संवाददाता ग्रामीण तहकीकात
लक्सर/हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों के बाद शासन ने हरिद्वार जिले के लक्सर और हरिद्वार तहसील क्षेत्र में अवैध खनन और भंडारण करने वाले स्टोन क्रेशरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 14 स्टोन क्रेशरों को सीज कर दिया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई छापेमारी
मुख्यमंत्री को लक्सर और हरिद्वार क्षेत्र में स्थापित स्टोन क्रेशरों द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध खनन और भंडारण की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने प्रवर्तन दल, भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय, देहरादून को तत्काल मौके पर जाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नियमों की अनदेखी पर गिरी गाज
आज दिनांक 17 मार्च 2026 को निदेशालय के प्रवर्तन दल ने हरिद्वार तहसील के ग्राम बाडीटीप और लक्सर तहसील के ग्राम फतवा, महतौली, मुजफ्फरपुर गुजरा, नेहन्दपुर और जवाहरखान (झीवरहेडी) में छापेमारी की।

जांच के दौरान इन 14 स्टोन क्रेशरों में भारी अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद विभाग ने निम्नलिखित कदम उठाए:
एम.एम.डी.आर. एक्ट 1957 की धारा 23 सी और उत्तराखंड खनिज नियमावली 2021 के तहत कार्रवाई की गई। मौके पर पैमाइश करने के बाद सभी 14 क्रेशरों को सीज कर दिया गया। इन क्रेशरों का ई-रवन्ना पोर्टल तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। प्रथम दृष्टया इन पर 10 करोड़ रुपये से अधिक का अर्थदण्ड (जुर्माना) लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इन स्टोन क्रेशरों पर हुई कार्रवाई (सूची):
- मै० हाईवे कन्स्ट्रक्शन एण्ड क्रेशर, ग्राम फतवा (लक्सर)
- मै० सिंह स्टोन क्रेशर, ग्राम फतवा (लक्सर)
- मै० किसान स्टोन क्रेशर, महतौली (लक्सर)
- मै० शुभ स्टोन क्रेशर, मुजफ्फरपुर गुजरा (लक्सर)
- मै० तुलसी स्टोन क्रेशर, ग्राम मुजफ्फरपुर गुजरा महतौली (लक्सर)
- मै० नेशनल एसोसिएट्स, मुजफ्फरपुर गुजरा (लक्सर)
- मै० लिमरा इन्डस्ट्रीज, नेहन्दपुर (लक्सर)
- मै० दून स्टोन क्रेशर, महतौली (लक्सर)
- मै० गणपति स्टोन क्रेशर, जवाहरखान उर्फ झीवरहेडी (लक्सर)
- मै० वानिया स्टोन क्रेशर, महतौली (लक्सर)
- मै० माँ गंगा स्टोन क्रेशर, बाडीटीप (हरिद्वार)
- मै० अलकनन्दा स्टोन क्रेशर, बाडीटीप (हरिद्वार)
- मै० एस०एस० स्टोन क्रेशर, बाडीटीप (हरिद्वार)
प्रवर्तन दल में शामिल अधिकारी
निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय की अध्यक्षता में हुई इस कार्रवाई में उप निदेशक, खान अधिकारी (देहरादून), जिला खान अधिकारी (हरिद्वार), मानचित्रकार, खान निरीक्षक, सर्वेक्षक और सहायक खनिज प्रवर्तक सहित विभाग की पूरी टीम मौजूद रही।

