
संवाददाता ग्रामीण तहकीकात
हरिद्वार। महाकुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड सरकार एक्शन मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद शासन ने हरिद्वार के कायाकल्प के लिए 75.95 करोड़ रुपये की महत्वपूर्ण परियोजनाओं को हरी झंडी दे दी है। इसमें सबसे खास होगा अत्याधुनिक CCR-2 भवन, जिसकी छत पर हेलीपैड की सुविधा भी होगी।
CCR-2: आधुनिक तकनीक से होगी कुंभ की निगरानी
बढ़ती भीड़ और आधुनिक सुरक्षा जरूरतों को देखते हुए 50.27 करोड़ रुपये की लागत से नया कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (CCR-2) बनाया जाएगा।
- हेलीपैड की सुविधा: इस भवन की सबसे ऊपरी मंजिल पर हेलीपैड बनेगा, जिससे आपात स्थिति में रेस्क्यू और वीआईपी मूवमेंट में आसानी होगी।
- पहली किस्त जारी: सरकार ने निर्माण कार्य शुरू करने के लिए 20.11 करोड़ रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी है।
- जाम से मिलेगी मुक्ति: बनेंगे दो नए डबल लेन पुल
कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए दो नए पुलों के निर्माण को भी मंजूरी मिली है:
- सूखी नदी पर पुल: खड़खड़ी श्मशान घाट मार्ग पर 13.21 करोड़ की लागत से 44.80 मीटर लंबा डबल लेन ‘केबिल नेट आर्च’ पुल बनेगा। इससे बरसात में होने वाले हादसों पर रोक लगेगी।
- मायापुर स्कैप चैनल: दक्षद्वीप और बैरागी कैंप को जोड़ने के लिए 12.46 करोड़ की लागत से ‘बो-स्ट्रिंग स्टील गर्डर’ पुल बनेगा। इससे पार्किंग से सीधे बैरागी कैंप तक का रास्ता साफ हो जाएगा।
मेलाधिकारी के सख्त निर्देश: “काम में देरी बर्दाश्त नहीं”
मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने कार्यदायी संस्थाओं को तुरंत काम शुरू करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ से पहले गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलों के बनने के बाद उनका ‘लोड टेस्ट’ और सुरक्षा परीक्षण भी अनिवार्य रूप से किया जाएगा।
