ग्रामीण तहकीकात / नवीन कुमार
रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की (आईआईटी रुड़की) का वार्षिक दीक्षांत समारोह 19 और 20 सितंबर को संस्थान परिसर में आयोजित किया जाएगा; जिसमें कुल 2,701 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी; संस्थान के जेम्स थॉमसन बिल्डिंग स्थित सीनेट हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता में निदेशक प्रो. के.के. पंत ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की; उन्होंने बताया कि इस दो दिवसीय दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता पूर्व सॉलिसिटर जनरल ऑफ इंडिया एवं बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष हरीश साल्वे करेंगे।

निदेशक प्रो. के.के. पंत ने बताया कि समारोह का पहला दिन (19 सितंबर) स्नातक (यूजी) विद्यार्थियों को समर्पित रहेगा, जिसमें देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित कुमार डोभाल मुख्य अतिथि तथा चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) एवं सैन्य मामलों के विभाग के सचिव जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल होकर विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे; वहीं समारोह के दूसरे दिन (20 सितंबर) स्नातकोत्तर (पीजी) और पीएचडी शोधार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी; इस सत्र के मुख्य अतिथि हीरो मोटोकॉर्प के सीईओ हर्षवर्धन चितले और विशिष्ट अतिथि ऑयलमैक्स एनर्जी के संस्थापक व प्रबंध निदेशक डॉ. कपिल गर्ग रहेंगे।
निदेशक ने कहा कि यह अवसर केवल उपाधियां प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के नवाचार, शोध और समाज सेवा के प्रति समर्पण का उत्सव है; इस दौरान उप निदेशक प्रो. प्रवीण कुमार एवं डीन ऑफ एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एन.के. नवानी ने भी अपने विचार रखे और विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना की; उन्होंने जानकारी दी कि जो लोग व्यक्तिगत रूप से कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सकेंगे, उनके लिए संस्थान के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर इसका सीधा प्रसारण किया जाएगा; प्रेस वार्ता के अंत में कार्यक्रम से संबंधित एक प्रचार वीडियो भी जारी किया गया।

