ग्रामीण तहकीकात ऐप इंस्टॉल करने के लिए यहाँ क्लिक करें 📲

हरिद्वार

ग्रामीण तहकीकात / नवीन कुमार 

नारसन। ग्रामीण विकास की रीढ़ कही जाने वाली रीप (REAP) परियोजना के नारसन ब्लॉक में चल रही खुली अंधेरगर्दी पर जब सूचना का अधिकार (RTI) का हंटर चला, तो अफसरों के होश फाख्ता हो गए और खुद उनके दस्तखत वाली चिट्ठी ने पूरे कारनामे का कच्चा चिट्ठा खोलकर रख दिया है। जिला कार्यालय ग्रामोत्थान (रीप), विकास भवन द्वारा जारी पत्रांक 375 में दर्ज आधिकारिक कुबूलनामे ने पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है, जिसमें साफ माना गया है कि ब्लॉक में तैनात किए गए कार्मिकों के चरित्र व पुलिस वेरिफिकेशन का कोई नामोनिशान तक विभाग की फाइलों में दर्ज नहीं है—यानी सरकारी खजाने की चाबी थमाने से पहले यह तक नहीं देखा गया कि कुर्सी पर बैठाया गया शख्स पाक-साफ है या दागदार। मजे की बात तो यह है कि कागजों पर महिला समूहों के नाम करोड़ों रुपये के प्रोजेक्ट व सब्सिडी की बंदरबांट दर्शा दी गई, लेकिन जब इस पूरे खेल के वार्षिक बैंक स्टेटमेंट, लेजर बुक, चार्टर्ड एकाउंटेंट (CA) की ऑडिट रिपोर्ट, चहेती फर्मों के भुगतान और देहरादून से खरीदे गए फूड कोर्ट के बिल-वाउचर तलब किए गए, तो सीधे जवाब देने की बजाय अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। बैंक खातों का पूरा हिसाब दबाकर रख लिया गया और गेंद निचले स्तर की सहकारिता व एनआरएलएम के पाले में फेंककर जिम्मेदारी से साफ पल्ला झाड़ लिया गया। कानूनी फंदे से बचने के लिए 30 दिन की मियाद बीत जाने पर बैकडेट (24 सितंबर) डालकर 3 अक्टूबर को डाक से भेजे गए इस भारी पुलिंदे का आलम यह है कि भेजे गए किसी भी कागज पर लोक सूचना अधिकारी के न तो कोई दस्तखत हैं और न ही कोई अधिकृत मुहर—जिससे यह बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि क्या करोड़ों के बजट पर बैठा विभाग इतना लापरवाह और बेलगाम हो चुका है कि कानून की नजर में रद्दी सादे कागजों का बंडल थमाकर औपचारिकता पूरी समझ बैठा? सरकारी धन के इस संदिग्ध खेल, बैंक स्टेटमेंट दबाने और आधिकारिक पर्दाफाश के बाद अब मामला मुख्य विकास अधिकारी (CDO) की चौखट पर प्रथम अपील के जरिए पहुंच चुका है, जहां अब बैंक खातों के लेन-देन की जांच और लीपापोती करने वाले अफसरों पर सीधा विधिक शिकंजा कसना तय माना जा रहा है।

ग्रामीण तहकीकात / नवीन कुमार

हरिद्वार। आगामी राजनीतिक गतिविधियों और सामाजिक जागरूकता अभियान के तहत सामाजिक न्याय पार्टी (जनादेश) ने क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पुनीत कश्यप अपनी पूरी टीम के साथ जनसंपर्क पर निकले और कार्यकर्ताओं व समाज के प्रबुद्ध नागरिकों से सौजन्य भेंट की। इस दौरान क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं और समाज को एकजुट कर आगे बढ़ाने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। बैठक में पहुंचे समाज के प्रमुख लोगों ने प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पुनीत कश्यप ने कहा कि आज समाज को अपने अधिकारों, सम्मान और राजनीतिक हिस्सेदारी के प्रति जागरूक होने की सख्त जरूरत है। लंबे समय से समाज के पिछड़े और वंचित वर्गों की उपेक्षा होती रही है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य हर वर्ग तक सामाजिक न्याय पहुंचाना और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को एकजुट करें और सामाजिक बदलाव की इस मुहिम को जन-आंदोलन का रूप दें।

