ग्रामीण तहकीकात ऐप इंस्टॉल करने के लिए यहाँ क्लिक करें 📲

Month: September 2026

ग्रामीण तहकीकात/ नवीन कुमार 

लक्सर। सामाजिक न्याय पार्टी की संगठनात्मक मजबूती और आगामी कार्ययोजना को लेकर प्रदेश अध्यक्ष पुनीत कश्यप के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई; बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर पार्टी का विस्तार करने के साथ-साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े वंचित, शोषित और जरूरतमंद परिवारों तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाना रहा; बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पुनीत कश्यप ने पार्टी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया और स्पष्ट किया कि सामाजिक न्याय पार्टी का मुख्य ध्येय केवल चुनावी राजनीति तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि समाज में उन निर्धन और उपेक्षित वर्गों की आवाज बनना है जो आज भी अपने बुनियादी अधिकारों, बेहतर शिक्षा और सम्मानजनक आजीविका के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

पुनीत कश्यप ने अपने बयान में जोर देते हुए कहा कि किसी भी समाज और क्षेत्र के विकास की नींव उसकी शिक्षा व्यवस्था पर टिकी होती है, इसलिए पार्टी का संकल्प है कि आर्थिक तंगी या संसाधनों के अभाव में कोई भी बच्चा स्कूल या उच्च शिक्षा से वंचित न रहे; उन्होंने कहा कि आज ग्रामीण क्षेत्रों का युवा वर्ग बेरोजगारी और उचित मार्गदर्शन के अभाव में जूझ रहा है, ऐसे में पार्टी युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस योजना तैयार कर रही है; उन्होंने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से सीधा आह्वान किया कि वे हर गांव, मोहल्ले और बूथ स्तर पर जाकर आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करें, उनकी बुनियादी समस्याओं को समझें और संगठन की जनहितकारी नीतियों से उन्हें अवगत कराएं।

बैठक में हरिद्वार जनपद के मैदानी क्षेत्र की चार प्रमुख विधानसभाओं— लक्सर, खानपुर, मंगलौर और भगवानपुर पर विशेष फोकस रखने का निर्णय लिया गया; पुनीत कश्यप ने बताया कि इन क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर संगठन की इकाइयां गठित कर युवाओं और महिलाओं को सक्रिय रूप से जोड़ा जा रहा है; उन्होंने विश्वास जताया कि जनहित के वास्तविक मुद्दों, शिक्षा और रोजगार के संकल्प के साथ सामाजिक न्याय पार्टी आने वाले समय में क्षेत्र की जनता के सामने एक मजबूत और सकारात्मक सामाजिक-राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित होगी; इस अवसर पर पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, क्षेत्रीय कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे, जिन्होंने संगठन विस्तार की इस मुहिम को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

मंगलौर। कोतवाली मंगलौर पुलिस ने एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने, दुष्कर्म करने तथा परिजनों को जान से मारने की धमकी देने के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है; पुलिस के अनुसार मंगलौर निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि एक युवक उसकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया, साथ ही आरोपी के अन्य परिजनों द्वारा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई; पीड़िता के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया; मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मंगलौर द्वारा तत्काल एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया; गठित टीम ने सुरागरसी-पतारसी और तकनीकी निगरानी की मदद से आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी, जिसके फलस्वरूप मुकदमे से जुड़े मुख्य आरोपी सायन पुत्र तनवीर निवासी मोहल्ला किला, मंगलौर, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की; पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नितिन बिष्ट, कांस्टेबल मनदीप नेगी और पीआरडी जवान जितेंद्र शामिल रहे; पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

