ग्रामीण तहकीकात संवाददाता
देहरादून। संत गुरु रविदास समरसता कार्यशाला में भाग लेने राजधानी देहरादून पहुंचे भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य और प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घड़ियाल का कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील पेगोवाल ने दोनों शीर्ष नेताओं को पटका पहनाया और संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का चित्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान सुशील पेगोवाल ने कहा कि संत रविदास जी के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को घर-घर तक पहुंचाना ही हमारी मुख्य प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के मजबूत मार्गदर्शन में पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से जुटा हुआ है, ताकि केंद्र व राज्य सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके और संगठन को गांव व बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
