ग्रामीण तहकीकात ऐप इंस्टॉल करने के लिए यहाँ क्लिक करें 📲

#ManglaurPolice #OperationPrahar #HaridwarNews #UttarakhandPolice #CrimeNewsHaridwar #WarrantArrested #BikeTheft #RoadSafety #GraminTahkikat

 

मंगलौर। मुख्यालय के आदेश और एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में शुरू हुए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली मंगलौर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अपराधियों के हौसले पस्त कर दिए हैं। अभियान के पहले ही चरण में मंगलौर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संयुक्त प्रहार करते हुए कुल पांच आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचाया है।

पुलिस ने अलग-अलग मोर्चों पर घेराबंदी करते हुए मारपीट और चोरी के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे तीन वारंटियों—योगेश व अंकित (निवासी लिब्बरहेडी) और सुहैल (निवासी लहबोली) को धर दबोचा। वहीं, वाहन चोरों के विरुद्ध चलाए गए चेकिंग अभियान में पुलिस टीम ने ग्राम सिख्खर निवासी निकित को बिना नंबर की चोरी की हीरो स्प्लेंडर बाइक के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

खाकी का सख्त रुख यहीं नहीं रुका; सड़क सुरक्षा को ताक पर रखकर शराब के नशे में फर्राटा भर रहे यूपी निवासी ड्राइवर विकास कुमार को भी दबोचकर उसकी कार सीज कर दी गई है। उपनिरीक्षक कमलकान्त रतूड़ी, मनोज कठैत, वीरपाल सिंह और रामबहादुर सिंह के नेतृत्व वाली इस तेजतर्रार पुलिस टीम ने स्पष्ट कर दिया है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के दौरान क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अराजकता या आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम