ग्रामीण तहकीकात ऐप इंस्टॉल करने के लिए यहाँ क्लिक करें 📲

हरिद्वार

 बहादराबाद/हरिद्वार। मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान और एसएसपी हरिद्वार के ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बहादराबाद पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली बहादराबाद पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए पतंजलि फेस-1 अंडरपास, शांतरशाह क्षेत्र से एक चरस तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

पकड़े गए आरोपी की पहचान मुकेश पुत्र कुरड़ी (निवासी ग्राम शांतरशाह) के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा की गई तलाशी में उसके कब्जे से 54.26 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। उपनिरीक्षक करम सिंह चौहान के नेतृत्व में कांस्टेबल अंकित कुमार और अवनेश राणा की टीम ने आरोपी की घेराबंदी कर उसे उस वक्त दबोचा, जब वह नशे की खेप खपाने की फिराक में था।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उसे जेल भेजने की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बहादराबाद पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी आक्रामकता के साथ जारी रहेगा।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

 

रानीपुर/हरिद्वार। एसएसपी हरिद्वार के निर्देशन में शुरू हुए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस ने बीएचईएल (BHEL) क्षेत्र में बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों के सत्यापन हेतु कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भेल सेक्टर-1 स्थित शॉपिंग सेंटर, खोखा मार्केट और आसपास की दुकानों में औचक छापेमारी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान दुकानों पर कार्य करने वाले कर्मचारियों और संचालकों के दस्तावेजों की गहनता से जांच की गई। इस कार्रवाई में 6 दुकान स्वामियों द्वारा अपने यहां कार्यरत व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन न कराए जाने की गंभीर लापरवाही सामने आई। पुलिस ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले इन सभी 6 दुकानदारों के खिलाफ तत्काल चालान की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई।

कोतवाली रानीपुर पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के अंतर्गत पूरे क्षेत्र में सत्यापन अभियान निरंतर जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने सख्त लहजे में कहा कि जो भी संस्थान, व्यापारिक प्रतिष्ठान या मकान मालिक अपने यहां रहने या काम करने वाले बाहरी व्यक्तियों का विवरण पुलिस को उपलब्ध नहीं कराएंगे, उनके विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में उपनिरीक्षक और कांस्टेबल स्तर के पुलिस कर्मियों की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

 

हरिद्वार। माननीय न्यायालय के आदेशों का सम्मान और एसएसपी हरिद्वार के ‘ऑपरेशन प्रहार’ को धार देते हुए बहादराबाद पुलिस ने लंबे समय से कानून की नजरों से बच रहे एक वारंटी को सलाखों के पीछे भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक के कुशल निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने गुरुवार को सटीक सूचना के आधार पर ग्राम डेरावाला अहमदपुरग्रांट में दबिश देकर वारंटी विजयपाल पुत्र संतूराम को उसके घर से ही दबोच लिया।

आरोपी के खिलाफ माननीय न्यायालय से वारंट जारी थे, जिसके बाद से पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। उपनिरीक्षक अमित नौटियाल और कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान की टीम ने इस गिरफ्तारी को अंजाम देकर स्पष्ट कर दिया है कि क्षेत्र में छिपे बैठे किसी भी वारंटी या वांछित अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बहादराबाद पुलिस का यह अभियान आने वाले दिनों में और अधिक सक्रियता के साथ जारी रहेगा ताकि क्षेत्र में कानून का शासन और मजबूत हो सके। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य वारंटियों में हड़कंप मचा हुआ है।

रिपोर्ट – ग्रामीण तहकीकात 

हरिद्वार। तीर्थ नगरी स्थित प्रेस क्लब हरिद्वार के नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महासचिव सूर्यकांत बेलवाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

विशिष्ट अतिथि निरंजनी अखाड़े के सचिव महंत रविंद्र पुरी महाराज ने उपाध्यक्ष दीपक मिश्रा व देवेंद्र शर्मा, सचिव कुलभूषण शर्मा व जोगेंद्र सिंह मावी, सांस्कृतिक सचिव महताब आलम, प्रचार सचिव तनवीर अली और कोषाध्यक्ष काशीराम सैनी को शपथ ग्रहण कराई। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा कार्यकारिणी के अन्य 15 सदस्यों को शपथ दिलाई गई।

अपने संबोधन में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि शासन-प्रशासन और प्रेस का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन को खुशहाल बनाना है, जिसके लिए आपसी समन्वय अनिवार्य है। उन्होंने सोशल मीडिया के दौर में खबरों की सत्यता और जिम्मेदारी पर विशेष जोर दिया। मुख्य सचिव ने विश्वास जताया कि 2027 का कुंभ सभी के सहयोग से दिव्य और भव्य होगा। विशिष्ट अतिथि रविंद्र पुरी ने मुख्य सचिव के पूर्व अनुभवों को कुंभ के सफल आयोजन की कुंजी बताया।

