ग्रामीण तहकीकात ऐप इंस्टॉल करने के लिए यहाँ क्लिक करें 📲

Day: April 4, 2026

 

संवाददाता: अमित नौटियाल

देहरादून। जनपद में आमजन की सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देशन में दून पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। अपराधियों और संदिग्ध तत्वों पर नकेल कसने के उद्देश्य से जिले के सभी थाना क्षेत्रों में दिन और रात का सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।

आज सुबह से ही सभी थाना क्षेत्रों के सार्वजनिक स्थानों और पार्कों के आसपास गौरा पुलिस टीम और यातायात पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। चेकिंग अभियान के दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले नागरिकों और अपने काम पर जाने वाले व्यक्तियों से पुलिस ने सीधा संवाद किया। पुलिसकर्मियों ने आमजन को विश्वास दिलाया कि खाकी सदैव उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर है।

अभियान के दौरान अनावश्यक और संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों को रोककर उनसे पूछताछ की गई और उनके पहचान पत्रों की जांच की गई। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने सख्त लहजे में सभी अधीनस्थों को निर्देशित किया है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद देहरादून में यह सघन चेकिंग अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा ताकि कानून का शासन और मजबूत हो सके।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

 

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों और नगर आयुक्त नंदन कुमार के कुशल मार्गदर्शन में शनिवार को नगर निगम हरिद्वार की टीम ने पुलिस विभाग के साथ मिलकर हरिलोक क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ ‘प्रहार’ किया। सार्वजनिक सड़कों को कब्जा मुक्त कराने के उद्देश्य से यह बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई।

उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड संख्या 60 स्थित हरिलोक सब्जी मंडी के निकट मुख्य सड़क पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध यह संयुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क घेरकर खड़ी की गई लगभग 50 ठेली-फेरी वालों के अवैध कब्जों को मौके से हटाया गया। नियमों की अनदेखी करने वाली 03 ठेलियों को प्रशासन द्वारा जब्त कर लिया गया है।

कार्रवाई के साथ-साथ निगम की टीम ने पूरे क्षेत्र में मुनादी कराकर सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में पुनः सड़क पर अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध भारी जुर्माना और वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील कुमार, अतिक्रमण प्रभारी आदित्य तेजेश्वर सहित नगर निगम और पुलिस की टीम मुस्तैद रही। इस कार्रवाई से क्षेत्र की सड़कों पर यातायात सुगम हुआ है और स्थानीय निवासियों ने भी प्रशासन के इस कदम की सराहना की है।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

मंगलौर।  कोतवाली के नवनियुक्त प्रभारी निरीक्षक भगवान मेहर का आज क्षेत्रीय प्रमुख समाजसेवी प्रदीप गौतम ने उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट कर और एक हरा-भरा पौधा भेंट कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान प्रदीप गौतम ने भगवान मेहर के सफल कार्यकाल की मंगलकामना करते हुए क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया।

​समाजसेवी प्रदीप गौतम ने पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल अत्यंत आवश्यक बताते हुए अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और क्षेत्र में अमन-चैन कायम रखने के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। पौधा भेंट करने के माध्यम से प्रदीप गौतम ने पर्यावरण संरक्षण का एक महत्वपूर्ण संदेश भी दिया और समाज में पुलिस के प्रति विश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने पर जोर दिया।

​स्वागत स्वीकार करते हुए नवनियुक्त कोतवाली प्रभारी भगवान मेहर ने समाजसेवी प्रदीप गौतम का आभार व्यक्त किया और अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना उनका मुख्य ध्येय है। उन्होंने यह भी कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति में समाज के प्रबुद्ध नागरिकों और समाजसेवी संगठनों का सहयोग सराहनीय और अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह भेंट पुलिस और समाज के बीच की दूरियों को कम करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है, जिससे भविष्य में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की उम्मीद जताई जा रही है। मंगलौर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जनता के सहयोग से क्षेत्र में अपराध मुक्त वातावरण तैयार किया जाएगा।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम