ग्रामीण तहकीकात ऐप इंस्टॉल करने के लिए यहाँ क्लिक करें 📲

ग्रामीण तहकीकात

  • शिकायतों के त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के दिए निर्देश

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सिंह ने पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की शिकायतों और समस्याओं को अत्यंत गंभीरता व संवेदनशीलता के साथ सुना। जनसुनवाई में पहुंचे नागरिकों ने अपने प्रार्थना पत्र और विभिन्न प्रकरणों को सीधे एसएसपी के समक्ष रखा, जिस पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़े लहजे में समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी अनिवार्य रूप से दी जाए ताकि पुलिसिंग के प्रति जनता का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके। संवाद और सुशासन की दिशा में उठाया गया यह कदम जनपद में बेहतर कानून-व्यवस्था स्थापित करने और पुलिस-जनता के बीच की दूरी को कम करने में सहायक सिद्ध हो रहा है।

120 किलो मिलावटी कुट्टू आटा नष्ट

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

हरिद्वार। आगामी नवरात्र पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा आयुक्त सचिन कुर्वे और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों पर जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया गया, जिसके तहत लक्सर, भगवानपुर और धनौरी क्षेत्रों में पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम ने दुकानों और गोदामों का निरीक्षण कर कुट्टू-सिंघाड़े के आटे व साबूदाने सहित विभिन्न सामग्रियों के 10 संदिग्ध नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। इस कार्रवाई के दौरान गोवर्धनपुर रोड स्थित एक प्रोविजन स्टोर से बिना लेबल और बिल के मिला करीब 120 किलोग्राम असुरक्षित कुट्टू आटा जब्त कर नगर पालिका के सहयोग से सिमली डंपिंग ग्राउंड में नष्ट करा दिया गया, साथ ही संबंधित ट्रांसपोर्टर और विक्रेताओं के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और नवरात्र के दौरान यह चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेगा।

महिला अपराधों पर तत्काल एक्शन हेतु ‘क्विक रिस्पॉन्स टीम’ को किया रवाना

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

मुजफ्फरनगर। शासन के निर्देशों के अनुपालन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा द्वारा आज दिनांक 18 मार्च 2026 को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों को अत्यंत गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुना। एसएसपी ने न केवल अधीनस्थ अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु कड़े दिशा-निर्देश जारी किए, बल्कि महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महिला अपराधों से संबंधित प्रकरणों पर तत्काल कार्रवाई के लिए ‘क्विक रिस्पॉन्स टीम (महिला विंग)’ को मौके पर रवाना किया। जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी गई कि किसी भी पीड़ित को न्याय के लिए भटकना न पड़े और शिकायतों का समाधान समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने बुधवार को जनपद के बहादराबाद क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने हेतु नवनिर्मित फायर स्टेशन भवन का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ उद्घाटन किया। इस अवसर पर एसएसपी ने कहा कि बहादराबाद में तेजी से बढ़ती आबादी और निरंतर विस्तार ले रही औद्योगिक गतिविधियों के दृष्टिगत एक समर्पित फायर स्टेशन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी, जिसके शुरू होने से अब किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित रिस्पांस मिल सकेगा और जन-धन की हानि को कम किया जा सकेगा। उद्घाटन के पश्चात उन्होंने संपूर्ण परिसर का बारीकी से निरीक्षण कर तैनात अग्निशमन अधिकारियों और कार्मिकों को निर्देशित किया कि सूचना मिलते ही बिना समय गंवाए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, क्योंकि इस स्टेशन के क्रियाशील होने से सिडकुल और मायापुर स्थित फायर स्टेशनों पर पड़ने वाला अत्यधिक दबाव अब कम होगा और संपूर्ण जिले की अग्निशमन सेवाएं अधिक सुचारू और प्रभावी बनेंगी। इस गरिमामयी कार्यक्रम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह सहित पुलिस विभाग के उच्चाधिकारी व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम के समापन पर हरिद्वार पुलिस के ‘ग्रीन मिशन’ के तहत परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

भगवानपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशानुसार बाहरी व्यक्तियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के विरुद्ध चलाए जा रहे व्यापक सत्यापन अभियान के तहत भगवानपुर पुलिस ने मारपीट पर उतारू दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम जब कस्बे स्थित पेरिस कैफे/रेस्टोरेंट का सत्यापन कर रही थी, तभी वहां समीर निवासी शाहपुर और तनवीर निवासी डाडाजलालपुर आपस में झगड़ते और एक-दूसरे के साथ मारपीट करते पाए गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों द्वारा काफी समझाने के बावजूद जब दोनों शांत नहीं हुए और पुलिस के सामने ही फसाद पर आमादा रहे, तो शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने दोनों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत हिरासत में ले लिया। अ०उ०नि० प्रदीप चौहान के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान कांस्टेबल रविन्द्र राणा और दीपक भी टीम में शामिल रहे।

