ग्रामीण तहकीकात संवाददाता
मंगलौर। कस्बे के एक निजी रेस्टोरेंट में नारसन ब्लॉक के ग्राम प्रधानों द्वारा मंगलौर प्रेस क्लब (रजि.) की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के सम्मान में एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पदाधिकारियों को पटका पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। भाजपा किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष अक्षय प्रधान के संयोजन एवं वरिष्ठ पत्रकार अमजद उस्मानी की अध्यक्षता में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रेस क्लब के महासचिव अनिल सैनी ने किया। इस दौरान उपस्थित पत्रकारों एवं अतिथियों को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पत्रकार मनोज शर्मा ने कहा कि पहले के दौर में साधन सीमित थे, लेकिन पत्रकारिता में जमीनी सरोकार, संवेदनशीलता और जवाबदेही बेहद गहरी हुआ करती थी, जिसे आज भी संजोए रखने की महती आवश्यकता है; वहीं अध्यक्षीय संबोधन में वरिष्ठ पत्रकार अमजद उस्मानी ने पुराने दौर के पत्रकारिता अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी सिद्धांतों और निष्पक्षता से समझौता न करना ही कलम की वास्तविक शक्ति रही है। नवनियुक्त अध्यक्ष राहुल सैनी ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि आधुनिक सूचना क्रांति और डिजिटल युग की तेज रफ्तार के बीच सत्यता, विश्वसनीयता और सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करना आज की पत्रकारिता के लिए सबसे बड़ी चुनौती और प्राथमिकता है, जिसके लिए मंगलौर प्रेस क्लब पूरी निष्ठा के साथ पत्रकारों के हितों व जनहित की आवाज को मजबूती देगा। समारोह में वरिष्ठ पत्रकार देशराज पाल, वरिष्ठ पत्रकार अनिल त्यागी, वरिष्ठ भाजपा नेता सूर्यवीर मलिक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मांगेराम गोर, उपाध्यक्ष राजेश शर्मा, सचिव नवीन कुमार, कोषाध्यक्ष श्याम सुंदर, संगठन मंत्री रोहित राणा, प्रवक्ता अनुज सैनी, सदस्य अश्वनी सैनी, सदस्य फरमान अंसारी सहित अलीम प्रधान और मुकेश सैनी प्रधान मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
