ग्रामीण तहकीकात ऐप इंस्टॉल करने के लिए यहाँ क्लिक करें 📲

Month: March 2026

संवाददाता ग्रामीण तहकीकात 

रुड़की। रुड़की के भारापुर भोरी क्षेत्र में सड़कों पर पसरे अंधेरे और उससे पैदा होने वाले असुरक्षा के डर ने ग्रामीण महिलाओं को मोर्चा खोलने पर मजबूर कर दिया। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी के नेतृत्व में दर्जनों महिलाओं ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात की और अपनी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।

अंधेरे के कारण बना रहता है असामाजिक तत्वों का डर

ज्ञापन सौंपने पहुंची महिलाओं ने बताया कि वे विभिन्न कंपनियों में काम करती हैं। काम से लौटते समय भारापुर भोरी क्षेत्र के मुख्य रास्ते पर स्ट्रीट लाइट न होने के कारण भारी अंधेरा रहता है। रात के समय इस रास्ते से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं होता। महिलाओं ने आरोप लगाया कि अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व भी सक्रिय रहते हैं, जिससे उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता सताती रहती है।

रोमा सैनी ने उठाई महिलाओं की आवाज

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी ने कहा कि क्षेत्र की महिलाओं ने पिछले दिनों उनसे मिलकर इस गंभीर समस्या से अवगत कराया था। उन्होंने कहा, “महिलाएं आत्मनिर्भर होकर काम पर जा रही हैं, लेकिन रास्ते में बुनियादी सुविधाओं की कमी उनकी सुरक्षा में बाधा बन रही है।” इसी के मद्देनजर आज सांसद महोदय को वस्तुस्थिति से अवगत कराया गया है।

सांसद का आश्वासन: लगेंगी 10 स्ट्रीट लाइटें और सीसीटीवी

महिलाओं की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मौके पर ही समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि महिलाओं की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जल्द ही इस चिन्हित रास्ते पर 10 नई स्ट्रीट लाइटें लगवाने और सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के निर्देश दिए।

सांसद ने स्पष्ट किया कि विभाग को इस संबंध में जल्द ही कार्रवाई के आदेश दे दिए जाएंगे, ताकि रात के समय घर लौटने वाली श्रमिक महिलाओं और स्थानीय निवासियों को कोई असुविधा न हो।

संवाददाता ग्रामीण तहकीकात 

देहरादून। फेमिना मिस इंडिया उत्तराखंड का ग्रैंड फिनाले 21 मार्च को आयोजित किया जाएगा। उत्तराखंड में आयोजित दो ऑडिशन राउंड्स के बाद 21 प्रतिभागियों का चयन किया गया है, जिनके बीच ग्रैंड फिनाले में ताज के लिए मुकाबला होगा।

ग्रैंड फिनाले के दौरान प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए 8 सब-टाइटल भी दिए जाएंगे, जिनमें मिस फोटोजेनिक, मिस ब्यूटिफुल स्माइल, मिस टैलेंटेड, मिस वाइब्रेंट पर्सनैलिटी, मिस रैंप वॉक, मिस ग्लोइंग स्किन, मिस कॉन्जिनियल और मिस ब्यूटिफुल आइज शामिल हैं।

इस प्रतियोगिता की विजेता फेमिना मिस इंडिया उत्तराखंड के रूप में चुनी जाएंगी और मुंबई में आयोजित होने वाली फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। उत्तराखंड में इस स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन पहली बार किया जा रहा है।

प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों की इंडियन एथनिक कॉस्ट्यूम को ऋचा एहलावत की छाप क्रिएशन द्वारा डिजाइन किया गया है, जबकि इवनिंग गाउन रुचिका गोयल और अपराजिता गोयल द्वारा तैयार किए गए हैं।

जजमेंट के लिए मुंबई से मिस इंडिया 2024 निकिता पोरवाल विशेष रूप से देहरादून पहुंचेंगी। शो की कोरियोग्राफी जैज पुष्कर सोनी द्वारा की जाएगी, जबकि इवेंट कोऑर्डिनेशन की जिम्मेदारी हिमानी रावत, अनन्या भंडारी और राहुल छाबड़ा निभाएंगे। प्रतिभागियों की स्टाइलिंग के लिए मुंबई से निशांक सेनानी और प्रियादिति सिंधी मौजूद रहेंगे। सिनमिट कम्यूनिकेशंस के डायरेक्टर दलीप सिंधी और राजीव मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों का ट्रेनिंग प्रोग्राम 17 मार्च से शुरू होगा। इसके तहत 17 मार्च को ओरिएंटेशन और रैंप वॉक ट्रेनिंग, 18 मार्च को कोरियोग्राफी और फोटोशूट, 19 मार्च को सब-टाइटल राउंड विद मीडिया, 20 मार्च को कोरियोग्राफी और टेक रन तथा 21 मार्च को ग्रैंड फिनाले का आयोजन किया जाएगा।

