ग्रामीण तहकीकात ऐप इंस्टॉल करने के लिए यहाँ क्लिक करें 📲

मिर्जापुर

 

ग्रामीण तहकीकात/नीरज धीमान

 सहारनपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के मद्देनजर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत थाना मिर्जापुर की एंटी रोमियो टीम ने आलमपुर तिराहे स्थित बस स्टैंड के पास कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवकों पर सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति अश्लील टिप्पणी करने का आरोप है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने कादिर पुत्र कुर्बान और हादीन पुत्र सलीम, निवासी ग्राम आलमपुर, थाना मिर्जापुर, जनपद सहारनपुर को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, इस संबंध में थाना मिर्जापुर में मुकदमा अपराध संख्या 358/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 में मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद दोनों को उपजिलाधिकारी के समक्ष पेश किए जाने की जानकारी दी गई है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए क्षेत्र में अभियान और चेकिंग जारी रहेगी।

 

ग्रामीण तहकीकात/हीना कौसर 

मिर्जापुर। मिर्जापुर में बजरंग अखाड़ा के तत्वावधान में आयोजित अखाड़ा प्रतियोगिता में बजरडीहा, वाराणसी की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम के अध्यक्ष इकबाल अहमद खलीफा के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अखाड़ा कला, शारीरिक कौशल और अनुशासन का प्रदर्शन किया। टीम से मिली जानकारी के अनुसार, बजरडीहा की टीम ने लगातार तीसरी बार प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि से खिलाड़ियों और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। प्रतियोगिता में विभिन्न समुदायों के खिलाड़ियों की सहभागिता को सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे के उदाहरण के रूप में भी देखा गया। इस अवसर पर वाराणसी के पूर्व मीडिया प्रभारी मोहम्मद वसीम ने प्रदेश के खेल मंत्री से पारंपरिक अखाड़ा कला के संरक्षण और विकास के लिए विशेष पहल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस कला से जुड़े खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, खेल सुविधाएं, आर्थिक सहयोग और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए, ताकि उन्हें आगे बढ़ने का मंच मिल सके। वहीं, एडवोकेट प्रदीप कुमार ने अखाड़ा कला को आत्मरक्षा, शारीरिक विकास और अनुशासन से जुड़ी पारंपरिक विधा बताते हुए इसके सकारात्मक उपयोग और प्रशिक्षण को बढ़ावा देने की बात कही। प्रतियोगिता में बजरडीहा वाराणसी की ओर से इम्तियाज अहमद गामा, मोहम्मद वसीम, मोहम्मद मोहसिन, एजाज अहमद, जावेद अहमद, शोएब, रेहान, इरफान, रजा, अशरफ अली, मोहम्मद फैज, मोहम्मद तसलीम और मोहम्मद शमीम सहित अन्य खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। टीम की इस उपलब्धि को खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अभ्यास और सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया।