• रालोद नेता उबैदुर्रहमान मोंटी की निरंतर पैरवी रंग लाई; स्वास्थ्य विभाग ने प्रक्रिया की तेज, बोले— जनता जानती है किसने किया धरातल पर कार्य और कौन कर रहा श्रेय की राजनीति
ग्रामीण तहकीकात नवीन कुमार

मंगलौर। क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर-चंदनपुर में लंबे समय से संचालन की प्रतीक्षा कर रहे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को आरंभ कराने की दिशा में रालोद नेता उबैदुर्रहमान उर्फ मोंटी के निरंतर प्रयासों को बड़ी सफलता मिलती दिखाई दे रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सालय में चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती सहित संचालन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाए जाने से क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह है और ग्रामीणों को शीघ्र बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात मिलने जा रही है।
इस संबंध में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में रालोद नेता उबैदुर्रहमान उर्फ मोंटी ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भगवानपुर-चंदनपुर में स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना उनके स्वर्गीय पिता व पूर्व विधायक स्व. सरवत करीम अंसारी का सपना था। वर्ष 2012 से 2017 के कार्यकाल के दौरान उनके अथक प्रयासों से ही इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वीकृति मिली थी और अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के सहयोग से भव्य भवन का निर्माण पूरा हो सका था।
मोंटी ने कहा कि भवन निर्माण के उपरांत तकनीकी कारणों से संचालन अधर में लटका हुआ था, जिसे शुरू कराने के लिए उन्होंने जनहित को प्राथमिकता देते हुए स्वयं पूरी ताकत झोंक दी। वे लगातार शासन-प्रशासन के उच्चाधिकारियों के संपर्क में रहे, पत्राचार किया और व्यक्तिगत रूप से मिलकर जनसमस्या को मजबूती से उठाया। उनके इन्हीं समर्पित प्रयासों और दबाव का परिणाम है कि स्वास्थ्य विभाग ने मामले को पूरी गंभीरता से लेते हुए पद सृजन व संचालन की कार्यवाही को गति दे दी है।
पत्रकार वार्ता के दौरान स्वास्थ्य केंद्र के कार्य का श्रेय लेने की होड़ पर पूछे गए प्रश्न पर मोंटी ने दो टूक शब्दों में कहा कि क्षेत्र की प्रबुद्ध जनता सब देख रही है। जनता भली-भांति जानती है कि धरातल पर पसीना किसने बहाया है और चुनाव नजदीक आते ही केवल श्रेय की राजनीति करने कौन सामने आ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी राजनीति केवल जनता की सेवा और स्व. पिता के अधूरे विकास कार्यों को पूरा करने तक सीमित है, न कि झूठी वाहवाही लूटने के लिए।
मोंटी की इस सक्रिय पहल से भगवानपुर-चंदनपुर सहित आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीणों को अब छोटी-छोटी बीमारियों व प्राथमिक उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। स्थानीय लोगों व समर्थकों ने मोंटी के इस जनहितैषी प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा है कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्यों को नई दिशा मिल रही है। विभाग द्वारा औपचारिक पदस्थापना पूर्ण होते ही इस केंद्र का विधिवत लाभ आमजन को मिलने लगेगा।
