ग्रामीण तहकीकात ऐप इंस्टॉल करने के लिए यहाँ क्लिक करें 📲

24 घंटे में 807 मीटर मार्ग दुरुस्त

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

हरिद्वार। चारधाम यात्रा के आगाज के साथ ही यात्रियों, स्थानीय व्यापारियों और आम जनता को आवागमन में सुगमता प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों के बाद हरिद्वार शहर में सीवरेज कार्य हेतु खोदी गई सड़कों के पुनर्निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के दृष्टिगत सड़कों की मरम्मत में कोई कोताही न बरती जाए और कार्य को दिन-रात की शिफ्टों में पूरा किया जाए।

एक दिन में 807 मीटर सड़क का कायाकल्प

परियोजना प्रबंधक (निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा, उत्तराखंड पेयजल निगम) मीनाक्षी मित्तल ने बताया कि ‘केएफडब्लयू’ वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के तहत पैकेज-01 और पैकेज-02 में युद्धस्तर पर कार्य चल रहा है। पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार, कुल 807 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है।

निर्माण कार्यों का विवरण:

  • पैकेज-01: इंडस्ट्रियल एरिया में 650 मीटर बिटुमिनस (डामर) रोड, इंटर कॉलेज रोड पर 12 मीटर सीसी रोड और शांति मार्ग पर 19 मीटर टाइल्स रोड का कार्य पूर्ण हुआ। (कुल: 681 मीटर)
  • पैकेज-02: द्वारका विहार, मोहन एन्क्लेव, शिवापुरम कॉलोनी, राज विहार फेज-2 और आशुतोष विहार जैसे रिहायशी क्षेत्रों में पावर ब्लॉक और सीसी रोड के माध्यम से कुल 126 मीटर मार्ग को ठीक किया गया।

परियोजना प्रबंधक ने विश्वास दिलाया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में सड़कों को पूर्ववत स्थिति में लाने का कार्य त्वरित गति से जारी रहेगा। सड़कों के ठीक होने से चारधाम यात्रा मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा और धूल व गड्ढों से जूझ रहे स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। प्रशासन की इस सक्रियता को यात्रा सीजन के दौरान शहर की व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।