इस गरिमामयी अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर का भी स्वागत किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार शिव शंकर जायसवाल, कौशल सिखौला, सुनील दत्त पांडे सहित भारी संख्या में प्रेस प्रतिनिधि एवं गणमान्य जन उपस्थित रहे।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

 

हरिद्वार। आकांक्षी जनपद एवं आकांक्षी विकासखंड के अंतर्गत संचालित ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ की प्रगति को लेकर नीति आयोग, भारत सरकार के उप सचिव गौरव कटियार एवं कंसलटेंट अमितेश पांडेय की अध्यक्षता में विकास भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। मुख्य विकास अधिकारी की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में जनपद के समस्त रेखीय विभागों और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक के दौरान अभियान के तहत निर्धारित संकेतकों (इंडिकेटर्स) की जमीनी हकीकत परखी गई। मुख्य विकास अधिकारी ने अवगत कराया कि निर्धारित लक्ष्यों में से 08 इंडिकेटर्स को अब तक पूर्णतः संतृप्त कर लिया गया है। वहीं, शेष बचे हुए मानकों को इसी माह यानी अप्रैल 2026 के अंत तक शत-प्रतिशत पूर्ण करने का कड़ा लक्ष्य रखा गया है।

नीति आयोग के उप सचिव गौरव कटियार ने सेवा वितरण और विकास संकेतकों में अपेक्षित सुधार लाने हेतु अधिकारियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें। बैठक में आकांक्षी विकासखंडों में विकास की गति तेज करने और जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुँचाने पर विशेष बल दिया गया।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

 

हरिद्वार/ज्वालापुर। महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के ‘जीरो टॉलरेंस’ निर्देशों का असर कोतवाली ज्वालापुर में देखने को मिला है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ और मारपीट के आरोपी को महज कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के अनुसार, ज्वालापुर निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर मूलचंद उर्फ भूला पर अपनी 14 वर्षीय बेटी के साथ घर में घुसकर जबरदस्ती, मारपीट और छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल धारा 115(2), 65(1) BNS एवं पोक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।

प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय और सोनल रावत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी मूलचंद उर्फ भूला (निवासी मथुरा, हाल निवासी मोहल्ला कडच्छ) को शास्त्री नगर, ज्वालापुर से धर दबोचा। त्वरित कार्यवाही करने वाली इस टीम में कांस्टेबल महावीर सिंह और कर्म सिंह चौहान भी शामिल रहे। गिरफ्तार आरोपी को विधिक प्रक्रिया के उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

 

हरिद्वार। अतमलपुर बौंगला स्थित एक ऑफिस में हुई चोरी का खुलासा करते हुए बहादराबाद पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों को चोरी के माल और घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन के साथ गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

घटना के संबंध में जियापोता निवासी प्रभाकर कश्यप ने अपने ऑफिस से गैस सिलेंडर, इनवर्टर, एसी और बैटरी चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया था। एसएसपी के कड़े रुख को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक द्वारा गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम जब पथरी पुल पिकेट पर चेकिंग कर रही थी, तभी एक संदिग्ध नीले रंग की पिकअप को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से चोरी किया गया स्टेबलाइजर, बैटरी, इनवर्टर और गैस सिलेंडर बरामद हुआ।

पूछताछ के दौरान आरोपियों—उस्मान (लक्सर), राहुल (जमालपुर कलां) और रवि कुमार (ज्वालापुर) ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने नशे की हालत में बौंगला अंडरपास के पास स्थित ऑफिस में सेंधमारी की थी। उपनिरीक्षक अमित नौटियाल के नेतृत्व वाली टीम ने आरोपियों को हिरासत में लेकर जेल भेजने की वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर ली है।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

हरिद्वार। आगामी चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने और एलपीजी गैस की संभावित किल्लत को दूर करने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में मंगलवार को नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान की अध्यक्षता में होटल एसोसिएशन और धर्मशाला पदाधिकारियों के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान नगर मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा के दौरान गैस आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान समय रहते पीएनजी (PNG) गैस कनेक्शन के लिए आवेदन कर लें। उन्होंने पीएनजी गैस प्रबंधक को कड़े निर्देश दिए कि आवेदन करने वाले प्रतिष्ठानों को बिना किसी ढिलाई के जल्द से जल्द कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही, इंडियन ऑयल और बीपीसीएल के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की मांग के अनुसार एलपीजी आपूर्ति के लिए विशेष प्रबंध सुनिश्चित करें।

बैठक में मौजूद इंडियन ऑयल के अधिकारी मयंक कुमार ने आश्वस्त किया कि वर्तमान में एलपीजी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि जो प्रतिष्ठान गैस प्राप्त करना चाहते हैं, उन्हें अपने पुराने रिकॉर्ड और खपत का विवरण उपलब्ध कराना होगा। इस अवसर पर जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल और होटल व धर्मशाला एसोसिएशन के विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे। यह पहल यात्रा सीजन के दौरान निर्बाध सेवाओं को सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