संवाददाता ग्रामीण तहकीकात 

मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी पुलिस ने शांतिनगर में हुई बड़ी चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 12 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने रवि पुत्र मदन निवासी चरथावल को पचेण्डा बाईपास के पास से दबोचा। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि अभियुक्त रवि पेशे से बढ़ई है और उसी ने पीड़ित प्रदीप को शांतिनगर में किराए का कमरा दिलवाया था। पड़ोस में ही दुकान होने के कारण उसका घर आना-जाना था और इसी दौरान उसने अलमारी में रखे जेवरात देख लिए थे। 13 मार्च को जब पीड़ित परिवार शादी में गया था, तभी अभियुक्त ने डुप्लीकेट चाबी से गेट खोलकर अलमारी से भारी मात्रा में आभूषण चोरी कर लिए थे। प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने पतारसी-सुरागरसी के माध्यम से अभियुक्त को उस समय दबोच लिया जब वह चोरी के जेवरात बेचने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।

संवाददाता ग्रामीण तहकीकात 

लक्सर/हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों के बाद शासन ने हरिद्वार जिले के लक्सर और हरिद्वार तहसील क्षेत्र में अवैध खनन और भंडारण करने वाले स्टोन क्रेशरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 14 स्टोन क्रेशरों को सीज कर दिया है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई छापेमारी

मुख्यमंत्री को लक्सर और हरिद्वार क्षेत्र में स्थापित स्टोन क्रेशरों द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध खनन और भंडारण की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने प्रवर्तन दल, भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय, देहरादून को तत्काल मौके पर जाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

नियमों की अनदेखी पर गिरी गाज

आज दिनांक 17 मार्च 2026 को निदेशालय के प्रवर्तन दल ने हरिद्वार तहसील के ग्राम बाडीटीप और लक्सर तहसील के ग्राम फतवा, महतौली, मुजफ्फरपुर गुजरा, नेहन्दपुर और जवाहरखान (झीवरहेडी) में छापेमारी की।

जांच के दौरान इन 14 स्टोन क्रेशरों में भारी अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद विभाग ने निम्नलिखित कदम उठाए:

एम.एम.डी.आर. एक्ट 1957 की धारा 23 सी और उत्तराखंड खनिज नियमावली 2021 के तहत कार्रवाई की गई।  मौके पर पैमाइश करने के बाद सभी 14 क्रेशरों को सीज कर दिया गया।  इन क्रेशरों का ई-रवन्ना पोर्टल तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है।  प्रथम दृष्टया इन पर 10 करोड़ रुपये से अधिक का अर्थदण्ड (जुर्माना) लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इन स्टोन क्रेशरों पर हुई कार्रवाई (सूची):

  1. मै० हाईवे कन्स्ट्रक्शन एण्ड क्रेशर, ग्राम फतवा (लक्सर)
  2. मै० सिंह स्टोन क्रेशर, ग्राम फतवा (लक्सर)
  3. मै० किसान स्टोन क्रेशर, महतौली (लक्सर)
  4. मै० शुभ स्टोन क्रेशर, मुजफ्फरपुर गुजरा (लक्सर)
  5. मै० तुलसी स्टोन क्रेशर, ग्राम मुजफ्फरपुर गुजरा महतौली (लक्सर)
  6. मै० नेशनल एसोसिएट्स, मुजफ्फरपुर गुजरा (लक्सर)
  7. मै० लिमरा इन्डस्ट्रीज, नेहन्दपुर (लक्सर)
  8. मै० दून स्टोन क्रेशर, महतौली (लक्सर)
  9. मै० गणपति स्टोन क्रेशर, जवाहरखान उर्फ झीवरहेडी (लक्सर)
  10. मै० वानिया स्टोन क्रेशर, महतौली (लक्सर)
  11. मै० माँ गंगा स्टोन क्रेशर, बाडीटीप (हरिद्वार)
  12. मै० अलकनन्दा स्टोन क्रेशर, बाडीटीप (हरिद्वार)
  13. मै० एस०एस० स्टोन क्रेशर, बाडीटीप (हरिद्वार)