ट्रेनिंग कार्यक्रम सेंट्रियो मॉल के स्काई डैक में आयोजित किया जाएगा। मिस इंडिया टीम के बेनेट नाथन ने बताया कि

फेमिना मिस इंडिया उत्तराखंड का आयोजन फेमिना मिस इंडिया के लाइसेंसी सिनमिट कम्यूनिकेशंस द्वारा किया जा रहा है। इस आयोजन में लक्ष्मी ज्वैलर्स, न्यू इरा मॉडलिंग फोटो स्टूडियो, औरा हाइट्स, जेबीसीसी लाउंज, औरा दून लेज़र होटल, एलोरास मेल्टिंग मुमेंट्स, एडोन, पेटअल्स, रोमियों लेन, ओंकार प्रिंटर्स और सेंट्रियो मॉल का विशेष सहयोग रहेगा।

इस मौके पर मिस इंडिया टीम के बेनेट नाथन, सिनमिट कम्यूनिकेशंस के डायरेक्टर दलीप सिंधी और राजीव मित्तल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

संवाददाता ग्रामीण तहकीकात 

मंगलौर। हरिद्वार पुलिस ने कार लूट की एक सनसनीखेज वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। कप्तान नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में मंगलौर पुलिस ने हरियाणा के एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को लूटी हुई नेक्सोन कार के साथ दबोच लिया है। आरोपी ने अपने नशे और महंगे शौक पूरे करने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था।

क्या थी पूरी घटना?

​बीती 14 मार्च की रात करीब 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि रोहित कुमार (निवासी नगला ऐमाद) से तीन अज्ञात बदमाशों ने उनकी नेक्सोन कार (DL8C-BL-0846) लूट ली है। बदमाशों ने चालक को धक्का देकर बाहर फेंका और कार लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक मंगलौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और नाकाबंदी शुरू कर दी।

भागते समय एक्सीडेंट और खेतों में फरारी

​लूट के बाद भाग रहे बदमाशों ने हड़बड़ाहट में एक स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार का अगला टायर फट गया। पुलिस को पीछे आता देख और गाड़ी की हालत खराब होते देख आरोपी लिब्बरहेड़ी फ्लाईओवर के पास कार छोड़कर खेतों की ओर भाग निकले। पुलिस ने तुरंत कार को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश तेज कर दी।

दोस्तों को नीचा दिखाने के लिए बना ‘लुटेरा’

​गिरफ्तार आरोपी नीरज (निवासी सोनीपत, हरियाणा) ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह 13 मार्च को अपने दोस्तों के साथ हरिद्वार घूमने आया था, लेकिन शराब पीने के दौरान दोस्तों से विवाद हो गया और दोस्त उसे छोड़कर अपनी गाड़ी से हरियाणा चले गए।

​नीरज ने बदला लेने और दोस्तों को यह दिखाने के लिए कि “उसके पास भी अपनी गाड़ी है”, रुड़की से एक कार किराए पर बुक की और योजनाबद्ध तरीके से गुड़ मंडी के पास चालक को धक्का देकर कार लूट ली।

हरियाणा का खूंखार अपराधी है नीरज

​पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी नीरज हरियाणा के मुरथल और सोनीपत क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर हत्या के प्रयास (307), धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं। मंगलौर पुलिस ने उसे घेराबंदी कर क्षेत्र से ही दबोच लिया।

सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम:

इस बड़ी लूट का खुलासा करने और आरोपी को दबोचने में निम्नलिखित टीम की मुख्य भूमिका रही:

  • प्रभारी निरीक्षक: अमरजीत सिंह
  • ​वरिष्ठ उपनिरीक्षक (व.उ.नि.): मनोज गैरोला
  • ​उपनिरीक्षक (उ.नि.): प्रवीण विष्ट
  • ​उपनिरीक्षक (उ.नि.): हेमदत्त भारद्वाज
  • ​हेड कांस्टेबल: अमित शर्मा
  • ​कांस्टेबल: अरविन्द
  • ​कांस्टेबल: सुधीर
  • ​कांस्टेबल: विनोद
  • ​कांस्टेबल: नरेश