विशेष रिपोर्ट – दैनिक ग्रामीण तहकीकात टीम

 

रोशनाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की अध्यक्षता में आज पुलिस कार्यालय रोशनाबाद के सभागार में ‘सैनिक सम्मेलन’ का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के विभिन्न थानों व शाखाओं से आए जवानों की समस्याओं को सुनकर उनका मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा शेष प्रकरणों के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। सम्मेलन के दौरान एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को जनता के साथ मधुर व्यवहार और ‘फ्रेंडली पुलिसिंग’ अपनाने की नसीहत देते हुए स्पष्ट किया कि अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी। कार्यक्रम के अंत में कार्यक्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करने और जटिल अपराधों का खुलासा करने वाले 5 महिला पुलिसकर्मियों सहित कुल 41 जवानों को ‘पुलिस मैन/वुमेन ऑफ द मंथ’ के सम्मान से नवाजा गया, जिनमें उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल होशियार सिंह, उपनिरीक्षक नन्द किशोर, कांस्टेबल विशन चौहान, हेड कांस्टेबल कुलवीर सिंह, उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल, महिला कांस्टेबल पूनम भट्ट, कांस्टेबल मुकेश राणा, कांस्टेबल अमन तोमर, महिला उपनिरीक्षक मनीषा नेगी, महिला हेड कांस्टेबल रीना रावत, कांस्टेबल रणवीर सिंह, कांस्टेबल चालक लाल सिंह, कांस्टेबल तेजपाल सिंह, कांस्टेबल जयपाल चौहान, उपनिरीक्षक दीपक चौधरी, हेड कांस्टेबल सतपाल सिंह, उपनिरीक्षक राकेश डिमरी, कांस्टेबल बसन्त कुमार, उपनिरीक्षक बालाराम जोशी, कांस्टेबल उबैदउल्ला, कांस्टेबल विक्रम सिंह, कांस्टेबल महिपाल सिंह, कांस्टेबल अलीम अहमद, कांस्टेबल दीपक राम, हेड कांस्टेबल दिनेश राणा, कांस्टेबल अंकित रावत, महिला कांस्टेबल नेहा, मुख्य आरक्षी भूमिका कुमारी, फायरमैन सुरेश कुमार, उपनिरीक्षक नवनीत त्यागी, उपनिरीक्षक सुनील नेगी, हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल वाजिद हुसैन, कांस्टेबल चालक नरेन्द्र नेगी, उपनिरीक्षक युवराज सिंह, कांस्टेबल मुकेश कुमार, कांस्टेबल सतेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल जबर सिंह, उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह राय एवं कांस्टेबल हरीश रावत शामिल रहे।

 

सुरक्षित यात्रा के लिए परिवहन विभाग की बड़ी पहल

हरिद्वार। आगामी चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से सोमवार को एआरटीओ कार्यालय रोशनाबाद में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा द्वारा ‘ग्रीन कार्ड प्रणाली’ का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह प्रणाली व्यावसायिक यात्री वाहनों की तकनीकी फिटनेस सुनिश्चित करने के साथ-साथ आपातकालीन स्थिति में त्वरित जानकारी उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगी। वाहन स्वामी अब विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर तकनीकी निरीक्षण के पश्चात अपना ग्रीन कार्ड प्राप्त कर सकेंगे, जिससे यात्रा के दौरान पारदर्शिता और सुरक्षा दोनों बढ़ेगी। कार्यक्रम में ग्रीन कार्ड को प्रभावी ढंग से ऑनलाइन लागू करने के लिए एनआईसी उत्तराखंड के वरिष्ठ निदेशक हिमांशु कुमार और संयुक्त निदेशक रमन पुंडीर के विशेष प्रयासों की सराहना की गई। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का सफल आयोजन आरटीओ (प्रशासन) देहरादून संदीप सैनी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह, संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव मेहरा, उप परिवहन आयुक्त सुनील शर्मा व शैलेश तिवारी, आरटीओ डॉ. अनीता चमोला सहित एआरटीओ हरिद्वार निखिल शर्मा, नेहा झा, एआरटीओ रुड़की जितेंद्र चंद एवं कृष्ण पलारिया और रोशनाबाद कार्यालय के समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

परिवहन विभाग का संदेश:

चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ग्रीन कार्ड प्रणाली केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि सुरक्षित सफर की गारंटी है। सभी वाहन स्वामियों से अपील है कि वे समय रहते अपने वाहनों का तकनीकी निरीक्षण कराकर ग्रीन कार्ड प्राप्त करें ताकि यात्रा के दौरान किसी भी असुविधा से बचा जा सके। विभाग तकनीक और पारदर्शिता के माध्यम से इस वर्ष की यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।