ग्रामीण तहकीकात संवाददाता नारसन। विकासखंड नारसन की ग्राम पंचायत झबरेड़ी कलां में रिचा संस्था द्वारा नोकिया स्मार्टफोन परियोजना के अंतर्गत वित्तीय साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर बैंकिंग सुरक्षा, डिजिटल सेवाओं और साइबर अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक के प्रतिनिधि राकेश कुमार ने ग्रामीणों को सुरक्षित बैंकिंग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ बैंक खाता संख्या, एटीएम पिन, ओटीपी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचने के उपाय भी बताए।
रिचा संस्था के जिला समन्वयक इब्ने सऊद ने नोकिया स्मार्टफोन परियोजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संस्था ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए डिजिटल केंद्र संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि डिजिटल शिक्षा आज समय की आवश्यकता है और इसके माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी खुल रहे हैं।
कम्युनिटी मोबिलाइजर राजू पाटिल ने ग्रामीणों को डिजिटल केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न सेवाओं की जानकारी दी तथा बच्चों और युवाओं को कंप्यूटर शिक्षा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में डॉ. राजकुमार पाटिल, डॉ. वसीम चौधरी, मोहम्मद मसीहा, विनीत, रोहित पाल सोनू चौहान सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल और वित्तीय ज्ञान बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का समापन ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल सशक्तिकरण का संदेश देकर किया गया।
