ग्रामीण तहकीकात संवाददाता
रुड़की। सीबीएसई बोर्ड द्वारा कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम घोषित किए जाने के बाद रुड़की क्षेत्र के मेधावी छात्रों में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस शैक्षणिक प्रतिस्पर्धा के बीच ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल रुड़की के होनहार छात्र सिद्धार्थ ने 93 प्रतिशत अंक अर्जित कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। सिद्धार्थ, रुड़की यातायात पुलिस में सेवारत सब इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार के सुपुत्र हैं। मेधावी छात्र की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार और विद्यालय का नाम रोशन किया है, बल्कि पुलिस विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों में भी हर्ष का संचार किया है। सिद्धार्थ की इस कामयाबी पर विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
परिजनों के अनुसार, सिद्धार्थ शुरू से ही पढ़ाई के प्रति समर्पित रहे हैं और उनकी इस सफलता के पीछे उनकी अनुशासित जीवनशैली व कठिन परिश्रम का बड़ा योगदान है। उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार ने बेटे की सफलता पर खुशी साझा करते हुए कहा कि एक पुलिसकर्मी के व्यस्त जीवन के बावजूद सिद्धार्थ ने अपनी पढ़ाई की जिम्मेदारी को बखूबी समझा और आज इस मुकाम तक पहुँचे। सिद्धार्थ ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों के मार्गदर्शन और माता-पिता के आशीर्वाद को दिया है। छात्र की इस शानदार परफॉर्मेंस के बाद उनके निवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। क्षेत्र के गणमान्य लोगों का कहना है कि सिद्धार्थ जैसी युवा प्रतिभाएं अन्य विद्यार्थियों के लिए भी एक मिसाल पेश करती हैं कि सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बीच भी अगर संकल्प दृढ़ हो, तो सफलता निश्चित तौर पर कदम चूमती है।
