रिपोर्ट – ग्रामीण तहकीकात

हरिद्वार। एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने शुक्रवार को थाना सिडकुल का वार्षिक निरीक्षण किया। सलामी के साथ शुरू हुए इस मुआयने के दौरान कप्तान ने थाने के एक-एक कोने और अभिलेखों की गहनता से जांच की। निरीक्षण के दौरान रजिस्टरों के रखरखाव में मिली कमियों पर एसएसपी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए थानाध्यक्ष को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
अधूरे रजिस्टर देख अधिकारियों को लगाई फटकार
एसएसपी ने जब कार्यालय के महत्वपूर्ण रजिस्टरों का अवलोकन किया, तो पाया कि कई डेटा अपडेट नहीं थे। विशेषकर ‘त्योहार रजिस्टर’ में कई क्षेत्रों की प्रविष्टियां अधूरी मिलीं। इस पर कप्तान ने क्षेत्राधिकारी (CO) सदर को अपने पर्यवेक्षण में इसे पूर्ण कराने और रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यलेख में किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य होगी।
शस्त्र अभ्यास और सरकारी संपत्ति का सदुपयोग
मालखाना और शस्त्रागार के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने माल के रखरखाव पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि:
- थाने में रखी सरकारी संपत्ति का सदुपयोग हो, ताकि सामान रखे-रखे खराब न हो।
- हर तीन महीने में पुलिस लाइन आर्मरी से शस्त्रों का मिलान और सफाई कराई जाए।
- थाना स्तर पर प्रत्येक सप्ताह एक उपनिरीक्षक के नेतृत्व में सभी कर्मियों को ‘वेपन हैंडलिंग’ (शस्त्र चलाने) का अभ्यास अनिवार्य रूप से कराया जाए।
फरियादियों से ‘तू-तड़ाक’ नहीं, नम्रता से करें बात
निरीक्षण के अंत में एसएसपी ने पुलिसकर्मियों के साथ सम्मेलन किया। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और व्यवहार में सुधार लाने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा, “थाने पर आने वाला हर फरियादी मुसीबत में होता है। पुलिस का व्यवहार उनके प्रति नम्र होना चाहिए। उनकी फरियाद सुनकर विधि सम्मत त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।”
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान एसपी क्राइम निशा यादव, एसपी सिटी अभय कुमार, सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
