
अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी पैनी नजर
झबरेड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर चंद्र सुयाल एवं क्षेत्राधिकारी अभिनय चौधरी के निर्देशों के अनुपालन में आगामी त्योहार ‘ईदुल फितर’ को शांतिपूर्ण व सकुशल संपन्न कराने हेतु थाना झबरेड़ा परिसर में थानाध्यक्ष अजय शाह की अध्यक्षता में शांति समिति, सीएलजी सदस्यों और ग्राम प्रधानों की एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक के दौरान थानाध्यक्ष अजय शाह ने क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों से संवाद करते हुए स्पष्ट किया कि त्योहारों की आड़ में हुड़दंग करने वाले या सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस प्रशासन हर गतिविधि पर कड़ी नजर रख रहा है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा, “ईदुल फितर प्रेम और भाईचारे का प्रतीक है, अतः सभी नागरिक इसे आपसी सौहार्द के साथ मनाएं; साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी भ्रामक जानकारी या अफवाह पर ध्यान न दें और न ही उसे आगे बढ़ाएं, यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।” बैठक में शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ त्योहार को सकुशल संपन्न कराने हेतु सभी का सहयोग मांगा गया। इस अवसर पर उपनिरीक्षक योगेश कुमार, उपनिरीक्षक रोहित कुमार, उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह, उपनिरीक्षक जय सिंह राणा एवं समस्त थाना स्टाफ सहित क्षेत्र के तमाम सम्मानित ग्राम प्रधान व शांति समिति के सदस्य मुख्य रूप से मौजूद रहे।
