
• पुलिस वाहन के करीब से और ई-रिक्शा की भीड़ के बीच बेरोकटोक गुजर रहे बिना नंबर प्लेट के भारी डंपर
• एआरटीओ प्रशासन ने प्रवर्तन विंग का मामला बताकर झाड़ा पल्ला, वहीं एआरटीओ प्रवर्तन ने दिया इंटरसेप्टर टीम लगाकर कार्रवाई का आश्वासन
मंगलौर (ग्रामीण तहकीकात ब्यूरो)। मंगलौर-लंढौरा मुख्य मार्ग से लेकर मंगलौर राष्ट्रीय राजमार्ग (अब्दुल कलाम चौक से भगवानपुर मार्ग) तक बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहे मिट्टी से भरे ओवरलोड डंपरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रशासनिक अनदेखी के चलते आज भी व्यस्ततम बाजारों और संकरी सड़कों पर ई-रिक्शा तथा दोपहिया वाहनों की भारी भीड़ के बीच ये भारी-भरकम डंपर बेखौफ फर्राटा भरते नजर आए। हैरानी की बात यह है कि मुख्य तिराहे पर पुलिस चेक पोस्ट होने और सड़क पर पुलिस की गश्ती गाड़ी के ठीक करीब से गुजरने के बावजूद इन वाहनों पर कोई रोक-टोक नहीं लग पा रही है।
धूल के गुबार और तेज रफ्तार से हर पल मंडरा रहा हादसे का खतरा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लंढौरा व गोपालपुर क्षेत्र की ओर से मिट्टी लादकर भगवानपुर व तांसीपुर की तरफ जा रहे इन ओवरलोड डंपरों को न तो तिरपाल से ढका जाता है और न ही इनकी गति पर कोई नियंत्रण है। सड़क पर दौड़ते समय इनसे उड़ने वाली धूल के कारण पीछे चल रहे दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और पैदल राहगीरों को आगे कुछ भी दिखाई नहीं देता। वाहनों के पीछे नंबर प्लेट न होने के कारण यदि कोई अनहोनी घटित हो जाए, तो वाहन की पहचान करना भी मुश्किल होगा। हाल ही में देहरादून में हुए भीषण सड़क हादसे का हवाला देते हुए स्थानीय व्यापारी राकेश कुमार, दैनिक राहगीर मोहित शर्मा और निवासी जावेद अहमद सहित अन्य नागरिकों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
एआरटीओ प्रशासन ने प्रवर्तन विंग का मामला बताकर दी सफाई
इस गंभीर जनहित के मुद्दे पर जब ‘ग्रामीण तहकीकात’ के संवाददाता ने एआरटीओ (प्रशासन) जितेंद्र चंद से दूरभाष पर संपर्क किया, तो उन्होंने इसे प्रवर्तन विंग के अधिकार क्षेत्र का मामला बताया।
“मेरा कार्य कार्यालय में वाहनों के रजिस्ट्रेशन और ट्रांसफर से संबंधित है। सड़क पर दौड़ रहे बिना नंबर प्लेट या ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई करना एआरटीओ (प्रवर्तन) की जिम्मेदारी है।”— जितेंद्र चंद, एआरटीओ (प्रशासन)
एआरटीओ प्रवर्तन ने दिया सख्त कार्रवाई का आश्वासन
इसके पश्चात संवाददाता ने एआरटीओ (प्रवर्तन) कृष्ण पलड़िया से दूरभाष पर संपर्क कर पूरे मामले और रूट की जानकारी दी। जिस पर उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
“मंगलौर क्षेत्र में हमारी एक टीम तैनात रहती है, जिसे तत्काल निर्देशित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त कार्यालय आदेश जारी कर इंटरसेप्टर टीम को भी लगाया जाएगा और बिना नंबर प्लेट व ओवरलोडिंग कर रहे डंपरों के खिलाफ सख्त प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।“— कृष्ण पलड़िया, एआरटीओ (प्रवर्तन)
खनन विभाग से संपर्क का प्रयास जारी
वहीं, इस प्रकरण में संबंधित खनन अधिकारी से भी पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क स्थापित नहीं हो सका। जैसे ही खनन अधिकारी का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होता है, उसे ‘ग्रामीण तहकीकात’ के आगामी अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