संवाददाता ग्रामीण तहकीकात 

हरिद्वार। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में ‘जनसुनवाई कार्यक्रम’ का आयोजन किया। इस दौरान राजस्व, बिजली, पानी और अवैध कब्जे से जुड़ी कुल 70 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 38 का निस्तारण जिलाधिकारी ने मौके पर ही कर दिया। शेष शिकायतों के लिए संबंधित अधिकारियों को समय सीमा के भीतर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

प्रमुख शिकायतें जिन पर रहा डीएम का फोकस:

जनसुनवाई में कई गंभीर मामले सामने आए, जिस पर जिलाधिकारी ने तुरंत संज्ञान लिया:

  • लाइनमैन की शिकायत: भारापुर (रुड़की) की ग्राम प्रधान कविता रानी ने लाइनमैन पर अभद्र व्यवहार और फोन न उठाने का आरोप लगाते हुए उसे बदलने की मांग की।
  • जोहड़ पर अवैध कब्जा: रणसुरा (रुड़की) के ग्रामीणों ने जोहड़ और नाले पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जिससे गांव का पानी सड़कों पर जमा हो रहा है।
  • खराब ट्यूबवेल: मूलदासपुर (रुड़की) के किसानों ने बताया कि सिंचाई ट्यूबवेल (RG06) की मोटर 28 फरवरी से खराब है, जिससे फसलें सूख रही हैं।
  • विद्युत बिल में गड़बड़ी: शिवा कुमार ने मीटर रीडर द्वारा गलत रीडिंग दर्ज करने और भारी बिल वसूली की शिकायत की।
  • सीएम हेल्पलाइन पर सख्त रुख: 36 दिन से अधिक लंबित शिकायतों पर जवाब तलब

जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन (1905) की समीक्षा के दौरान पाया कि L1 स्तर पर 401 और L2 स्तर पर 117 शिकायतें अभी भी लंबित हैं। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि 36 दिन से अधिक पुरानी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि शिकायतकर्ता से फोन पर बात कर उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करें।

“लापरवाही की तो होगी कार्रवाई”

डीएम मयूर दीक्षित ने दो टूक शब्दों में कहा कि जनसुनवाई में आने वाली समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण (Field Visit) की जरूरत है, अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर मौके पर जाएं और समाधान निकालें।

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) ललित नारायण मिश्रा, एडीएम पी.आर. चौहान, सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह, डीडीओ वेद प्रकाश, एसडीएम जितेंद्र कुमार सहित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

संवाददाता ग्रामीण तहकीकात 

हरिद्वार। जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ जिला प्रशासन ने मोर्चा खोल दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के कड़े रुख के बाद जिला पूर्ति विभाग की टीम ने विभिन्न होटलों और ढाबों पर छापेमारी कर 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि घरेलू गैस का दुरुपयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

छापेमारी से मचा हड़कंप, इन क्षेत्रों में हुई कार्रवाई

जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन और भारत सरकार के ‘आवश्यक वस्तु अधिनियम’ (प्राकृतिक गैस आपूर्ति विनियमन आदेश 2026) के तहत जनपद के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई।

रविवार, 15 मार्च को क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों की संयुक्त टीम ने कुल 15 होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट्स में आकस्मिक छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान:

  • नवोदय नगर (बहादराबाद): यहां से 05 घरेलू सिलेंडर बरामद किए गए।
  • तहसील भगवानपुर: यहां भी टीम ने 05 सिलेंडर कब्जे में लिए।

कुल 10 सिलेंडर जब्त करते हुए संबंधित दुकानदारों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

41 गैस एजेंसियों पर तैनात किए गए नोडल अधिकारी

प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए जिलाधिकारी ने जनपद की सभी 41 गैस एजेंसियों पर अलग-अलग नोडल अधिकारी नामित किए हैं। ये 41 अधिकारी नियमित रूप से एजेंसियों का निरीक्षण करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि प्राकृतिक गैस, एलपीजी या सीएनजी की कालाबाजारी या दुरुपयोग न हो।

जिलाधिकारी के सख्त निर्देश

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पूर्ति विभाग को सख्त हिदायत दी है कि यह अभियान निरंतर जारी रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो घरेलू गैस सिलेंडर आम जनता की रसोई के लिए हैं, उनका उपयोग व्यापारिक लाभ के लिए करना कानूनन अपराध है। ऐसे प्रतिष्ठानों के विरुद्ध भविष्य में और भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

