ग्रामीण तहकीकात/नीरज धीमान
सहारनपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के मद्देनजर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत थाना मिर्जापुर की एंटी रोमियो टीम ने आलमपुर तिराहे स्थित बस स्टैंड के पास कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवकों पर सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति अश्लील टिप्पणी करने का आरोप है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने कादिर पुत्र कुर्बान और हादीन पुत्र सलीम, निवासी ग्राम आलमपुर, थाना मिर्जापुर, जनपद सहारनपुर को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, इस संबंध में थाना मिर्जापुर में मुकदमा अपराध संख्या 358/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 में मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद दोनों को उपजिलाधिकारी के समक्ष पेश किए जाने की जानकारी दी गई है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए क्षेत्र में अभियान और चेकिंग जारी रहेगी।
