ग्रामीण तहकीकात ऐप इंस्टॉल करने के लिए यहाँ क्लिक करें 📲

हरिद्वार

 

हरिद्वार। जनपद की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने और प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने देर रात पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए कई निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदल दिए हैं। जारी सूची के अनुसार, निरीक्षक रितेश शाह को कोतवाली नगर से कोतवाली भगवानपुर, कुंदन राणा को कोतवाली ज्वालापुर से कोतवाली नगर, चन्द्रभान सिंह को पुलिस लाइन से कोतवाली ज्वालापुर, विजय सिंह को कोतवाली बहादराबाद से थानाध्यक्ष झबरेड़ा और अमरजीत को कोतवाली मंगलौर से कोतवाली बहादराबाद की कमान सौंपी गई है। इसी क्रम में भगवान सिंह मेहर अब थाना बुग्गावाला से कोतवाली मंगलौर, कमल मोहन भंडारी हाईकोर्ट सेल से कोतवाली कलियर, उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार थानाध्यक्ष कलियर से थानाध्यक्ष पथरी और उपनिरीक्षक अंकुर शर्मा एसएसआई भगवानपुर से थानाध्यक्ष बुग्गावाला नियुक्त किए गए हैं। इसके अतिरिक्त उपनिरीक्षक सुखपाल मान को एसएसआई मंगलौर, मनोज गैरोला को एसएसआई बहादराबाद और यशवीर को प्रभारी चौकी भिक्कमपुर लक्सर बनाया गया है, जबकि मनोज नौटियाल, लोकपाल परमार, अजय शाह और नितिन बिष्ट को पुलिस लाइन व कार्यालय संबद्ध किया गया है। एसएसपी द्वारा किए गए इस बड़े बदलाव का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाना और पुलिसिंग व्यवस्था को नई ऊर्जा देना माना जा रहा है।

 

हरिद्वार/ऋषिकेश। आगामी कुंभ मेला-2027 को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए मेला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में शनिवार को अपर मेलाधिकारी दयानन्द सरस्वती के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने क्षेत्रीय विधायक श्रीमती रेनू बिष्ट के साथ स्वर्गाश्रम क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान गंगा घाटों के विस्तार, सुदृढ़ीकरण और यात्री सुविधाओं को लेकर गहन मंथन किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों के चौड़ीकरण, नई सीढ़ियों के निर्माण, मजबूत रेलिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और चेंजिंग रूम जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की। विधायक रेनू बिष्ट ने जोर देकर कहा कि कुंभ आस्था का सबसे बड़ा पर्व है, इसलिए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बढ़ती भीड़ को देखते हुए घाटों के विस्तार की आवश्यकता को भी रेखांकित किया।

अपर मेलाधिकारी दयानन्द सरस्वती ने सिंचाई विभाग और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण और मरम्मत के सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ मेला-2027 को सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और साधु-संतों के सुझावों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर नगर पंचायत जौंक के अधिशासी अधिकारी, सभासदगण और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने अपने-अपने स्तर पर चल रही तैयारियों का विवरण साझा किया।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

1911 वादों का मौके पर निस्तारण

हरिद्वार। ​मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जनपद हरिद्वार में आमजन को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने तथा लंबित राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में राजस्व लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस विशेष अदालत में विभिन्न प्रकार के राजस्व वादों की सुनवाई कर वादकारियों को बड़ी राहत दी गई।

​जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित इस लोक अदालत में कुल 1911 वादों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। आपसी सुलह-समझौते और प्रशासनिक हस्तक्षेप के माध्यम से वर्षों से लंबित मामलों का समाधान कर आमजन को अनावश्यक भागदौड़ से मुक्ति दिलाई गई। इस दौरान लगभग 63 लाख रुपये की राजस्व वसूली एवं अर्थदंड आरोपित किया गया।

​विवरण के अनुसार, स्टाम्प अधिनियम के अंतर्गत 19 मामलों का निस्तारण कर 60,88,442 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। आबकारी अधिनियम के 21 मामलों में 96 हजार रुपये और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के 7 मामलों में 1 लाख 10 हजार रुपये का अर्थदंड वसूला गया।

