ग्रामीण तहकीकात ऐप इंस्टॉल करने के लिए यहाँ क्लिक करें 📲

Month: March 2026

 

सिडकुल। हरिद्वार पुलिस ने न्यायालय की आंखों में धूल झोंककर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमानत दिलाने वाले एक शातिर पेशेवर गैंग के नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए मास्टरमाइंड सरफराज और उसके सहयोगी सतीश को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। विदित हो कि सीजेएम कोर्ट रोशनाबाद में झूठे शपथपत्र और फर्जी जमानतियों के खेल का संज्ञान लेते हुए थाना सिडकुल पुलिस ने बीते दिनों तीन आरोपियों को जेल भेजा था, जिसके बाद इस गिरोह की कुंडली खंगालते हुए पुलिस ने आज कथित सरगना सरफराज (निवासी ज्वालापुर) और सतीश (निवासी पथरी) को दबोच लिया। विवेचना में यह सनसनीखेज तथ्य सामने आया है कि मुख्य आरोपी सरफराज ने सतीश के साथ मिलकर न्यायालय में प्रचलित एक मुकदमे में जमीन के उन कागजातों का उपयोग कर जमानत ली थी, जिनका वास्तविक स्वामी कोई और था और उसे इस फर्जीवाड़े की कानों-कान खबर तक नहीं थी। मास्टरमाइंड सरफराज दस्तावेजों में हेरफेर कर ‘नाम एक पर चेहरा और मालिकाना हक अलग’ की तर्ज पर जमानत का काला कारोबार संचालित कर रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और पूर्व में जेल भेजे गए सदस्यों के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों को माननीय न्यायालय के सम्मुख पेश कर कठोर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है, जिससे पेशेवर जमानतियों के सिंडिकेट में हड़कंप मचा हुआ है।

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

पथरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के जन-केंद्रित निर्देशों के अनुपालन में थाना पथरी पुलिस ने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता प्रकट करते हुए एक विशेष संपर्क अभियान चलाया है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने ग्राम दिनारपुर स्थित वृद्धाश्रम और क्षेत्र के विभिन्न घरों में पहुँचकर बुजुर्गों का हाल-चाल जाना और उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना। थाना पथरी पुलिस ने आश्रम संचालकों और निवासियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी सुरक्षा, अनिवार्य चिकित्सकीय सुविधाओं और वृद्धावस्था पेंशन संबंधी स्थिति का जायजा लिया, साथ ही उन्हें शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की। किसी भी आपात स्थिति या समस्या के तत्काल समाधान हेतु पुलिस ने बुजुर्गों के साथ 112 कंट्रोल रूम, थाना हाजा और संबंधित बीट कांस्टेबल के संपर्क नंबर साझा किए। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्रीय नागरिकों से भी बुजुर्गों के सम्मान और समय पर उनकी सहायता सुनिश्चित करने की भावुक अपील की है, जिससे समाज में खाकी का एक मानवीय और विश्वसनीय चेहरा उभरकर सामने आया है।

अरुण कश्यप बने प्रदेश अध्यक्ष, नवीन कुमार को महासचिव की कमान

देहरादून। देश के प्रतिष्ठित पत्रकार संगठन ‘भारतीय पत्रकार यूनियन (रजि.)’ के राष्ट्रीय नेतृत्व ने देवभूमि उत्तराखंड में संगठन की जड़ों को अभूतपूर्व मजबूती देने और पत्रकार हितों के संरक्षण हेतु अपनी प्रदेश कार्यकारिणी का विधिवत पुनर्गठन किया है। देहरादून में राष्ट्रीय नेतृत्व की उपस्थिति में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान अनुभवी पत्रकारों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

📍 राष्ट्रीय नेतृत्व की मौजूदगी में हुआ विस्तार

​राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जोशी के दिशा-निर्देशानुसार प्रदेश कार्यकारिणी को बहाल करते हुए नए सिरे से गठित किया गया। जारी की गई नवीन सूची के तहत संगठन ने प्रखर और सक्रिय पत्रकारों को प्राथमिकता दी है।

📋 नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी की सूची:

  • प्रदेश अध्यक्ष: अरुण कश्यप (पायनियर – अंग्रेजी) — इन्हें उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के प्रभारी की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
  • प्रदेश महासचिव: नवीन कुमार (संपादक, दैनिक ग्रामीण तहकीकात)
  • प्रदेश उपाध्यक्ष: सत्यपाल सैनी (अमर उजाला)
  • प्रदेश सचिव: सोनू उनियाल (पायनियर – हिन्दी)
  • प्रदेश सचिव (महिला प्रकोष्ठ): दिशा शर्मा (आज)
  • मंडल प्रभारी (गढ़वाल): श्याम सुन्दर (न्यूज 27 टीवी चैनल) — साथ ही नगर अध्यक्ष, मंगलौर।
  • प्रदेश संरक्षक: जसवीर सैनी (हिन्दुस्तान) — साथ ही नगर अध्यक्ष, झबरेड़ा।
  • प्रदेश सलाहकार: अश्वनी सैनी (दैनिक जागरण) — साथ ही नगर महासचिव, झबरेड़ा।
  • प्रदेश सलाहकार: प्रिंस शर्मा (हिन्दुस्तान समाचार) — साथ ही नगर अध्यक्ष, रुड़की।

 

🛡️ “उत्पीड़न के खिलाफ चट्टान की तरह रहेंगे अडिग”

​वरिष्ठ पत्रकार अकरम अली की गरिमामयी उपस्थिति में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अरुण कश्यप और प्रदेश महासचिव नवीन कुमार ने पत्रकारों के उत्पीड़न के विरुद्ध चट्टान की तरह अडिग रहने का संकल्प दोहराया। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसके उपरांत प्रत्येक जनपद में जिला इकाइयों का गठन कर पत्रकारों के मान-सम्मान की लड़ाई को और अधिक धार दी जाएगी।

​राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जोशी ने नवनियुक्त कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का आह्वान किया।

 

मंगलौर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली मंगलौर पुलिस ने एक शातिर वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। ग्राम गदरजुड्डा निवासी संदीप कुमार पुत्र तेल्लू राम, जो चेक बाउंस के मामले में माननीय न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट के बावजूद लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, आखिरकार पुलिस के जाल में फंस ही गया। प्रभारी निरीक्षक के कुशल नेतृत्व में गठित अ0उ0नि0 देवेन्द्र और कानि0 मनोज वर्मा व रोशन की टीम ने सोमवार तड़के मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि अपराध करने के बाद माननीय न्यायालय की कार्यवाही से बचने वाले और फरार रहने वाले वारंटियों के खिलाफ गिरफ्तारी का यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

 

रुड़की। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए पिछले 13 वर्षों से कानून की पकड़ से दूर चल रहे एक शातिर वारंटी को हरियाणा के सिरसा से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी एक दशक से अधिक समय से अपनी पहचान छिपाकर पुलिस को चकमा दे रहा था, जिसे अब सलाखों के पीछे पहुँचाने की तैयारी कर ली गई है।

एसएसपी के विशेष अभियान के तहत कार्रवाई

एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा जनपद में अपराधियों और लंबे समय से फरार वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष धरपकड़ अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। गंगनहर पुलिस की टीम को सटीक सूचना मिली थी कि आरोपी अपने मूल ठिकाने को बदलकर हरियाणा में शरण लिए हुए है। सूचना की तस्दीक होने पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी पंकज शर्मा (42 वर्ष) पुत्र राजकुमार शर्मा को उसके वर्तमान निवास से धर दबोचा।

2013 से था फरार: सड़क दुर्घटना का था मामला

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पंकज शर्मा वर्ष 2013 से धारा 279 और 304ए जैसे गंभीर सड़क दुर्घटना के मामले में वांछित था। कोर्ट की ओर से बार-बार गैर-जमानती वारंट जारी होने के बावजूद वह पेश नहीं हो रहा था और लगातार फरार चल रहा था।

