ग्रामीण तहकीकात ऐप इंस्टॉल करने के लिए यहाँ क्लिक करें 📲

Day: March 27, 2026

 

भगवानपुर। जनपद की ग्राम पंचायत चोल्ली शाहबुद्दीनपुर में जनसेवा और स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से एक विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का विधिवत शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक ममता राकेश ने ग्राम प्रधान फरमान मलिक की उपस्थिति में फीता काटकर किया।

मेट्रो स्टार हॉस्पिटल रायपुर (भगवानपुर) के तकनीकी सहयोग से आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बड़ी संख्या में आए ग्रामीण महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य की गहन जांच की गई। मरीजों को निःशुल्क परामर्श के साथ-साथ आवश्यक औषधियां भी वितरित की गईं।

इस अवसर पर विधायक ममता राकेश ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के निःशुल्क शिविरों का आयोजन अत्यंत अनिवार्य है, क्योंकि इससे समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सीधे तौर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होती हैं। उन्होंने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जनसेवा के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता भी दोहराई। वहीं ग्राम प्रधान फरमान मलिक ने ग्रामीणों के उत्तम स्वास्थ्य को अपनी प्राथमिकता बताते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यों को जारी रखने का संकल्प लिया।

शिविर की सफलता में प्रधान प्रतिनिधि नवीद आलम, यूसुफ मलिक, फुरकान मलिक सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों का विशेष सहयोग रहा। स्थानीय जनता ने इस आयोजन को स्वास्थ्य की दृष्टि से एक प्रेरणादायक और लाभप्रद कदम बताया है।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

 

 

हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में अवैध गतिविधियों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कड़े रुख के अनुपालन में थाना सिडकुल पुलिस ने एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर रावली महदूद के घनी आबादी वाले क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध सिलेंडरों का भंडारण बरामद किया।

पुलिस ने मौके से मुख्य आरोपी जावेद पुत्र अख्तर को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और आपूर्ति में व्यवधान की आशंका का लाभ उठाकर मोटे मुनाफे के लिए इन सिलेंडरों की कालाबाजारी करने की फिराक में था। रिहायशी इलाके में इस प्रकार का असुरक्षित भंडारण किसी बड़ी अनहोनी को दावत दे सकता था, जिसे पुलिस की सतर्कता ने समय रहते टाल दिया है।

मौके पर जिला पूर्ति अधिकारी को बुलाकर बरामदगी की वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण की गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

 

देहरादून/नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट कर उत्तराखंड के विकास में केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन हेतु आभार प्रकट किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को उत्तराखंड आने का सादर निमंत्रण देते हुए उन्हें माँ सुरकंडा देवी की रेप्लिका, बद्री गाय का घी और राज्य के विभिन्न जनपदों के विशिष्ट उत्पाद भेंट किए।

भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुंभ-2027 के लिए 500 करोड़ रुपये की सहायता, चौरासी कुटिया के विकास हेतु 100 करोड़ की स्वीकृति और चारधाम यात्रा के लिए सुरक्षित हेली सेवाओं में सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रधानमंत्री का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।

मुख्यमंत्री ने राज्य को ‘ग्लोबल वेडिंग डेस्टिनेशन’ के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना साझा करते हुए रैपिड रेल का विस्तार ऋषिकेश तक करने का अनुरोध किया। साथ ही, उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे और टिहरी पम्प्ड स्टोरेज प्लांट जैसी बड़ी परियोजनाओं के लोकार्पण तथा पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार के शिलान्यास का प्रस्ताव भी प्रधानमंत्री के समक्ष रखा। प्रधानमंत्री ने राज्य के विकास हेतु हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

 

हरिद्वार। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रस्तावित विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) कार्यक्रम को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जनपद के विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी राजनीतिक दलों से अपेक्षा की है कि बीएलओ की सहायता हेतु जनपद के समस्त 1715 मतदेय स्थलों पर आगामी 31 मार्च 2026 तक बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति सुनिश्चित करें और उनकी सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को अनिवार्य रूप से उपलब्ध करा दें। बैठक में साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान तक भाजपा द्वारा 1393, कांग्रेस द्वारा 1613 एवं बसपा द्वारा 117 बीएलए नामित किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने शेष रिक्तियों को शीघ्र भरने पर विशेष बल दिया है।

पुनरीक्षण कार्य की सुगमता के लिए जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि विधानसभावार वरिष्ठ नोडल अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है और तहसीलों में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। साथ ही, प्रत्येक बूथ पर सहायता हेतु ‘बूथ अवेयरनेस ग्रुप’ (BAG) का गठन भी किया गया है। इस अवसर पर विधायक ममता राकेश, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान सहित विभिन्न दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

रुड़की/मंगलौर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के बावजूद मंगलौर क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोडिंग का खेल बेखौफ जारी है। हाल ही में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा इकबालपुर चौकी को निलंबित किए जाने जैसी बड़ी कार्रवाई भी खनन माफियाओं के हौसले पस्त करने में नाकाम साबित हो रही है।
वर्तमान में मंगलौर-झबरेड़ा मार्ग से लेकर नहर किनारे स्थित राणा स्टील क्षेत्र तक मिट्टी से भरे ओवरलोड डंपर सड़कों पर ‘यमदूत’ बनकर दौड़ रहे हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि ये डंपर न केवल निर्धारित क्षमता से अधिक भार ढो रहे हैं, बल्कि इनकी अनियंत्रित गति के कारण पूर्व में भी कई घातक दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। राजस्व विभाग को करोड़ों का चूना लगाने वाले इस खेल पर खनन विभाग और स्थानीय प्रशासन की रहस्यमयी चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।
इस गंभीर प्रकरण पर जब ‘दैनिक ग्रामीण तहकीकात’ की टीम ने एआरटीओ रुड़की से संपर्क करने का प्रयास किया, तो अधिकारी ने फोन उठाना भी मुनासिब नहीं समझा। परिवहन विभाग का यह उदासीन रवैया शासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगाता है। क्षेत्र में बेखौफ दौड़ते ये डंपर किसी बड़ी अनहोनी को दावत दे रहे हैं, जिससे जनता में गहरा रोष व्याप्त है। अब देखना यह होगा कि क्या प्रशासन इन ‘सड़क के यमदूतों’ पर लगाम कसता है या किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

भारतीय पत्रकार यूनियन (रजि.)

“पत्रकारिता ही सेवा”