​जिलाधिकारी ने आयोजन की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन को सुलभ और पारदर्शी न्याय प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजनों से न केवल अदालतों का बोझ कम होता है, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच विश्वास भी बढ़ता है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और भारी संख्या में वादकारी उपस्थित रहे।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

 

 

हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में अवैध गतिविधियों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कड़े रुख के अनुपालन में थाना सिडकुल पुलिस ने एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर रावली महदूद के घनी आबादी वाले क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध सिलेंडरों का भंडारण बरामद किया।

पुलिस ने मौके से मुख्य आरोपी जावेद पुत्र अख्तर को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और आपूर्ति में व्यवधान की आशंका का लाभ उठाकर मोटे मुनाफे के लिए इन सिलेंडरों की कालाबाजारी करने की फिराक में था। रिहायशी इलाके में इस प्रकार का असुरक्षित भंडारण किसी बड़ी अनहोनी को दावत दे सकता था, जिसे पुलिस की सतर्कता ने समय रहते टाल दिया है।

मौके पर जिला पूर्ति अधिकारी को बुलाकर बरामदगी की वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण की गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

 

हरिद्वार। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रस्तावित विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) कार्यक्रम को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जनपद के विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी राजनीतिक दलों से अपेक्षा की है कि बीएलओ की सहायता हेतु जनपद के समस्त 1715 मतदेय स्थलों पर आगामी 31 मार्च 2026 तक बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति सुनिश्चित करें और उनकी सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को अनिवार्य रूप से उपलब्ध करा दें। बैठक में साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान तक भाजपा द्वारा 1393, कांग्रेस द्वारा 1613 एवं बसपा द्वारा 117 बीएलए नामित किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने शेष रिक्तियों को शीघ्र भरने पर विशेष बल दिया है।

पुनरीक्षण कार्य की सुगमता के लिए जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि विधानसभावार वरिष्ठ नोडल अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है और तहसीलों में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। साथ ही, प्रत्येक बूथ पर सहायता हेतु ‘बूथ अवेयरनेस ग्रुप’ (BAG) का गठन भी किया गया है। इस अवसर पर विधायक ममता राकेश, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान सहित विभिन्न दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

 

हरिद्वार। जनपद को नशा मुक्त बनाने हेतु चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली कनखल पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने एक शातिर स्मैक तस्कर को भारी मात्रा में नशीले पदार्थ के साथ दबोचा है।

📍 बैरागी कैंप के पास हुई गिरफ्तारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और प्रभारी निरीक्षक के कुशल नेतृत्व में गठित पुलिस टीम बैरागी कैंप स्थित लोहे के पुल के पास संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने शिवपुरी जगजीतपुर निवासी अनित पुत्र प्रेमचंद को संदिग्ध अवस्था में हिरासत में लिया।

⚖️ 10 ग्राम अवैध स्मैक बरामद

पुलिस द्वारा आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 10 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा (संख्या 94/26) पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस सफलता में मुख्य भूमिका निभाने वाली टीम:

  • उपनिरीक्षक: सुधांशु कौशिक
  • कांस्टेबल: प्रवल चौहान
  • कांस्टेबल: रघुवीर

 

सिडकुल। हरिद्वार पुलिस ने न्यायालय की आंखों में धूल झोंककर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमानत दिलाने वाले एक शातिर पेशेवर गैंग के नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए मास्टरमाइंड सरफराज और उसके सहयोगी सतीश को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। विदित हो कि सीजेएम कोर्ट रोशनाबाद में झूठे शपथपत्र और फर्जी जमानतियों के खेल का संज्ञान लेते हुए थाना सिडकुल पुलिस ने बीते दिनों तीन आरोपियों को जेल भेजा था, जिसके बाद इस गिरोह की कुंडली खंगालते हुए पुलिस ने आज कथित सरगना सरफराज (निवासी ज्वालापुर) और सतीश (निवासी पथरी) को दबोच लिया। विवेचना में यह सनसनीखेज तथ्य सामने आया है कि मुख्य आरोपी सरफराज ने सतीश के साथ मिलकर न्यायालय में प्रचलित एक मुकदमे में जमीन के उन कागजातों का उपयोग कर जमानत ली थी, जिनका वास्तविक स्वामी कोई और था और उसे इस फर्जीवाड़े की कानों-कान खबर तक नहीं थी। मास्टरमाइंड सरफराज दस्तावेजों में हेरफेर कर ‘नाम एक पर चेहरा और मालिकाना हक अलग’ की तर्ज पर जमानत का काला कारोबार संचालित कर रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और पूर्व में जेल भेजे गए सदस्यों के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों को माननीय न्यायालय के सम्मुख पेश कर कठोर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है, जिससे पेशेवर जमानतियों के सिंडिकेट में हड़कंप मचा हुआ है।