इस आत्मीय भेंट और बैठक के दौरान ग्राम प्रधान सुरेश कश्यप, सुनील कश्यप, बिट्टू कश्यप, विनोद कश्यप, राज्जा कश्यप, धर्मवीर कश्यप, बंटी कश्यप, सुशील कश्यप और रणतेज कश्यप सहित दर्जनों प्रमुख लोग मौजूद रहे। बैठक में उपस्थित सभी साथियों ने एक स्वर में पुनीत कश्यप के नेतृत्व पर भरोसा जताया और समाज के हक, मान-सम्मान व न्याय की लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर चलने का संकल्प लिया। अंत में प्रदेश अध्यक्ष ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि अपनों का यही साथ, स्नेह और एकजुटता हमारी सबसे बड़ी ताकत है।

ग्रामीण तहकीकात / नवीन कुमार

खानपुर/लक्सर। आने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए खानपुर और लक्सर क्षेत्र में सियासी हलचल तेज हो गई है। सामाजिक न्याय पार्टी (जनादेश) के प्रदेश अध्यक्ष नीरज कश्यप और वरिष्ठ नेता पुनीत कश्यप के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के दर्जनों गांवों और बाजारों में घर-घर जाकर जनसंपर्क किया। इस दौरान टीम ने आगामी 4 तारीख को होने वाले ‘कश्यप महासम्मेलन’ के लिए ग्रामीणों और समाज के लोगों को न्योता दिया। कई जगहों पर ग्रामीणों ने नेताओं का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया।

जनसंपर्क के दौरान पार्टी नेताओं ने खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह ‘चैंपियन’ से भी उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र के विकास और राजनीति को लेकर चर्चा हुई और उन्हें महासम्मेलन में आने का न्योता दिया गया।

सभाओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष नीरज कश्यप ने कहा कि कश्यप समाज को हमेशा सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया गया है और राजनीतिक दलों ने समाज के हक की अनदेखी की है। उन्होंने कहा कि अब समाज जाग चुका है और अपने अधिकारों व मान-सम्मान के लिए एकजुट होकर लड़ाई लड़ेगा।

वहीं वरिष्ठ नेता पुनीत कश्यप ने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता नीरज कश्यप के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि नीरज कश्यप को किसी बड़े दल (खासकर भाजपा) से टिकट मिलता है, तो पूरा समाज उन्हें जिताने के लिए जी-जान लगा देगा। लेकिन अगर पार्टी या समाज की अनदेखी हुई, तो सामाजिक न्याय पार्टी खानपुर और लक्सर सीटों पर अपने निर्दलीय प्रत्याशी उतारेगी और पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी। जनसंपर्क के बाद से ही क्षेत्र में 4 तारीख के सम्मेलन को लेकर चर्चाएं तेज हैं।

 

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

हरिद्वार। विकास भवन रोशनाबाद में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में दो अहम समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में पूल आवासों के जीर्णोद्धार, सुरक्षा व सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ जनपद में ‘जल जीवन मिशन’ की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। सीडीओ ने सभी संबंधित विभागों को तय समयसीमा और उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने की सख्त हिदायत दी।

शनिवार को लगेगा विशेष कैंप, ड्रोन से होगी सफाई कार्यों की निगरानी

पूल आवासों की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने आवासों में मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक के मुख्य बिंदु:

