ग्रामीण तहकीकात संवाददाता
हरिद्वार। आम जनमानस की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के विशेष निर्देशन में मंगलवार को जनपद की चारों तहसीलों—हरिद्वार, रुड़की, लक्सर और भगवानपुर—में तहसील दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 146 जनशिकायतें प्राप्त हुईं। हरिद्वार तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित सत्र के दौरान चकबंदी, भूमि पैमाइश, अवैध अतिक्रमण और ओवरलोडिंग डंपरों के विरुद्ध 42 मामले आए, जिनमें से 18 का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया गया। इसी क्रम में तहसील रुड़की में अपर उपजिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला ने 27, भगवानपुर में उपजिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने 14 और सर्वाधिक लक्सर तहसील में उपजिलाधिकारी सौरभ असवाल ने 63 शिकायतों की सुनवाई करते हुए कुल 51 मामलों का मौके पर निस्तारण कर जनता को राहत पहुंचाई। हरिद्वार तहसील दिवस में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा और जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश सहित तमाम आला अधिकारियों की मौजूदगी में उपजिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने दोटूक निर्देश दिए कि शेष लंबित शिकायतों का संबंधित विभाग समयबद्धता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करें, ताकि फरियादियों को शासन की मंशा के अनुरूप न्याय मिल सके।
