ग्रामीण तहकीकात ऐप इंस्टॉल करने के लिए यहाँ क्लिक करें 📲

Gramin Tahkikat

 

रुड़की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा वारंटियों की शत-प्रतिशत तामीली और गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्यवाही करते हुए लंबे समय से माननीय न्यायालय से फरार चल रहे वारंटी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।

पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर आरोपी उमेश पुत्र मंगतराम (निवासी शिव शक्ति आदर्श नगर, रुड़की) को आर्य कन्या स्कूल के पास से धर दबोचा। गौरतलब है कि उक्त आरोपी के विरुद्ध न्यायालय में धारा 138 एनआई एक्ट (चेक बाउंस) के तहत वाद संख्या 1657/23 लंबित है, जिसमें वह लंबे समय से पेशी पर उपस्थित नहीं हो रहा था।

उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह नेगी और कांस्टेबल रणवीर सिंह की टीम ने आरोपी को विधिक प्रक्रिया के तहत हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश करने की तैयारी पूर्ण कर ली है। एसएसपी के कड़े निर्देशों के बाद जनपद में अपराधियों और वारंटियों के विरुद्ध पुलिस का यह अभियान लगातार जारी है।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

झबरेड़ा। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनावों की आहट के बीच झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। यहाँ आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘ईद मिलन समारोह एवं भाईचारा सम्मेलन’ ने विपक्षी दलों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। भारी जनसैलाब के बीच मुख्य अतिथि और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट रविंद्र भाटी ने एकता और आपसी सौहार्द को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताया।

मंच से सत्ताधारी भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए भाटी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता अब इन दोनों दलों के “एक ही सिक्के के दो पहलू” वाले खेल को समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब आजाद समाज पार्टी के रूप में एक मजबूत और ईमानदार विकल्प की ओर देख रही है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह द्वारा संयोजित इस कार्यक्रम में नगीना लोकसभा के ‘जीत के फॉर्मूले’ की गूँज सुनाई दी, जहाँ वक्ताओं ने दलित, पिछड़ा और मुस्लिम समाज के अटूट गठबंधन को 2027 की सत्ता परिवर्तन का मुख्य आधार बताया।

कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए भीम आर्मी के प्रदेश महासचिव सुशील पाटिल ने स्पष्ट किया कि झबरेड़ा की सड़कों पर उमड़ा यह उत्साह व्यवस्था परिवर्तन की क्रांति का संकेत है। उन्होंने कहा कि शोषित और वंचित समाज अब हवाई वादों के झांसे में आने वाला नहीं है। कार्यक्रम के दौरान विपक्षी दलों की नीतियों से असंतुष्ट दर्जनों कार्यकर्ताओं ने आज़ाद समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, जिससे पार्टी की स्थानीय इकाई को बड़ी मजबूती मिली है। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, क्षेत्रीय नेता और हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

  • सुलतानपुर साबतवली बनी टीबी मुक्त, सिल्वर मेडल जीत गाड़ा कामयाबी का लठ्ठ

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

हरिद्वार। हरिद्वार के मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में मंगलवार को ‘विश्व क्षय रोग दिवस’ के मौके पर आयोजित सम्मान समारोह में रुड़की ब्लॉक की ग्राम पंचायत सुलतानपुर साबतवली के युवा और जुझारू प्रधान श्रवण कुमार ने अपनी कामयाबी का ऐसा परचम लहराया कि पूरे जिले में उनकी चर्चा छिड़ गई है। जिले भर की पंचायतों के बीच हुई कड़ी टक्कर में श्रवण कुमार ने टॉप-5 में जगह बनाते हुए सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया और अपनी पंचायत को शत-प्रतिशत क्षय रोग (टीबी) मुक्त बनाने का गौरव दिलाया। इस शानदार उपलब्धि पर मंच से माननीय कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने श्रवण कुमार की जमकर पीठ थपथपाई और उन्हें “जिले का सबसे एक्टिव और कर्मठ युवा प्रधान” की संज्ञा देते हुए सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने श्रवण कुमार के काम करने के तरीके की मिसाल देते हुए उन्हें मंच पर अपने विचार रखने का न्योता दिया और कहा— “श्रवण कुमार जैसे जोश से भरे प्रधानों की वजह से ही आज हमारी सरकार का ‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ का सपना सच हो रहा है, इन्होंने जमीनी स्तर पर जो मेहनत की है वो काबिले तारीफ है और बाकी पंचायतों के लिए एक बड़ी सीख है।”

वहीं, हाथ में सिल्वर मेडल थामे और जीत की चमक आंखों में लिए प्रधान श्रवण कुमार ने सीडीओ साहब और कैबिनेट मंत्री का आभार जताते हुए कहा— “देखो जी, यो सम्मान सिर्फ मेरा नी, मेरी पूरी साबतवली की जनता और स्वास्थ्य कर्मियों का है। हमने तो बस एक ईंट धरी थी, पर गाँव वालों के सहयोग ने इसे महल बना दिया। हमने ठाना था कि अपणे गाँव से इस बीमारी को जड़ से उखाड़ फेंकना है और आज सीडीओ साहब और मंत्री जी ने जो मान बढ़ाया है, उससे मेरा हौसला और बढ़ गया है। मैं वादा करूँ हूँ कि गाँव की तरक्की और लोगों की सेहत के लिए मैं और मेरी टीम दिन-रात एक कर देंगे।” 100 दिवसीय इस अभियान के शुभारंभ के साथ ही श्रवण कुमार की इस उपलब्धि ने साबित कर दिया कि अगर इरादे नेक हों, तो गाँव की तस्वीर बदलना नामुमकिन नहीं है।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने आगामी माँ शाकुम्भरी देवी चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं, जिसमें श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता और सुव्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। मेले के दौरान भीड़ और यातायात प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी की कंपनियां और वॉलिंटियर्स तैनात किए गए हैं, साथ ही पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय, बैरिकेडिंग, पर्याप्त पार्किंग और एक अस्थायी अस्पताल के साथ मेला चौकी भी स्थापित की गई है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि “हर श्रद्धालु हमारे लिए वीआईपी है” और किसी भी प्रकार की अवैध वसूली या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी; किसी भी शिकायत पर तत्काल सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि भक्तों को एक सुरक्षित और सुगम दर्शन का अनुभव मिल सके।

संवाददाता ग्रामीण तहकीकात 

मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में जनपदभर में ‘मिशन शक्ति-5.0’ अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण व सुरक्षा के लिए व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। जनपद के समस्त थानों की एंटी रोमियो टीमों ने स्कूल-कॉलेजों, बाजारों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर बालिकाओं को वुमेन पावर लाइन-1090, डायल-112, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 सहित विभिन्न आपातकालीन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने पंफलेट वितरित कर निराश्रित महिला पेंशन, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ और आयुष्मान जैसी सरकारी योजनाओं के बारे में बताते हुए महिलाओं को स्वावलंबी बनने के लिए प्रेरित किया। शासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा और सम्मान का वातावरण बनाना है, ताकि वे किसी भी विषम परिस्थिति में पुलिस सहायता प्राप्त करने के साथ-साथ अपने अधिकारों के प्रति सजग रह सकें।