पुलिसकर्मियों को दी ‘आदर्श भोजनालय’ की सौगात
संपादक नवीन कुमार ग्रामीण तहकीकात

झबरेड़ा/हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने बुधवार को थाना झबरेड़ा का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस कार्यालय के अभिलेखों, मालखाना और परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। एसएसपी ने थाने में नवनिर्मित ‘आदर्श भोजनालय’ का उद्घाटन कर इसे पुलिसकर्मियों को समर्पित किया।

सेरिमोनियल गार्द ने दी सलामी
थाना पहुंचने पर एसएसपी का स्वागत सीओ अभिनय चौधरी, मंगलौर निरीक्षक अमरजीत सिंह और थाना प्रभारी अजय शाह ने किया। सेरिमोनियल ड्रेस में सजी गार्द ने एसएसपी को आकर्षक सलामी दी, जिसके बाद निरीक्षण की औपचारिक शुरुआत हुई।

अभिलेखों और स्वच्छता पर जताया संतोष
एसएसपी ने थाना प्रांगण, कार्यालय, कर्मचारी बैरक और भोजनालय का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए और कीटनाशकों का नियमित छिड़काव सुनिश्चित हो।

पेंडिंग केस और माल निस्तारण पर सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने सीसीटीएनएस प्रोजेक्ट और विभिन्न रजिस्टरों की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि:
- दस्तावेज अपडेट रखें: सभी रजिस्टरों को समय पर अपडेट किया जाए।
- माल निस्तारण: मालखाना मोहर्रिर को पुराने मुकदमों से संबंधित माल के त्वरित निस्तारण और लावारिस वाहनों की नीलामी के लिए पत्राचार के निर्देश दिए।
- त्वरित विवेचना: विवेचकों को निर्देश दिए गए कि प्राप्त मुकदमों का गुण-दोष के आधार पर निश्चित समय सीमा के भीतर निस्तारण करें।
आगामी चुनौतियों के लिए पुलिस तैयार
मीडिया से रूबरू होते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा:
“वार्षिक निरीक्षण के दौरान थाने का मैनेजमेंट और साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई है। आगामी यात्रा सीजन, कांवड़ मेला और वर्ष 2027 के कुंभ मेले व विधानसभा चुनावों को लेकर पुलिस पूरी तरह से गियर-अप (तैयार) है। उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे होने के कारण बॉर्डर सीलिंग और सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।”

सैनिक सम्मेलन में सुनी समस्याएं
एसएसपी ने थाने के जवानों के साथ ‘सैनिक सम्मेलन’ कर उनकी कुशलक्षेम जानी और समस्याओं के त्वरित निवारण का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर सीओ अभिनय चौधरी, निरीक्षक अमरजीत सिंह, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, रविंद्र सिंह, जयसिंह राणा, रोहित कुमार, योगेश कुमार, गिरीश सिपाही प्रमोद कुमार, रामवीर सिंह, मुकेश तोमर, रणवीर सिंह, नीरज, सुनील कुमार, बसंत कुमार, गजेन्द्र, होमगार्ड अंकित कुमार सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।







