
ग्रामीण तहकीकात / नवीन कुमार
देहरादून। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं ‘सन ऑफ मल्लाह’ के नाम से लोकप्रिय नेता मुकेश सहनी के देवभूमि देहरादून आगमन पर सामाजिक न्याय पार्टी (जनादेश) की ओर से जोरदार स्वागत किया गया। राजधानी पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष पुनीत कश्यप के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर गर्मजोशी से उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर सामाजिक न्याय पार्टी (जनादेश) के प्रदेश अध्यक्ष पुनीत कश्यप ने अपने बयान में कहा, “आज देश और प्रदेश में शोषित, वंचित और पिछड़े वर्ग अपने वास्तविक हक और राजनीतिक हिस्सेदारी की लड़ाई लड़ रहे हैं। मुकेश सहनी जी ने जिस तरह निषाद, कश्यप और मल्लाह समाज के साथ-साथ हर कमजोर वर्ग को एकजुट कर उन्हें राजनीतिक पहचान दिलाने का काम किया है, वह बेहद प्रेरणादायक है। हम देवभूमि उत्तराखंड में भी सामाजिक न्याय की इस मशाल को कमजोर नहीं पड़ने देंगे। कश्यप समाज और अन्य पिछड़े वर्गों को उनका वाजिब हक, मान-सम्मान और उचित प्रतिनिधित्व दिलाना ही हमारी प्राथमिकता है। समाज के उत्थान और अधिकारों की इस लड़ाई को हम हर स्तर पर मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।”
वहीं दोनों नेताओं के बीच प्रदेश में सामाजिक न्याय के मुद्दों, पिछड़े वर्गों की समस्याओं और समाज को मुख्यधारा से जोड़ने की रणनीतियों पर भी सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ। स्वागत कार्यक्रम के दौरान अमजद अली जद्दा, अरविंद कुमार, सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि मुकेश सहनी के इस दौरे और पुनीत कश्यप के मजबूत नेतृत्व से उत्तराखंड में सामाजिक न्याय की मुहिम को और अधिक बल मिलेगा।
