ग्रामीण तहकीकात ऐप इंस्टॉल करने के लिए यहाँ क्लिक करें 📲

Month: September 2026

ग्रामीण तहकीकात 

मंगलौर। कोतवाली मंगलौर पुलिस ने घर से नाराज होकर लापता हुई दो नाबालिग बालिकाओं को अथक प्रयासों के बाद जम्मू-कश्मीर के कटरा से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया है; बच्चियों को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े और उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया;

पुलिस के अनुसार 25 अगस्त को मंगलौर निवासी शरीफ ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री और उसकी 16 वर्षीय सहेली 24 अगस्त को स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं; पुलिस ने तत्काल अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया; मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मंगलौर भगवान सिंह मेहर ने उप-निरीक्षक नितिन बिष्ट के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की;

गठित टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से हरिद्वार, देहरादून, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली और दिल्ली के बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों व धर्मशालाओं के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली; इस दौरान लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस को चंडीगढ़ होते हुए जम्मू-कश्मीर का सुराग मिला; इसके बाद मंगलौर पुलिस टीम ने कटरा (जम्मू-कश्मीर) में डेरा डालकर लगातार खोजबीन की और दोनों बालिकाओं को सुरक्षित बरामद कर लिया; पूछताछ में सामने आया कि दोनों लड़कियां घरेलू बात पर नाराज होकर घर से निकल गई थीं; पुलिस टीम में उप-निरीक्षक नितिन बिष्ट, कांस्टेबल उत्तम, कांस्टेबल विनोद तथा सीआईयू रुड़की से कांस्टेबल महिपाल शामिल रहे।