हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में अवैध गतिविधियों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कड़े रुख के अनुपालन में थाना सिडकुल पुलिस ने एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर रावली महदूद के घनी आबादी वाले क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध सिलेंडरों का भंडारण बरामद किया।
पुलिस ने मौके से मुख्य आरोपी जावेद पुत्र अख्तर को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और आपूर्ति में व्यवधान की आशंका का लाभ उठाकर मोटे मुनाफे के लिए इन सिलेंडरों की कालाबाजारी करने की फिराक में था। रिहायशी इलाके में इस प्रकार का असुरक्षित भंडारण किसी बड़ी अनहोनी को दावत दे सकता था, जिसे पुलिस की सतर्कता ने समय रहते टाल दिया है।
मौके पर जिला पूर्ति अधिकारी को बुलाकर बरामदगी की वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण की गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम
