ग्रामीण तहकीकात संवाददाता
रुड़की/झबरेड़ा। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड के उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को रुड़की और झबरेड़ा क्षेत्र के विभिन्न थोक व फुटकर दवा प्रतिष्ठानों पर सघन औचक निरीक्षण अभियान चलाया; औषधि निरीक्षक हरीश सिंह, औषधि निरीक्षक हार्दिक भट्ट एवं औषधि निरीक्षक अमित कुमार आज़ाद की टीम ने मेडिकल स्टोरों पर औषधियों के क्रय-विक्रय अभिलेख, एक्सपायरी दवाओं के सुरक्षित निस्तारण, फार्मासिस्ट की अनिवार्य उपस्थिति तथा कोल्ड चेन दवाओं के उचित तापमान पर भंडारण की गहनता से जांच की; निरीक्षण के दौरान एनडीपीएस एक्ट एवं औषधि व सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम के तहत नशीली व साइकोट्रॉपिक दवाओं के रजिस्टर, बिल बुक और भौतिक स्टॉक का विशेष रूप से परीक्षण किया गया ताकि इन दवाओं का दुरुपयोग रोका जा सके; अधिकारियों ने मेडिकल संचालकों को बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के प्रतिबंधित दवाएं न बेचने तथा आमजन को 24 घंटे उचित मूल्य पर जीवन रक्षक दवाएं सुलभ कराने के सख्त निर्देश दिए; जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं एवं कमियां पाए जाने पर टीम ने तत्काल प्रभाव से 8 मेडिकल स्टोरों के क्रय-विक्रय पर रोक लगाते हुए उनके लाइसेंस निलंबन की संस्तुति उच्चाधिकारियों को प्रेषित की है; औषधि निरीक्षकों ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वाले दवा विक्रेताओं के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
