
संवाददाता ग्रामीण तहकीकात
रुड़की। रुड़की के भारापुर भोरी क्षेत्र में सड़कों पर पसरे अंधेरे और उससे पैदा होने वाले असुरक्षा के डर ने ग्रामीण महिलाओं को मोर्चा खोलने पर मजबूर कर दिया। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी के नेतृत्व में दर्जनों महिलाओं ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात की और अपनी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।
अंधेरे के कारण बना रहता है असामाजिक तत्वों का डर
ज्ञापन सौंपने पहुंची महिलाओं ने बताया कि वे विभिन्न कंपनियों में काम करती हैं। काम से लौटते समय भारापुर भोरी क्षेत्र के मुख्य रास्ते पर स्ट्रीट लाइट न होने के कारण भारी अंधेरा रहता है। रात के समय इस रास्ते से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं होता। महिलाओं ने आरोप लगाया कि अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व भी सक्रिय रहते हैं, जिससे उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता सताती रहती है।
रोमा सैनी ने उठाई महिलाओं की आवाज
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी ने कहा कि क्षेत्र की महिलाओं ने पिछले दिनों उनसे मिलकर इस गंभीर समस्या से अवगत कराया था। उन्होंने कहा, “महिलाएं आत्मनिर्भर होकर काम पर जा रही हैं, लेकिन रास्ते में बुनियादी सुविधाओं की कमी उनकी सुरक्षा में बाधा बन रही है।” इसी के मद्देनजर आज सांसद महोदय को वस्तुस्थिति से अवगत कराया गया है।
सांसद का आश्वासन: लगेंगी 10 स्ट्रीट लाइटें और सीसीटीवी
महिलाओं की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मौके पर ही समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि महिलाओं की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जल्द ही इस चिन्हित रास्ते पर 10 नई स्ट्रीट लाइटें लगवाने और सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के निर्देश दिए।
सांसद ने स्पष्ट किया कि विभाग को इस संबंध में जल्द ही कार्रवाई के आदेश दे दिए जाएंगे, ताकि रात के समय घर लौटने वाली श्रमिक महिलाओं और स्थानीय निवासियों को कोई असुविधा न हो।