• मरम्मत व सुरक्षा कार्य: टॉयलेट-बाथरूम से संबंधित कार्य, लीकेज पाइपों का प्रतिस्थापन, पानी की सभी टंकियों की सफाई, विद्युत कार्य और खिड़की-दरवाजों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जाएगी। बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर पहली मंजिल की सभी रेलिंगों की तत्काल जांच व मरम्मत के निर्देश दिए गए।

• शनिवार को समाधान कैंप: आवासीय कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए आगामी शनिवार को विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। इसके प्रचार-प्रसार के लिए परिसर में बैनर लगाए जाएंगे।

• संस्कृत भाषा का प्रयोग: विभिन्न श्रेणियों के आवासों को दर्शाने वाले बोर्डों पर संस्कृत भाषा का भी अनिवार्य रूप से उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।

• टाइप-2 आवास व अन्य सुविधाएं: टाइप-2 आवास निर्माण के लिए भूमि चिन्हांकन कर सोमवार तक प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा गया। इसके अलावा सामुदायिक केंद्रों में साउंड सिस्टम, कुर्सियां, पोडियम और कचरा निस्तारण हेतु कम्पोस्ट पिट व डस्टबिन की व्यवस्था के निर्देश दिए गए।

• ड्रोन फोटोग्राफी से निगरानी: झाड़ियों के कटान और साफ-सफाई कार्यों की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कार्य प्रारंभ होने से पहले और कार्य पूर्ण होने के बाद सामान्य व ड्रोन फोटोग्राफी के माध्यम से अभिलेखीकरण किया जाएगा।

पूल आवास बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित:

इस बैठक में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता श्री आलोक, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी श्रीमती नलिनी ध्यानी, श्री शर्मा तथा सहायक आवास मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय सहित संबंधित अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

हरिद्वार में 96.96% परिवारों तक पहुंचा ‘हर घर जल’, 458 गांव प्रमाणित

जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक में जिले की प्रगति रिपोर्ट पेश की गई, जिसमें ग्रामीण जलापूर्ति को लेकर उत्साहजनक आंकड़े सामने आए:

• नल कनेक्शन का आंकड़ा: जनपद के कुल 2,49,092 परिवारों के सापेक्ष अब तक 2,41,513 परिवारों (96.96%) को घरेलू जल संयोजन उपलब्ध कराया जा चुका है।

• प्रमाणित गांव: 473 राजस्व ग्रामों में से 458 ग्रामों में सभी कार्य पूर्ण कर उन्हें ‘हर घर जल’ प्रमाणित किया जा चुका है।

• पेयजल योजनाएं: स्वीकृत कुल 505 पेयजल योजनाओं में से 430 का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि बाकी योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।

सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को शेष बची पेयजल योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक पात्र परिवार तक स्वच्छ व सुरक्षित पेयजल पहुंचे।

जल जीवन मिशन बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद:

बैठक में जल जीवन मिशन के नोडल अधिकारी गम्भीर सिंह तोमर, उत्तराखण्ड जल संस्थान के अधिशासी अभियंता विपिन चौहान, अधीक्षण अभियंता यशवीर मल्ल, जिला पंचायती राज अधिकारी एम. एम. खान, जल निगम के अधिशासी अभियंता सुधीर कुमार सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

ग्रामीण तहकीकात/ नवीन कुमार 

लक्सर। सामाजिक न्याय पार्टी की संगठनात्मक मजबूती और आगामी कार्ययोजना को लेकर प्रदेश अध्यक्ष पुनीत कश्यप के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई; बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर पार्टी का विस्तार करने के साथ-साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े वंचित, शोषित और जरूरतमंद परिवारों तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाना रहा; बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पुनीत कश्यप ने पार्टी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया और स्पष्ट किया कि सामाजिक न्याय पार्टी का मुख्य ध्येय केवल चुनावी राजनीति तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि समाज में उन निर्धन और उपेक्षित वर्गों की आवाज बनना है जो आज भी अपने बुनियादी अधिकारों, बेहतर शिक्षा और सम्मानजनक आजीविका के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