 

 

नवीन कुमार संपादक ग्रामीण तहकीकात 

हरिद्वार। जनपद में एलपीजी गैस की किल्लत और उपभोक्ताओं को आ रही परेशानियों को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। रविवार को आपदा कंट्रोल रूम में गैस एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जनपद में गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या अवैध रिफिलिंग मिलने पर संबंधित के खिलाफ तत्काल मुकदमा (FIR) दर्ज कराया जाएगा।

केवाईसी (KYC) के लिए खुलेंगे अलग काउंटर

बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि जनपद में गैस की कोई कमी नहीं है। गैस एजेंसियों पर लग रही भीड़ का मुख्य कारण कई उपभोक्ताओं द्वारा केवाईसी अपडेट न कराया जाना है, जिससे उनकी बुकिंग नहीं हो पा रही है। इस पर जिलाधिकारी ने सभी एजेंसियों को निर्देश दिए कि केवाईसी के लिए अलग से काउंटर खोले जाएं और लोगों को ऑनलाइन केवाईसी के लिए जागरूक किया जाए।

होम डिलीवरी पर जोर, बैक-लॉग खत्म करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से लाइन में न लगना पड़े, इसके लिए ‘होम डिलीवरी’ व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने पुराने बैक-लॉग को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने और चिकित्सालयों, शिक्षण संस्थानों व आश्रमों को प्राथमिकता पर गैस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

अधिकारियों को छापेमारी के आदेश

जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों (SDM), खंड विकास अधिकारियों और नोडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों की निरंतर मॉनिटरिंग करने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी समय-समय पर निरीक्षण करें और अवैध गतिविधियों पर छापेमारी की कार्रवाई सुनिश्चित करें।

शिकायतों का तुरंत होगा निस्तारण

कंट्रोल रूम में प्राप्त हो रही शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर शिकायत का तत्परता से समाधान हो और शिकायतकर्ता से बात कर फीडबैक भी लिया जाए। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वर्तमान में स्थिति सामान्य है, इसलिए किसी को घबराने की जरूरत नहीं है; बुकिंग के आधार पर सभी को गैस उपलब्ध कराई जाएगी।

बैठक में ये रहे मौजूद:

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, एसपी क्राइम निशा यादव, एसडीएम जितेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी वेदप्रकाश सहित गैस एजेंसियों के विक्रय अधिकारी अश्वनी कुमार व सुनील सिंह आदि उपस्थित रहे।

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

पिरान कलियर। हरिद्वार पुलिस को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी हरिद्वार के कड़े निर्देशों के बाद वांछित अपराधियों की धरपकड़ में जुटी पिरान कलियर पुलिस ने ₹5000 के इनामी बदमाश दानिश को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था।

लंबे समय से था फरार, एसएसपी ने घोषित किया था इनाम

जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दानिश पुत्र इकराम निवासी ग्राम थीथकी गोपाली (देवबंद, सहारनपुर) थाना पिरान कलियर पर दर्ज मुकदमा संख्या 347/2025 में वांछित चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) द्वारा आरोपी पर ₹5000 का इनाम घोषित किया गया था।

घेराबंदी कर देवबंद हाईवे से दबोचा

थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। शनिवार को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने देवबंद हाईवे स्थित गोपाली चौकी के पास जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।

ये रहे पुलिस टीम का हिस्सा

इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार, महिला उपनिरीक्षक विशाखा राठौर, हेड कांस्टेबल अमित कुमार, कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह और होमगार्ड अंकित कुमार शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।

