ग्रामीण तहकीकात संवाददाता
हरिद्वार। आगामी चारधाम यात्रा को सुगम और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के संकल्प के साथ जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मंगलवार को जिला प्रशासन ने शहर में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध निर्णायक ‘पीला पंजा’ चलाया। सिटी मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान के नेतृत्व में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीआर क्षेत्र, रोडीबेलवाला और दीनदयाल पार्किंग से हर की पैड़ी मार्ग तक सघन अभियान छेड़ते हुए सड़क किनारे अवैध रूप से काबिज 50 से अधिक रेहड़ी-ठेलियों और फड़ों को मौके से जमींदोज कर दिया। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान ने दोटूक चेतावनी दी कि विश्व प्रसिद्ध तीर्थनगरी में श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा डालने वाला अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोबारा कब्जा करने वालों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी और चौकी प्रभारी नवीन चौहान की मौजूदगी में चले इस अभियान ने स्पष्ट कर दिया है कि यात्रा सीजन के दौरान घाटों और पैदल मार्गों की शुचिता व सुगमता बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार संवेदनशील क्षेत्रों में पैनी नजर रखे हुए है।