पुनीत कश्यप ने अपने बयान में जोर देते हुए कहा कि किसी भी समाज और क्षेत्र के विकास की नींव उसकी शिक्षा व्यवस्था पर टिकी होती है, इसलिए पार्टी का संकल्प है कि आर्थिक तंगी या संसाधनों के अभाव में कोई भी बच्चा स्कूल या उच्च शिक्षा से वंचित न रहे; उन्होंने कहा कि आज ग्रामीण क्षेत्रों का युवा वर्ग बेरोजगारी और उचित मार्गदर्शन के अभाव में जूझ रहा है, ऐसे में पार्टी युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस योजना तैयार कर रही है; उन्होंने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से सीधा आह्वान किया कि वे हर गांव, मोहल्ले और बूथ स्तर पर जाकर आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करें, उनकी बुनियादी समस्याओं को समझें और संगठन की जनहितकारी नीतियों से उन्हें अवगत कराएं।

बैठक में हरिद्वार जनपद के मैदानी क्षेत्र की चार प्रमुख विधानसभाओं— लक्सर, खानपुर, मंगलौर और भगवानपुर पर विशेष फोकस रखने का निर्णय लिया गया; पुनीत कश्यप ने बताया कि इन क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर संगठन की इकाइयां गठित कर युवाओं और महिलाओं को सक्रिय रूप से जोड़ा जा रहा है; उन्होंने विश्वास जताया कि जनहित के वास्तविक मुद्दों, शिक्षा और रोजगार के संकल्प के साथ सामाजिक न्याय पार्टी आने वाले समय में क्षेत्र की जनता के सामने एक मजबूत और सकारात्मक सामाजिक-राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित होगी; इस अवसर पर पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, क्षेत्रीय कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे, जिन्होंने संगठन विस्तार की इस मुहिम को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

हरिद्वार। पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं को लेकर भारतीय पत्रकार यूनियन (पंजीकृत) की प्रदेश स्तरीय समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक शीघ्र आयोजित की जाएगी, जिसमें राज्यभर के मीडियाकर्मियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और संगठनात्मक विस्तार पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा; संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण कश्यप ने अपने बयान में कहा कि यूनियन सदैव पत्रकारों के मान-सम्मान, कार्यक्षेत्र में सुरक्षा और उनके जायज हकों के लिए अग्रणी भूमिका निभाती रही है तथा आगामी प्रदेश समिति की बैठक में फील्ड में कार्यरत श्रमजीवी पत्रकारों के हितों की रक्षा, बीमा, स्वास्थ्य सुविधाओं और शासन स्तर पर लंबित मांगों को लेकर ठोस रणनीति तय की जाएगी; वहीं प्रदेश महासचिव नवीन कुमार ने संगठनात्मक मजबूती पर बल देते हुए कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से हरिद्वार जिला कार्यकारिणी का विधिवत गठन बहुत जल्द संपन्न किया जाएगा, जिसके लिए निष्ठावान, जुझारू और सक्रिय पत्रकारों को चिन्हित कर जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी; उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नवगठित जिला इकाई पत्रकारों के उत्पीड़न और किसी भी प्रकार की समस्याओं के समाधान के लिए तत्परता से कार्य करेगी तथा यूनियन का मुख्य ध्येय पत्रकारों की एकजुटता को बनाए रखते हुए उनके कल्याण के लिए निरंतर संघर्षशील रहना है।

