देहरादून/नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट कर उत्तराखंड के विकास में केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन हेतु आभार प्रकट किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को उत्तराखंड आने का सादर निमंत्रण देते हुए उन्हें माँ सुरकंडा देवी की रेप्लिका, बद्री गाय का घी और राज्य के विभिन्न जनपदों के विशिष्ट उत्पाद भेंट किए।
भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुंभ-2027 के लिए 500 करोड़ रुपये की सहायता, चौरासी कुटिया के विकास हेतु 100 करोड़ की स्वीकृति और चारधाम यात्रा के लिए सुरक्षित हेली सेवाओं में सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रधानमंत्री का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।
मुख्यमंत्री ने राज्य को ‘ग्लोबल वेडिंग डेस्टिनेशन’ के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना साझा करते हुए रैपिड रेल का विस्तार ऋषिकेश तक करने का अनुरोध किया। साथ ही, उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे और टिहरी पम्प्ड स्टोरेज प्लांट जैसी बड़ी परियोजनाओं के लोकार्पण तथा पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार के शिलान्यास का प्रस्ताव भी प्रधानमंत्री के समक्ष रखा। प्रधानमंत्री ने राज्य के विकास हेतु हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है।
विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम
