हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों और नगर आयुक्त नंदन कुमार के कुशल मार्गदर्शन में शनिवार को नगर निगम हरिद्वार की टीम ने पुलिस विभाग के साथ मिलकर हरिलोक क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ ‘प्रहार’ किया। सार्वजनिक सड़कों को कब्जा मुक्त कराने के उद्देश्य से यह बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई।
उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड संख्या 60 स्थित हरिलोक सब्जी मंडी के निकट मुख्य सड़क पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध यह संयुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क घेरकर खड़ी की गई लगभग 50 ठेली-फेरी वालों के अवैध कब्जों को मौके से हटाया गया। नियमों की अनदेखी करने वाली 03 ठेलियों को प्रशासन द्वारा जब्त कर लिया गया है।
कार्रवाई के साथ-साथ निगम की टीम ने पूरे क्षेत्र में मुनादी कराकर सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में पुनः सड़क पर अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध भारी जुर्माना और वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील कुमार, अतिक्रमण प्रभारी आदित्य तेजेश्वर सहित नगर निगम और पुलिस की टीम मुस्तैद रही। इस कार्रवाई से क्षेत्र की सड़कों पर यातायात सुगम हुआ है और स्थानीय निवासियों ने भी प्रशासन के इस कदम की सराहना की है।
विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम
