, वाहनों कार व बाइक पर अनधिकृत रूप से ‘प्रेस’ लिखे होने की स्थिति तथा अप्रमाणित प्रचार तंत्र की निष्पक्ष जांच करे, ताकि सही और प्रमाणित पत्रकारों की पहचान सुरक्षित रहे तथा किसी भी तरह की अवैधानिक गतिविधि पर रोक लग सके।

बैठक में क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार अरशद हुसैन, अकील अहमद, राहुल सैनी, शमीम अहमद, फिरोज खान, अनिल सैनी, नवीन कुमार, श्याम सुंदर , फरमान, मांगेराम गोर, राजेश कुमार, रोहित कुमार, अनुज सैनी आदि मौजूद रहे।