ग्रामीण तहकीकात ऐप इंस्टॉल करने के लिए यहाँ क्लिक करें 📲

Day: March 19, 2026

  • शिकायतों के त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के दिए निर्देश

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सिंह ने पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की शिकायतों और समस्याओं को अत्यंत गंभीरता व संवेदनशीलता के साथ सुना। जनसुनवाई में पहुंचे नागरिकों ने अपने प्रार्थना पत्र और विभिन्न प्रकरणों को सीधे एसएसपी के समक्ष रखा, जिस पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़े लहजे में समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी अनिवार्य रूप से दी जाए ताकि पुलिसिंग के प्रति जनता का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके। संवाद और सुशासन की दिशा में उठाया गया यह कदम जनपद में बेहतर कानून-व्यवस्था स्थापित करने और पुलिस-जनता के बीच की दूरी को कम करने में सहायक सिद्ध हो रहा है।

अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी पैनी नजर

झबरेड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर चंद्र सुयाल एवं क्षेत्राधिकारी अभिनय चौधरी के निर्देशों के अनुपालन में आगामी त्योहार ‘ईदुल फितर’ को शांतिपूर्ण व सकुशल संपन्न कराने हेतु थाना झबरेड़ा परिसर में थानाध्यक्ष अजय शाह की अध्यक्षता में शांति समिति, सीएलजी सदस्यों और ग्राम प्रधानों की एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक के दौरान थानाध्यक्ष अजय शाह ने क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों से संवाद करते हुए स्पष्ट किया कि त्योहारों की आड़ में हुड़दंग करने वाले या सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस प्रशासन हर गतिविधि पर कड़ी नजर रख रहा है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा, “ईदुल फितर प्रेम और भाईचारे का प्रतीक है, अतः सभी नागरिक इसे आपसी सौहार्द के साथ मनाएं; साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी भ्रामक जानकारी या अफवाह पर ध्यान न दें और न ही उसे आगे बढ़ाएं, यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।” बैठक में शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ त्योहार को सकुशल संपन्न कराने हेतु सभी का सहयोग मांगा गया। इस अवसर पर उपनिरीक्षक योगेश कुमार, उपनिरीक्षक रोहित कुमार, उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह, उपनिरीक्षक जय सिंह राणा एवं समस्त थाना स्टाफ सहित क्षेत्र के तमाम सम्मानित ग्राम प्रधान व शांति समिति के सदस्य मुख्य रूप से मौजूद रहे।