 

 

प्रवर्तन दल में शामिल अधिकारी

निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय की अध्यक्षता में हुई इस कार्रवाई में उप निदेशक, खान अधिकारी (देहरादून), जिला खान अधिकारी (हरिद्वार), मानचित्रकार, खान निरीक्षक, सर्वेक्षक और सहायक खनिज प्रवर्तक सहित विभाग की पूरी टीम मौजूद रही।

 

संवाददाता ग्रामीण तहकीकात 

देहरादून। फेमिना मिस इंडिया उत्तराखंड का ग्रैंड फिनाले 21 मार्च को आयोजित किया जाएगा। उत्तराखंड में आयोजित दो ऑडिशन राउंड्स के बाद 21 प्रतिभागियों का चयन किया गया है, जिनके बीच ग्रैंड फिनाले में ताज के लिए मुकाबला होगा।

ग्रैंड फिनाले के दौरान प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए 8 सब-टाइटल भी दिए जाएंगे, जिनमें मिस फोटोजेनिक, मिस ब्यूटिफुल स्माइल, मिस टैलेंटेड, मिस वाइब्रेंट पर्सनैलिटी, मिस रैंप वॉक, मिस ग्लोइंग स्किन, मिस कॉन्जिनियल और मिस ब्यूटिफुल आइज शामिल हैं।

इस प्रतियोगिता की विजेता फेमिना मिस इंडिया उत्तराखंड के रूप में चुनी जाएंगी और मुंबई में आयोजित होने वाली फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। उत्तराखंड में इस स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन पहली बार किया जा रहा है।

प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों की इंडियन एथनिक कॉस्ट्यूम को ऋचा एहलावत की छाप क्रिएशन द्वारा डिजाइन किया गया है, जबकि इवनिंग गाउन रुचिका गोयल और अपराजिता गोयल द्वारा तैयार किए गए हैं।

जजमेंट के लिए मुंबई से मिस इंडिया 2024 निकिता पोरवाल विशेष रूप से देहरादून पहुंचेंगी। शो की कोरियोग्राफी जैज पुष्कर सोनी द्वारा की जाएगी, जबकि इवेंट कोऑर्डिनेशन की जिम्मेदारी हिमानी रावत, अनन्या भंडारी और राहुल छाबड़ा निभाएंगे। प्रतिभागियों की स्टाइलिंग के लिए मुंबई से निशांक सेनानी और प्रियादिति सिंधी मौजूद रहेंगे। सिनमिट कम्यूनिकेशंस के डायरेक्टर दलीप सिंधी और राजीव मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों का ट्रेनिंग प्रोग्राम 17 मार्च से शुरू होगा। इसके तहत 17 मार्च को ओरिएंटेशन और रैंप वॉक ट्रेनिंग, 18 मार्च को कोरियोग्राफी और फोटोशूट, 19 मार्च को सब-टाइटल राउंड विद मीडिया, 20 मार्च को कोरियोग्राफी और टेक रन तथा 21 मार्च को ग्रैंड फिनाले का आयोजन किया जाएगा।

ट्रेनिंग कार्यक्रम सेंट्रियो मॉल के स्काई डैक में आयोजित किया जाएगा। मिस इंडिया टीम के बेनेट नाथन ने बताया कि

फेमिना मिस इंडिया उत्तराखंड का आयोजन फेमिना मिस इंडिया के लाइसेंसी सिनमिट कम्यूनिकेशंस द्वारा किया जा रहा है। इस आयोजन में लक्ष्मी ज्वैलर्स, न्यू इरा मॉडलिंग फोटो स्टूडियो, औरा हाइट्स, जेबीसीसी लाउंज, औरा दून लेज़र होटल, एलोरास मेल्टिंग मुमेंट्स, एडोन, पेटअल्स, रोमियों लेन, ओंकार प्रिंटर्स और सेंट्रियो मॉल का विशेष सहयोग रहेगा।

इस मौके पर मिस इंडिया टीम के बेनेट नाथन, सिनमिट कम्यूनिकेशंस के डायरेक्टर दलीप सिंधी और राजीव मित्तल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

संवाददाता ग्रामीण तहकीकात 

हरिद्वार। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में ‘जनसुनवाई कार्यक्रम’ का आयोजन किया। इस दौरान राजस्व, बिजली, पानी और अवैध कब्जे से जुड़ी कुल 70 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 38 का निस्तारण जिलाधिकारी ने मौके पर ही कर दिया। शेष शिकायतों के लिए संबंधित अधिकारियों को समय सीमा के भीतर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