टीम की सक्रियता से मिली सफलता

इस गिरफ्तारी अभियान में अ0उ0नि0 प्रवीण कुमार और हे0का0 बाबू राम की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अब न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में लंबे समय से बच रहे अन्य वारंटियों और अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।

 

हरिद्वार। परिवहन विभाग और हीरो मोटोकॉर्प के ‘राइड सेफ इंडिया’ कार्यक्रम के तहत मंगलवार को हरिद्वार में “सुरक्षित साथी” प्रशिक्षण शिविर का भव्य आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री प्रदीप बत्रा ने दो-टूक कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग मौत को बुलावा देने जैसा है; उन्होंने अपील की कि तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग से बचकर ही सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम कसी जा सकती है। उन्होंने ‘गोल्डन ऑवर’ के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि हादसे में घायल व्यक्ति की मदद करना किसी पुण्य से कम नहीं है, इसलिए डरें नहीं और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाकर इंसानियत का फर्ज निभाएं। इस दौरान डिलीवरी पार्टनर्स और ड्राइवर्स सहित करीब 500 प्रतिभागियों को सुरक्षित ड्राइविंग और प्राथमिक उपचार की ट्रेनिंग दी गई, साथ ही मंत्री जी ने ‘सुरक्षित साथी’ किट और हेलमेट भी वितरित किए। एडीएम पी.आर. चौहान और आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने भी यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई। इस मौके पर संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव मेहरा, आरटीओ संदीप सैनी, एआरटीओ नेहा झा, रश्मि सैनी, जितेंद्र चंद और निखिल शर्मा सहित विभाग के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।

 

हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए मेला प्रशासन ने धरातल पर मोर्चा संभाल लिया है। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देशों के अनुपालन में उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह ने मंगलवार को भूपतवाला क्षेत्र का तूफानी दौरा कर जल संस्थान द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पावनधाम के सामने निर्माणाधीन ट्यूबवेल, श्यामीलोक कॉलोनी और प्राथमिक विद्यालय के समीप चल रहे बोरिंग कार्यों की प्रगति जांची और अधिकारियों को दो-टूक कहा कि गुणवत्ता के मानकों से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उप मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन में श्रद्धालुओं के लिए निर्बाध पेयजल आपूर्ति सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है, इसलिए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं। इस मौके पर तकनीकी शाखा के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल और जल संस्थान के सहायक अभियंता राकेश बमराड़ा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें कार्यदायी संस्थाओं पर पैनी नजर रखने और तकनीकी मानकों का सख्ती से पालन करने के कड़े निर्देश दिए गए।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

हरिद्वार। विश्व जल दिवस 2026 के उपलक्ष्य में जिला आपदा प्रबंधन सभागार में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान समाज में स्वच्छता और जल संरक्षण की अलख जगाने वाले जांबाजों को सम्मानित किया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि आईटीसी ‘मिशन सुनहरा कल’ और श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में शिवालिक नगर पालिका क्षेत्र की मोहल्ला समितियों, स्वच्छ दूतों और विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सराहा गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मौजूद शिवालिक नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एवं स्वच्छता नोडल अधिकारी चंद्रकांतमणि त्रिपाठी ने स्वच्छता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों पर जोर देते हुए कहा कि आईटीसी मिशन सुनहरा कल द्वारा शिक्षा और सफाई के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने जल की हर बूंद को बचाने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई, साथ ही बेहतर कार्य करने वाले सफाई कर्मियों और जागरूक छात्रों का उत्साहवर्धन किया गया।