 

हरिद्वार। परिवहन विभाग और हीरो मोटोकॉर्प के ‘राइड सेफ इंडिया’ कार्यक्रम के तहत मंगलवार को हरिद्वार में “सुरक्षित साथी” प्रशिक्षण शिविर का भव्य आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री प्रदीप बत्रा ने दो-टूक कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग मौत को बुलावा देने जैसा है; उन्होंने अपील की कि तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग से बचकर ही सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम कसी जा सकती है। उन्होंने ‘गोल्डन ऑवर’ के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि हादसे में घायल व्यक्ति की मदद करना किसी पुण्य से कम नहीं है, इसलिए डरें नहीं और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाकर इंसानियत का फर्ज निभाएं। इस दौरान डिलीवरी पार्टनर्स और ड्राइवर्स सहित करीब 500 प्रतिभागियों को सुरक्षित ड्राइविंग और प्राथमिक उपचार की ट्रेनिंग दी गई, साथ ही मंत्री जी ने ‘सुरक्षित साथी’ किट और हेलमेट भी वितरित किए। एडीएम पी.आर. चौहान और आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने भी यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई। इस मौके पर संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव मेहरा, आरटीओ संदीप सैनी, एआरटीओ नेहा झा, रश्मि सैनी, जितेंद्र चंद और निखिल शर्मा सहित विभाग के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।

 

हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए मेला प्रशासन ने धरातल पर मोर्चा संभाल लिया है। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देशों के अनुपालन में उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह ने मंगलवार को भूपतवाला क्षेत्र का तूफानी दौरा कर जल संस्थान द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पावनधाम के सामने निर्माणाधीन ट्यूबवेल, श्यामीलोक कॉलोनी और प्राथमिक विद्यालय के समीप चल रहे बोरिंग कार्यों की प्रगति जांची और अधिकारियों को दो-टूक कहा कि गुणवत्ता के मानकों से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उप मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन में श्रद्धालुओं के लिए निर्बाध पेयजल आपूर्ति सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है, इसलिए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं। इस मौके पर तकनीकी शाखा के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल और जल संस्थान के सहायक अभियंता राकेश बमराड़ा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें कार्यदायी संस्थाओं पर पैनी नजर रखने और तकनीकी मानकों का सख्ती से पालन करने के कड़े निर्देश दिए गए।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

हरिद्वार। विश्व जल दिवस 2026 के उपलक्ष्य में जिला आपदा प्रबंधन सभागार में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान समाज में स्वच्छता और जल संरक्षण की अलख जगाने वाले जांबाजों को सम्मानित किया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि आईटीसी ‘मिशन सुनहरा कल’ और श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में शिवालिक नगर पालिका क्षेत्र की मोहल्ला समितियों, स्वच्छ दूतों और विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सराहा गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मौजूद शिवालिक नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एवं स्वच्छता नोडल अधिकारी चंद्रकांतमणि त्रिपाठी ने स्वच्छता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों पर जोर देते हुए कहा कि आईटीसी मिशन सुनहरा कल द्वारा शिक्षा और सफाई के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने जल की हर बूंद को बचाने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई, साथ ही बेहतर कार्य करने वाले सफाई कर्मियों और जागरूक छात्रों का उत्साहवर्धन किया गया।