ग्रामीण तहकीकात ऐप इंस्टॉल करने के लिए यहाँ क्लिक करें 📲

Day: April 8, 2026

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

झबरेड़ा। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत झबरेड़ा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के कड़े निर्देशों के अनुपालन में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने मंगलवार को ग्राम कोटवाल के समीप घेराबंदी कर स्मैक तस्करी के धंधे में संलिप्त अब्दुल कादिर पुत्र अमीर आलम, निवासी लाठरदेवा शेख को गिरफ्तार किया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 29.20 ग्राम अवैध स्मैक, नशे को तोलने में प्रयुक्त होने वाला इलेक्ट्रॉनिक तराजू और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल (UK17X6847) बरामद की है। 26 वर्षीय आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की संगीन धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस टीम ने आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी कर अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्यवाही सुनिश्चित की है। इस प्रभावी कार्यवाही से क्षेत्र के नशा तस्करों में हड़कंप व्याप्त है।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में जनपद हरिद्वार में अपराधियों और अराजक तत्वों के विरुद्ध छेड़ा गया ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान माफियाओं और कानून तोड़ने वालों के लिए काल साबित हो रहा है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 3 अप्रैल से शुरू हुए इस महाभियान की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पुलिस ने अब तक रिकॉर्ड कार्रवाई करते हुए 137 इनामी, वांछित और वारंटियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है, जबकि शांति भंग करने वाले 258 गुंडा तत्वों पर नकेल कसी गई है। एसएसपी के सख्त रुख का असर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी दिख रहा है, जहाँ व्यापक चेकिंग के दौरान मानकों की अनदेखी करने वाले 47 अवैध होटलों व पबों को पूरी तरह बंद करा दिया गया और 11 होटल स्वामियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई। अभियान के तहत अब तक 2230 लोगों का सत्यापन और 606 लोगों पर पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। एसएसपी नवनीत सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि तीर्थनगरी की मर्यादा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा; यह अभियान भविष्य में और भी अधिक आक्रामक रूप से जारी रहेगा।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

सहारनपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कुशल नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत चिलकाना पुलिस और गोकशों के बीच देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को घायल अवस्था में गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

जानकारी के अनुसार, 7/8 अप्रैल की रात थाना चिलकाना पुलिस जब बुड्ढाखेड़ा मार्ग पर गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि परागपुर-घाटहेड़ा मार्ग पर एक बाग में कुछ लोग गोकशी की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस टीम ने जब मौके पर दबिश दी, तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर जान से मारने की नियत से सीधी फायरिंग झोंक दी। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में एक गोली बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल के रास्ते फरार होने में कामयाब रहा।

पकड़े गए आरोपित की पहचान उस्मान उर्फ मानी पुत्र नानू, निवासी बुड्ढाखेड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक जीवित गोवंश, एक .315 बोर का तमंचा, कारतूस, खोखा और गोकशी के भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उस्मान थाना कुतुबशेर का हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध गोकशी, चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस सहित करीब डेढ़ दर्जन संगीन मामले दर्ज हैं। घायल बदमाश को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि फरार साथी की तलाश में कॉम्बिंग जारी है। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस साहसिक कार्यवाही से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप व्याप्त है।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देश पर नगर निगम हरिद्वार ने आज शहर को जाम और अवैध कब्जों से मुक्ति दिलाने के लिए बड़ा अभियान चलाया। दो पालियों में हुई इस कार्रवाई के दौरान सुबह सिंह द्वार से शंकर आश्रम तक सड़क घेरे खड़ी 5 अवैध ठेलियों को मौके पर ही नष्ट किया गया और 6 को जब्त कर लिया गया, साथ ही दुकानदारों को नाली से बाहर सामान न रखने की सख्त चेतावनी दी गई। दोपहर बाद ब्रह्मपुरी क्षेत्र और सरकारी महिला अस्पताल के आसपास निगम की टीम ने जेसीबी के साथ धमक दी, जहाँ नालियों और सार्वजनिक मार्गों पर किए गए 20 से अधिक अवैध निर्माणों को ढहा दिया गया। इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित 4 खोखों और 10 ठेलियों को भी नष्ट कर मार्ग पूरी तरह साफ कराया गया। उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा सहित पुलिस बल मौजूद रहा; निगम प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था बिगाड़ने वाले अतिक्रमणकारियों के खिलाफ यह सख्ती आगे भी जारी रहेगी।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

हरिद्वार। आगामी चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है, जिसके तहत बुधवार को राष्ट्रीय और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA व USDMA) के तत्वावधान में हरिद्वार आपदा कंट्रोल रूम में एक महत्वपूर्ण ‘टेबल टॉप एक्सरसाइज’ आयोजित की गई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में यात्रा को लेकर 26 नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो पंजीकरण, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सुचारू यातायात जैसी व्यवस्थाओं की कमान संभालेंगे। बैठक में विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में अतिवृष्टि और भूस्खलन जैसे जोखिमों को देखते हुए संसाधनों की जीआईएस मैपिंग और त्वरित राहत के लिए इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम को सक्रिय कर दिया गया है। अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान ने बताया कि तीर्थयात्रियों की सुविधा हेतु ऋषिकुल मैदान में 20 काउंटरों वाला ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र तैयार किया जा रहा है, साथ ही एनएचएआई, बीआरओ और एसडीआरएफ जैसी एजेंसियों को संवेदनशील स्थलों पर मशीनरी के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं। आपदा की स्थिति में ‘शून्य जनहानि’ के लक्ष्य को परखने के लिए आगामी 10 अप्रैल को एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा, ताकि धरातल पर सभी विभागों के समन्वय और कार्यकुशलता की वास्तविक जांच की जा सके। इस महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक में एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत सहित सेना व अर्धसैनिक बलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