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

धनौरी। हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित मंगलवार को धनौरी स्थित हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज पहुंचे, जहाँ उन्होंने एक कड़क शिक्षक की भूमिका निभाते हुए ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं का भविष्य संवारने के लिए उनका मार्गदर्शन किया। महाविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग और सांस्कृतिक समिति द्वारा आयोजित ‘प्रशासनिक सेवा प्रेरणा’ कार्यशाला में डीएम ने युवाओं को सीधा संदेश दिया कि जीवन में लक्ष्य तय कर उसे पाने के लिए ईमानदारी और निरंतर प्रयास ही एकमात्र रास्ता है। छात्र-छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्होंने अपने निजी जीवन का उदाहरण दिया और बताया कि उन्होंने स्वयं एमबीए करने के बाद सही दिशा में मेहनत कर प्रशासनिक सेवा में मुकाम हासिल किया। जिलाधिकारी ने युवाओं को आज की सबसे बड़ी ‘बीमारी’ मोबाइल के बढ़ते उपयोग और नशे की लत से बचने की कड़ी सलाह देते हुए कहा कि जो लोग आपका समय बर्बाद करते हैं या गलत दिशा में ले जाते हैं, उनसे तुरंत दूरी बना लें। एक छात्रा के दिव्यांगता संबंधी सवाल पर उन्होंने हौसला बढ़ाते हुए साफ़ किया कि अगर संकल्प दृढ़ हो तो कोई भी बाधा सफलता का रास्ता नहीं रोक सकती। इससे पूर्व महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से डॉ. आदित्य सैनी और प्राचार्य डॉ. मुनेंद्र सिंह ने डीएम का भव्य स्वागत किया, जिसके बाद जिलाधिकारी ने महाविद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. तेजवीर सिंह सैनी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

 

हफ्तों की तैयारी और लाखों का तामझाम धरा का धरा रहा; प्रधान, बीडीसी और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भारी फौज के बावजूद सूना रहा पंडाल, कुप्रबंधन की तस्वीरों ने खोली पोल।

 

ग्रामीण तहकीकात/नवीन कुमार 

नारसन। विकास खंड नारसन के प्रांगण में मंगलवार को आयोजित सरकारी ‘महोत्सव’ विकास की नई इबारत लिखने के बजाय सफेद हाथी साबित हुआ। शासन-प्रशासन की ओर से ‘4 साल बेमिसाल’ और ‘जन-जन के द्वारा सरकार के द्वार’ जैसे लुभावने नारों के साथ हफ्तों से ढोल पीटा जा रहा था, लेकिन हकीकत में आज यहाँ बिछी सैकड़ों खाली कुर्सियाँ खुद अपनी बदहाली पर आंसू रोती दिखीं। करोड़ों के बजट और सरकारी अमले की भारी-भरकम फौज के बावजूद, जनता की गैर-मौजूदगी ने अफसरों के दावों की कलई खोल कर रख दी है। सवाल यह उठ रहा है कि जब ब्लॉक के सभी ग्राम प्रधान, बीडीसी (BDC) सदस्य और आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की फौज तैनात थी, तो फिर वह ‘आम जनता’ कहाँ गायब थी जिसके नाम पर यह सारा तामझाम रचा गया?

ग्रामीणों के बीच दबी जुबान में चर्चा है कि जनता अब इन ‘कागजी मेलों’ और ‘बजट खपाऊ आयोजनों’ की असलियत समझ चुकी है। क्षेत्र की सड़कें गड्ढों में तब्दील हैं और स्वास्थ्य सेवाएं खुद बीमार पड़ी हैं, ऐसे में जनता के गाढ़े पसीने की कमाई को इस तरह वीरान पंडालों में बर्बाद करना क्या न्यायोचित है? मंच पर सजी खाली कुर्सियों की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर ‘कुप्रबंधन’ की मिसाल बनकर वायरल हो रही हैं। बुद्धिजीवियों का मानना है कि यदि यही करोड़ों रुपया क्षेत्र के बुनियादी विकास पर खर्च होता, तो शायद आज प्रशासन को जनता के इंतजार में यूँ ‘सूनी आँखें’ नहीं बिछानी पड़तीं। अब देखना यह है कि इस ‘फ्लॉप शो’ के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कोई जवाबदेही तय होगी या फिर जनता की कमाई को यूँ ही ‘बेमिसाल’ बताकर कागजों में रफा-दफा कर दिया जाएगा।