हरिद्वार। पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं को लेकर भारतीय पत्रकार यूनियन (पंजीकृत) की प्रदेश स्तरीय समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक शीघ्र आयोजित की जाएगी, जिसमें राज्यभर के मीडियाकर्मियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और संगठनात्मक विस्तार पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा; संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण कश्यप ने अपने बयान में कहा कि यूनियन सदैव पत्रकारों के मान-सम्मान, कार्यक्षेत्र में सुरक्षा और उनके जायज हकों के लिए अग्रणी भूमिका निभाती रही है तथा आगामी प्रदेश समिति की बैठक में फील्ड में कार्यरत श्रमजीवी पत्रकारों के हितों की रक्षा, बीमा, स्वास्थ्य सुविधाओं और शासन स्तर पर लंबित मांगों को लेकर ठोस रणनीति तय की जाएगी; वहीं प्रदेश महासचिव नवीन कुमार ने संगठनात्मक मजबूती पर बल देते हुए कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से हरिद्वार जिला कार्यकारिणी का विधिवत गठन बहुत जल्द संपन्न किया जाएगा, जिसके लिए निष्ठावान, जुझारू और सक्रिय पत्रकारों को चिन्हित कर जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी; उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नवगठित जिला इकाई पत्रकारों के उत्पीड़न और किसी भी प्रकार की समस्याओं के समाधान के लिए तत्परता से कार्य करेगी तथा यूनियन का मुख्य ध्येय पत्रकारों की एकजुटता को बनाए रखते हुए उनके कल्याण के लिए निरंतर संघर्षशील रहना है।

• रालोद नेता उबैदुर्रहमान मोंटी की निरंतर पैरवी रंग लाई; स्वास्थ्य विभाग ने प्रक्रिया की तेज, बोले— जनता जानती है किसने किया धरातल पर कार्य और कौन कर रहा श्रेय की राजनीति

ग्रामीण तहकीकात नवीन कुमार 

मंगलौर। क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर-चंदनपुर में लंबे समय से संचालन की प्रतीक्षा कर रहे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को आरंभ कराने की दिशा में रालोद नेता उबैदुर्रहमान उर्फ मोंटी के निरंतर प्रयासों को बड़ी सफलता मिलती दिखाई दे रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सालय में चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती सहित संचालन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाए जाने से क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह है और ग्रामीणों को शीघ्र बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात मिलने जा रही है।

इस संबंध में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में रालोद नेता उबैदुर्रहमान उर्फ मोंटी ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भगवानपुर-चंदनपुर में स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना उनके स्वर्गीय पिता व पूर्व विधायक स्व. सरवत करीम अंसारी का सपना था। वर्ष 2012 से 2017 के कार्यकाल के दौरान उनके अथक प्रयासों से ही इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वीकृति मिली थी और अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के सहयोग से भव्य भवन का निर्माण पूरा हो सका था।

मोंटी ने कहा कि भवन निर्माण के उपरांत तकनीकी कारणों से संचालन अधर में लटका हुआ था, जिसे शुरू कराने के लिए उन्होंने जनहित को प्राथमिकता देते हुए स्वयं पूरी ताकत झोंक दी। वे लगातार शासन-प्रशासन के उच्चाधिकारियों के संपर्क में रहे, पत्राचार किया और व्यक्तिगत रूप से मिलकर जनसमस्या को मजबूती से उठाया। उनके इन्हीं समर्पित प्रयासों और दबाव का परिणाम है कि स्वास्थ्य विभाग ने मामले को पूरी गंभीरता से लेते हुए पद सृजन व संचालन की कार्यवाही को गति दे दी है।

पत्रकार वार्ता के दौरान स्वास्थ्य केंद्र के कार्य का श्रेय लेने की होड़ पर पूछे गए प्रश्न पर मोंटी ने दो टूक शब्दों में कहा कि क्षेत्र की प्रबुद्ध जनता सब देख रही है। जनता भली-भांति जानती है कि धरातल पर पसीना किसने बहाया है और चुनाव नजदीक आते ही केवल श्रेय की राजनीति करने कौन सामने आ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी राजनीति केवल जनता की सेवा और स्व. पिता के अधूरे विकास कार्यों को पूरा करने तक सीमित है, न कि झूठी वाहवाही लूटने के लिए।

मोंटी की इस सक्रिय पहल से भगवानपुर-चंदनपुर सहित आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीणों को अब छोटी-छोटी बीमारियों व प्राथमिक उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। स्थानीय लोगों व समर्थकों ने मोंटी के इस जनहितैषी प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा है कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्यों को नई दिशा मिल रही है। विभाग द्वारा औपचारिक पदस्थापना पूर्ण होते ही इस केंद्र का विधिवत लाभ आमजन को मिलने लगेगा।