रुड़की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे विशेष ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत रुड़की कोतवाली पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए चार वारंटियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुड़की के नेतृत्व में गठित अलग-अलग पुलिस टीमों ने माननीय न्यायालय से प्राप्त गैर-जमानती वारंटों की तामील करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी, जिसके परिणामस्वरूप धोखाधड़ी (420 IPC) के मामले में वांछित विकास बलिया, एनआई एक्ट की धारा 138 के आरोपी नरेंद्र सिंह, और मारपीट व गाली-गलौज (323, 504, 506 IPC) के मामलों में फरार चल रहे मोहित व राहुल को उनके ठिकानों से दबोच लिया गया। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, सुभाष चंद्र जगमोला, कांस्टेबल अनिल शर्मा, रणवीर सिंह और शूरवीर शामिल रहे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले और न्यायालय की प्रक्रिया से बचने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ऐसी कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।

 

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

झबरेड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में वांछित अपराधियों और वारंटियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत झबरेड़ा पुलिस ने प्रभावी कार्यवाही करते हुए एक वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। बुधवार को थाना झबरेड़ा पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और सटीक घेराबंदी के आधार पर ग्राम पावटी मानकपुर में दबिश देकर सवर सिंह पुत्र जयपाल को उसके मस्कन (निवास स्थान) से हिरासत में लिया, जिसके विरुद्ध माननीय न्यायालय द्वारा लंबे समय से वारंट जारी किया गया था। उपनिरीक्षक जय सिंह राणा और होमगार्ड अंकित कुमार की टीम ने आरोपित को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूरी की है, जिसे अब माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र में कानूनी प्रक्रिया से बच रहे अपराधियों में हड़कंप व्याप्त है।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के कुशल निर्देशन और नोडल अधिकारी एएचटीयू सुश्री निशा यादव के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन स्माइल 2026’ के तहत हरिद्वार पुलिस को एक बड़ी मानवीय सफलता हाथ लगी है। अभियान के क्रम में आज गंगनहर कोतवाली (रुड़की) क्षेत्र के बाजार में भटकते और रोते हुए मिले 11 वर्षीय बालक साद को पुलिस टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र रमोला के नेतृत्व में एडिशनल एसआई गजपाल राम, हेड कांस्टेबल ओमेश कुमार, कांस्टेबल मुकेश कुमार, कांस्टेबल बृजेश यादव और महिला कांस्टेबल कविता की टीम ने जब बालक की काउंसलिंग की, तो पता चला कि वह पठानपुरा मंगलौर का निवासी है और उसे कल ही नन्हेड़ा के एक मदरसे में दाखिल कराया गया था, जहां से वह रास्ता भटक गया था। बालक के लापता होने से हताश पिता अरशद और अन्य परिजनों को जब पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद ढूंढ निकाला और सुरक्षित बालक को उनके हवाले किया, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों ने नम आंखों के साथ उत्तराखंड पुलिस की तत्परता और ‘ऑपरेशन स्माइल’ टीम का आभार व्यक्त किया, जिसने महज कुछ घंटों के भीतर गुमशुदा मासूम को उसके घर तक पहुँचाया।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

मनाली। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी मनाली की प्राकृतिक सुंदरता को बिगाड़ने वाले लापरवाह सैलानियों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है, जिसकी एक बानगी तब देखने को मिली जब पंजाब से आए एक पर्यटक को सड़क पर कूड़ा फेंकना भारी पड़ गया। दरअसल, अपनी गाड़ी से यात्रा के दौरान इस सैलानी ने जैसे ही कचरा बाहर फेंका, पीछे से आ रहे एसडीएम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया और बीच सड़क पर ही गाड़ी रुकवाकर न केवल जमकर फटकार लगाई, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक होने का कड़ा पाठ भी पढ़ाया। मौके पर सैलानी द्वारा माफी मांगने और अधिकारी की इस त्वरित कार्रवाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे स्थानीय जनता और पर्यावरण प्रेमियों का भारी समर्थन मिल रहा है। विशेषज्ञों और जागरूक नागरिकों का मानना है कि पहाड़ों की पारिस्थितिकी को बचाने के लिए ऐसी सख्ती अनिवार्य है, ताकि देश-दुनिया से आने वाले पर्यटक देवभूमि की मर्यादा और स्वच्छता का सम्मान करें।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

हरिद्वार। जनपद की महिलाओं को आत्मनिर्भरता की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की विशेष पहल पर आयोजित तीन दिवसीय ‘क्लाउड किचन’ प्रशिक्षण शिविर का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। पंजाब नेशनल बैंक के सीएसआर सहयोग और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के दूसरे चरण में जिले के विभिन्न विकास खंडों की 30 महिलाओं को आधुनिक रसोई प्रबंधन और डिजिटल मार्केटिंग के गुर सिखाए गए, जिसके बाद जिलाधिकारी ने उन्हें प्रमाण पत्र वितरित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हरिद्वार जैसे धार्मिक स्थल पर सात्विक और घर जैसे खाने की भारी मांग है, जिसे पूरा करने के लिए महिलाएं सोशल मीडिया और जोमैटो-स्विग्गी जैसे प्लेटफॉर्म का सहारा लेकर अपनी रसोई को एक सशक्त बिजनेस मॉडल में बदल सकती हैं। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने जानकारी दी कि पहले चरण की 25 महिलाएं ‘गंगा रसोई’ के नाम से सफलतापूर्वक कार्य कर रही हैं और अब इस नई खेप के तैयार होने से औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत कामगारों को शुद्ध भोजन मिल सकेगा, जिससे ग्रामीण आर्थिकी को एक नई दिशा प्राप्त होगी।