प्रमुख शिकायतें जिन पर रहा डीएम का फोकस:

जनसुनवाई में कई गंभीर मामले सामने आए, जिस पर जिलाधिकारी ने तुरंत संज्ञान लिया:

  • लाइनमैन की शिकायत: भारापुर (रुड़की) की ग्राम प्रधान कविता रानी ने लाइनमैन पर अभद्र व्यवहार और फोन न उठाने का आरोप लगाते हुए उसे बदलने की मांग की।
  • जोहड़ पर अवैध कब्जा: रणसुरा (रुड़की) के ग्रामीणों ने जोहड़ और नाले पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जिससे गांव का पानी सड़कों पर जमा हो रहा है।
  • खराब ट्यूबवेल: मूलदासपुर (रुड़की) के किसानों ने बताया कि सिंचाई ट्यूबवेल (RG06) की मोटर 28 फरवरी से खराब है, जिससे फसलें सूख रही हैं।
  • विद्युत बिल में गड़बड़ी: शिवा कुमार ने मीटर रीडर द्वारा गलत रीडिंग दर्ज करने और भारी बिल वसूली की शिकायत की।
  • सीएम हेल्पलाइन पर सख्त रुख: 36 दिन से अधिक लंबित शिकायतों पर जवाब तलब

जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन (1905) की समीक्षा के दौरान पाया कि L1 स्तर पर 401 और L2 स्तर पर 117 शिकायतें अभी भी लंबित हैं। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि 36 दिन से अधिक पुरानी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि शिकायतकर्ता से फोन पर बात कर उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करें।

“लापरवाही की तो होगी कार्रवाई”

डीएम मयूर दीक्षित ने दो टूक शब्दों में कहा कि जनसुनवाई में आने वाली समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण (Field Visit) की जरूरत है, अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर मौके पर जाएं और समाधान निकालें।

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) ललित नारायण मिश्रा, एडीएम पी.आर. चौहान, सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह, डीडीओ वेद प्रकाश, एसडीएम जितेंद्र कुमार सहित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

संवाददाता ग्रामीण तहकीकात

रुड़की/टिकोला। ग्राम टिकोला में उस समय भारी उत्साह और हर्षोल्लास का माहौल देखने को मिला, जब गांव के भांजे ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर अपनी ननिहाल का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। सैन्य अधिकारी के रूप में अपनी गौरवशाली उपलब्धि हासिल कर पहली बार मामाओं के घर पहुंचने पर पूरे गांव ने उनका पलक-पावड़े बिछाकर भव्य स्वागत किया। इस दौरान आयोजित एक विशेष सम्मान समारोह के संयोजक पूर्व प्रधानाचार्य मामचंद शर्मा, और शिवम शर्मा ने अपने भांजे को फूल-मालाओं से लाद दिया और मिठाई खिलाकर उसकी सफलता का जश्न मनाया। वक्ताओं ने कहा कि एक भांजे की सफलता पूरे ननिहाल पक्ष के लिए सबसे बड़ी खुशी होती है और उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके माता-पिता, बल्कि टिकोला गांव के समस्त मामाओं का मान बढ़ाया है। वही शिवम शर्मा के पिता ने सभी का आभार व्यक्त किया और उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को से एक संदेश जाएगा इसे युवा पीढ़ी अपने आप को काबिल बना सकेगी वही शिवम शर्मा की माता रेनू शर्मा ने कहा कि उन्होंने अपने बच्चों के साथ काफी स्ट्रगल किया है रात में उनके साथ जाकर उसकी व्यवस्था का ध्यान रखना और वही उसकी जरूरत का ध्यान रखना एक मां की जिम्मेदारी होती है जो उन्होंने निभाई वही शिवम शर्मा की माता रेनू शर्मा ने कहा कि बच्चों को अपने पढ़ाई के लिए तो प्रयास करना ही है मगर उनकी माता-पिता को भी बच्चों को पढ़ने के लिए प्रयास करना जरूरी है और कहा कि उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी सेना में अधिकारी बनकर देश सेवा करने के लिए प्रेरित करेगी।इस अवसर पर राजीव कौशिक, संदीप शर्मा, अशोक चौधरी, बिनेश ठेकेदार, विजय कुमार, संदीप प्रधान, उज्जवल कौशिक, आशु शर्मा और विक्रांत शर्मा सहित अनेक ग्रामीणों ने युवा सैन्य अधिकारी को उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद दिया।