संवाददाता ग्रामीण तहकीकात

रुड़की/टिकोला। ग्राम टिकोला में उस समय भारी उत्साह और हर्षोल्लास का माहौल देखने को मिला, जब गांव के भांजे ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर अपनी ननिहाल का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। सैन्य अधिकारी के रूप में अपनी गौरवशाली उपलब्धि हासिल कर पहली बार मामाओं के घर पहुंचने पर पूरे गांव ने उनका पलक-पावड़े बिछाकर भव्य स्वागत किया। इस दौरान आयोजित एक विशेष सम्मान समारोह के संयोजक पूर्व प्रधानाचार्य मामचंद शर्मा, और शिवम शर्मा ने अपने भांजे को फूल-मालाओं से लाद दिया और मिठाई खिलाकर उसकी सफलता का जश्न मनाया। वक्ताओं ने कहा कि एक भांजे की सफलता पूरे ननिहाल पक्ष के लिए सबसे बड़ी खुशी होती है और उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके माता-पिता, बल्कि टिकोला गांव के समस्त मामाओं का मान बढ़ाया है। वही शिवम शर्मा के पिता ने सभी का आभार व्यक्त किया और उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को से एक संदेश जाएगा इसे युवा पीढ़ी अपने आप को काबिल बना सकेगी वही शिवम शर्मा की माता रेनू शर्मा ने कहा कि उन्होंने अपने बच्चों के साथ काफी स्ट्रगल किया है रात में उनके साथ जाकर उसकी व्यवस्था का ध्यान रखना और वही उसकी जरूरत का ध्यान रखना एक मां की जिम्मेदारी होती है जो उन्होंने निभाई वही शिवम शर्मा की माता रेनू शर्मा ने कहा कि बच्चों को अपने पढ़ाई के लिए तो प्रयास करना ही है मगर उनकी माता-पिता को भी बच्चों को पढ़ने के लिए प्रयास करना जरूरी है और कहा कि उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी सेना में अधिकारी बनकर देश सेवा करने के लिए प्रेरित करेगी।इस अवसर पर राजीव कौशिक, संदीप शर्मा, अशोक चौधरी, बिनेश ठेकेदार, विजय कुमार, संदीप प्रधान, उज्जवल कौशिक, आशु शर्मा और विक्रांत शर्मा सहित अनेक ग्रामीणों ने युवा सैन्य अधिकारी को उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद दिया।

संवाददाता ग्रामीण तहकीकात 

रुड़की। भगवानपुर-मंगलौर नेशनल हाईवे पर पनियाला गांव के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा होने की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज की बस और एलपीजी सिलेंडरों से भरे ट्रक के बीच कथित तौर पर आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक में लदे गैस सिलेंडर ताश के पत्तों की तरह सड़क पर बिखर गए, जिससे हाईवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

चीख-पुकार के बीच राहगीरों ने संभाला मोर्चा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद मौके पर महिलाओं और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के राहगीर और ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े। इस हादसे में करीब पांच लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है, जिनमें महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से सभी घायलों को तत्काल रुड़की के सिविल अस्पताल और नजदीकी निजी चिकित्सालयों में उपचार हेतु भर्ती कराया गया है।

हाईवे पर लगा लंबा जाम, जांच में जुटी पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को संभाला। सड़क पर बिखरे सिलेंडरों और क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण हाईवे पर जाम लग गया और लोगों का भारी हुजूम जमा हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराने का प्रयास शुरू कर दिया है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल प्राथमिकता घायलों को बेहतर उपचार दिलाने और हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था बहाल करने की है।

रिपोर्ट – ग्रामीण तहकीकात संवाददाता 

सहारनपुर। जनपद में अपराधियों और वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह के कुशल निर्देशन में थाना जनकपुरी पुलिस ने एक ऐसे शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है, जो साल भर से देहरादून से चोरी की गई बाइक का हुलिया बदलकर बेखौफ घूम रहा था।

चेकिंग के दौरान जिला अस्पताल के पास हुई गिरफ्तारी

थाना जनकपुरी पुलिस की टीम जब 13 मार्च को जिला अस्पताल के पीछे पंप के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोका। पूछताछ और वाहन के कागजों की जांच में पेंच फंसता देख पुलिस ने जब कड़ाई से छानबीन की, तो सारा राज खुल गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान सन्नी पुत्र अनिल, निवासी ग्राम शब्बीरपुर (थाना बड़गांव) के रूप में हुई है।

जुलाई 2025 में देहरादून से उड़ाई थी बाइक

पुलिस की पूछताछ में आरोपी सन्नी ने कबूल किया कि उसने जुलाई 2025 में देहरादून के कोतवाली नगर क्षेत्र से एक हीरो स्प्लेंडर प्लस डीलक्स बाइक चोरी की थी। पकड़े जाने के डर से शातिर ने बाइक की असली नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट (UK17U 7149) लगा दी थी और काफी समय से उसे इस्तेमाल कर रहा था। जांच में पता चला कि इस चोरी का मुकदमा देहरादून में पहले से ही दर्ज है।

पुराना आपराधिक इतिहास और कानूनी कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सन्नी कोई नौसिखिया नहीं है। उसके खिलाफ पहले भी मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि क्षेत्र में सक्रिय अन्य वाहन चोर गिरोहों का भी पर्दाफाश किया जा सके।

जनकपुरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।