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

हरिद्वार। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने भूपतवाला, बहादराबाद तथा सिडकुल क्षेत्र स्थित विभिन्न होटल एवं रेस्टोरेंटों का औचक निरीक्षण किया; उपायुक्त गढ़वाल मंडल के नेतृत्व में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन एवं कैलाश चंद्र की टीम ने भूपतवाला स्थित होटल गंगा ब्लिस व होटल रीनेस्ट सहित बहादराबाद और पेंटागन मॉल स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के किचन व स्टोरेज एरिया की गहनता से जांच की; निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत पानी की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल, कार्मिकों के मेडिकल प्रमाण पत्र व अनिवार्य दस्तावेजों का परीक्षण करने के साथ ही संचालकों को स्वच्छता बनाए रखने व गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग के निर्देश दिए गए; टीम द्वारा भूपतवाला से लाल मिर्च पाउडर व पनीर लबाबदार का एक-एक नमूना, बहादराबाद क्षेत्र से स्टोरेज व किचन में गंदगी और सड़े-गले खाद्य पदार्थों के अनुचित संग्रह पर 3 नमूने तथा पेंटागन मॉल स्थित रेस्टोरेंट से उपयोग में आने वाले फ्रूट सिरप के 2 नमूने लेते हुए कुल 7 लीगल सैम्पल प्रयोगशाला जांच हेतु संकलित किए गए; इस दौरान खराब पाई गई सब्जियों को मौके पर ही नष्ट कराया गया तथा किचन में स्वच्छता मानकों की अनदेखी और रिकॉर्ड प्रस्तुत न कर पाने पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को नियमानुसार नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

हरिद्वार। आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनावों को लेकर भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सामाजिक न्याय पार्टी (जनादेश) ने क्षेत्र में पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर ली है। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर ताबड़तोड़ जनसंपर्क व प्रचार अभियान चला रहे हैं, जहां उन्हें कश्यप समाज, पिछड़े वर्गों (OBC) और आम ग्रामीणों का भारी समर्थन मिल रहा है।
पार्टी नेतृत्व ने अपनी रणनीति साफ करते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कश्यप और प्रदेश अध्यक्ष पुनीत कश्यप के मार्गदर्शन में हरिद्वार सहित प्रदेश की लगभग 10 से 11 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे जाएंगे।

चुनावी अभियान के दौरान अपनी प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कश्यप ने कहा कि पार्टी का मुख्य ध्येय समाज के अंतिम पायदान पर खड़े गरीब और पिछड़े वर्ग के हर बच्चे तक मुफ्त एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जब तक हर परिवार को शिक्षा का अधिकार नहीं मिलेगा, तब तक समाज का वास्तविक विकास संभव नहीं है।


वहीं, चुनावी हुंकार भरते हुए प्रदेश अध्यक्ष पुनीत कश्यप ने स्पष्ट किया कि पार्टी इस बार चुनाव मैदान में मजबूती से उतरेगी और राजनीतिक समीकरणों को गहराई से प्रभावित करेगी। उन्होंने कहा कि आज युवा बेरोजगारी से परेशान है और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। कश्यप समाज और अन्य पिछड़े वर्गों का मजबूत वोट बैंक पार्टी के साथ मजबूती से खड़ा है। पार्टी का संदेश साफ है कि जनता के अधिकारों, रोजगार और बुनियादी सहूलियतों से जुड़े मुद्दों पर या तो मांगें पूरी हों, वरना चुनावी मैदान में हार-जीत के गणित को पूरी तरह बदल दिया जाएगा।


प्रचार के दौरान गांव-गांव में मिल रहे जनसमर्थन पर स्थानीय ग्रामीणों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। ग्रामीणों का कहना है कि पारंपरिक राजनीतिक दलों ने अब तक सिर्फ वोट बैंक की राजनीति की है, जबकि सामाजिक न्याय पार्टी (जनादेश) शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पिछड़ों के हक की बात कर रही है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव-घर जाकर चलाए जा रहे इस अभियान से लोगों में एक नया विकल्प और विश्वास जगा है, जिससे पार्टी की स्थिति काफी प्रभावशाली दिखाई दे रही है।

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

हरिद्वार। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा दायर मुकदमों पर सुनवाई करते हुए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) हरिद्वार के न्यायालय ने बड़ी कार्रवाई की है। न्यायालय ने मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने, बिना लाइसेंस कारोबार करने व मानकों का उल्लंघन करने वाले 10 खाद्य कारोबारकर्ताओं पर कुल 2 लाख 65 हजार का भारी जुर्माना अधिरोपित किया है, जिसे 7 दिनों के भीतर जमा करने के सख्त आदेश दिए गए हैं।