ग्रामीण तहकीकात/ संवाददाता

नारसन। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नारसन में लंबे समय से लंबित प्रोत्साहन राशि का भुगतान न होने से दर्जनों आशा कार्यकत्रियों ने सोमवार को अस्पताल परिसर में कार्य बहिष्कार कर धरना शुरू कर दिया और स्वास्थ्य विभाग के स्थानीय प्रबंधन के खिलाफ जमकर रोष जताया; आंदोलनकारी आशा कार्यकत्रियों का आरोप है कि वे परिवार नियोजन, टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य अभियानों के सफल क्रियान्वयन में रात-दिन अपनी जिम्मेदारी निष्ठापूर्वक निभा रही हैं, लेकिन सीएचसी प्रशासन व संबंधित विभागीय अधिकारियों की कथित लापरवाही व उदासीनता के चलते उन्हें महीनों से मानदेय एवं प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं किया गया है, जिसके कारण उनके परिवारों के समक्ष गंभीर आर्थिक तंगी खड़ी हो गई है; आशा कार्यकत्रियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि विभागीय स्तर पर बार-बार मौखिक व लिखित गुहार लगाने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया और जब तक पूरी लंबित राशि का भुगतान नहीं हो जाता, तब तक उनका यह आंदोलन जारी रहेगा; धरने की जानकारी मिलते ही आजाद समाज पार्टी (आसपा) के नेता महक सिंह भी कार्यकर्ताओं के साथ सीएचसी परिसर पहुंचे और आशा कार्यकत्रियों की समस्याओं को सुनते हुए उनकी जायज मांगों को अपना खुला समर्थन दिया, साथ ही आरोप लगाया कि अग्रिम पंक्ति में स्वास्थ्य सेवाएं देने वाली महिला कर्मचारियों का उत्पीड़न किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि उच्चाधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर समस्या का निस्तारण नहीं किया तो वे व्यापक आंदोलन छेड़ने को बाध्य होंगे; वहीं दूसरी ओर पूरे मामले में अस्पताल प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि आंदोलनरत आशा कार्यकत्रियों के आरोपों व धरने को लेकर जब मीडियाकर्मियों ने सीएचसी की चिकित्सा अधीक्षक से उनका आधिकारिक पक्ष जानने का प्रयास किया तो वह जवाब देने से कतराती रहीं और कैमरे के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करने से पूरी तरह बचती नजर आईं, जिससे विभागीय पारदर्शिता को लेकर कई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

ग्रामीण तहकीकात 

मंगलौर। कोतवाली मंगलौर पुलिस ने घर से नाराज होकर लापता हुई दो नाबालिग बालिकाओं को अथक प्रयासों के बाद जम्मू-कश्मीर के कटरा से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया है; बच्चियों को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े और उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया;

पुलिस के अनुसार 25 अगस्त को मंगलौर निवासी शरीफ ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री और उसकी 16 वर्षीय सहेली 24 अगस्त को स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं; पुलिस ने तत्काल अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया; मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मंगलौर भगवान सिंह मेहर ने उप-निरीक्षक नितिन बिष्ट के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की;

गठित टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से हरिद्वार, देहरादून, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली और दिल्ली के बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों व धर्मशालाओं के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली; इस दौरान लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस को चंडीगढ़ होते हुए जम्मू-कश्मीर का सुराग मिला; इसके बाद मंगलौर पुलिस टीम ने कटरा (जम्मू-कश्मीर) में डेरा डालकर लगातार खोजबीन की और दोनों बालिकाओं को सुरक्षित बरामद कर लिया; पूछताछ में सामने आया कि दोनों लड़कियां घरेलू बात पर नाराज होकर घर से निकल गई थीं; पुलिस टीम में उप-निरीक्षक नितिन बिष्ट, कांस्टेबल उत्तम, कांस्टेबल विनोद तथा सीआईयू रुड़की से कांस्टेबल महिपाल शामिल रहे।