ग्रामीण तहकीकात / हीना कौसर

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दो मुस्लिम बहनों के प्रस्तावित निकाह को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, दोनों बहनों का निकाह 12 नवंबर को होना तय है। बहनों ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके होने वाले पतियों के हिंदू नाम होने के कारण कुछ लोग विवाह समारोह का विरोध कर रहे हैं। शिकायत के मुताबिक, दोनों बहनों का रिश्ता दो सगे भाइयों से तय हुआ है और दोनों दूल्हे मुस्लिम हैं। परिवार में कई पीढ़ियों से हिंदू नाम रखने की परंपरा बताई गई है। बहनों का कहना है कि निकाह के लिए मोहल्ला मोहम्मद गौरी स्थित बड़े कब्रिस्तान के पास एक विवाह मंडप बुक कराया गया था, लेकिन कथित तौर पर एक व्यक्ति ने मंडप संचालक को फोन कर कार्यक्रम रद्द करने का दबाव बनाया और निकाह के दिन हंगामा करने की धमकी दी। इस घटनाक्रम के बाद परिवार ने समारोह के दौरान किसी अप्रिय स्थिति की आशंका जताते हुए पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। बताया गया है कि निकाह के निमंत्रण पत्र भी छप चुके हैं और सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं। मामले में सीओ शैलेंद्र प्रताप गौतम के अनुसार, शिकायत के आधार पर जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मंडप संचालक को किए गए कथित फोन कॉल की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
