
ग्रामीण तहकीकात संवाददाता / फरमान
मंगलौर। गन्ना किसानों के लिए राहत भरी खबर है। रुड़की के मंगलौर क्षेत्र में स्थित लिब्बरहेड़ी उत्तम शुगर मिल का नए पेराई सत्र के लिए भव्य शुभारंभ किया गया। मिल के शुरू होने से आसपास के क्षेत्र के हजारों गन्ना किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। शुभारंभ कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोकदल के नेता उबैर्दुहमान उर्फ मोंटी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने किसानों के हितों की पैरवी करते हुए उत्तराखंड सरकार से गन्ने का मूल्य बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि उत्तम शुगर मिल के शुरू होने से आसपास के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। किसानों की सबसे बड़ी जरूरत यह है कि उनकी फसल समय पर मिल तक पहुंचे और उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके अपनी फसल तैयार करता है। खेती में लगातार लागत बढ़ रही है, ऐसे में किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य मिलना बेहद जरूरी है। जब किसान की फसल का समय पर उठान होगा और उसे गन्ने का उचित दाम मिलेगा, तभी किसान आर्थिक रूप से मजबूत और खुशहाल बन सकेगा। वहीं, उन्होंने उत्तराखंड सरकार से गन्ना किसानों के हित में गन्ने का मूल्य बढ़ाने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की आर्थिक स्थिति और खेती पर बढ़ते खर्च को ध्यान में रखते हुए गन्ने के दाम में बढ़ोतरी करनी चाहिए, ताकि किसानों को उनकी मेहनत का पूरा लाभ मिल सके। आखिरकार, उत्तम शुगर मिल के शुभारंभ से क्षेत्र के गन्ना किसानों को नई उम्मीद मिली है। अब किसानों की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि पेराई सत्र सुचारू रूप से चले, गन्ने का उठान समय पर हो और उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