 

किन-किन प्रतिष्ठानों पर लगा जुर्माना:

1. पंजाबी तड़का रेस्टोरेंट (हरिद्वार-दिल्ली हाईवे): पंजीयन संबंधी अनियमितताओं पर ₹50 हजार का जुर्माना।

2. मां शाकुम्भरी भोजनालय (बहादराबाद): बिना फूड लाइसेंस व्यापार, गंदगी व बिल न देने पर ₹50 हजार का जुर्माना।

3. स्पेशल बर्फी वाला (रानीपुर झाल): मावा बर्फी में मैदा मिलाने और बिना लाइसेंस मिठाई बनाने पर ₹5,000 जुर्माना।

4. शिवालिक नगर स्थित होटल: अधोमानक पनीर और बिल पर 14 अंकों का लाइसेंस नंबर न होने पर ₹25 हजार जुर्माना।

5. नूर अहमद मावा भण्डार (तुगलकपुर, खानपुर): फैट कम पाए जाने वाले अधोमानक पनीर पर ₹25 हजार जुर्माना।

6. मावा निर्माण इकाई (झिडियान ग्रांट, भगवानपुर): स्किम्ड मिल्क पाउडर व वनस्पति से नकली मावा बनाने पर ₹25 हजार जुर्माना (मौके पर 1 क्विंटल मावा नष्ट भी कराया गया था)।

7. मां जय दुर्गा ढाबा (मां चण्डी देवी मंदिर परिसर): बेसन का नमूना अधोमानक मिलने व रजिस्ट्रेशन न होने पर ₹25 हजार जुर्माना।

8. बरकत डेयरी (ग्राम मुंडेत, मंगलौर): वनस्पति युक्त रिफाइंड तेल से बने अधोमानक पनीर पर ₹25 हजार जुर्माना।

9. सूर्या डेयरी (ऋषिकुल विद्यापीठ, हरिद्वार): अधोमानक पनीर बेचने पर ₹25 हजार जुर्माना।

10. बालाजी स्वीट्स (लालकुर्ती, रुड़की): जांच में अधोमानक पाए गए सफेद रसगुल्ले पर ₹10 हजार का जुर्माना।

 

 

खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेश पाण्डेय एवं केशव टंडन द्वारा विभिन्न तिथियों पर की गई छापेमारी के आधार पर ये मुकदमे दायर किए गए थे। एडीएम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि यदि संबंधित कारोबारियों ने 7 दिन के भीतर जुर्माने की राशि जमा नहीं की, तो इसकी वसूली भू-राजस्व की भांति सख्ती से की जाएगी।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

हरिद्वार। जिले में बेकाबू होते सड़क हादसों के ग्राफ को नीचे गिराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है, जिसके तहत मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की अहम बैठक संपन्न हुई। सीडीओ ने सभी विभागों को आपसी तालमेल बैठाकर काम करने की हिदायत देते हुए जिले में चिन्हित 25 जानलेवा ‘ब्लैक स्पॉट’ पर तुरंत सुधारात्मक कार्य शुरू करने, संकेतक बोर्ड, लाइटें व स्पीड ब्रेकर दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए हैं। बैठक में जानकारी दी गई कि बीते 6 महीनों (जनवरी से जून 2026) के भीतर ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट और यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस व परिवहन विभाग ने रिकॉर्ड 19,523 चालान काटे हैं। इसके साथ ही ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव पर नकेल कसने के साथ-साथ एनएचएआई को हाईवे से अतिक्रमण हटाने, शिक्षा विभाग को स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने और स्वास्थ्य विभाग को घायलों के तत्काल इलाज के लिए सभी अस्पतालों को पैनल में शामिल करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।