
ग्रामीण तहकीकात / नवीन कुमार
खानपुर/लक्सर। आने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए खानपुर और लक्सर क्षेत्र में सियासी हलचल तेज हो गई है। सामाजिक न्याय पार्टी (जनादेश) के प्रदेश अध्यक्ष नीरज कश्यप और वरिष्ठ नेता पुनीत कश्यप के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के दर्जनों गांवों और बाजारों में घर-घर जाकर जनसंपर्क किया। इस दौरान टीम ने आगामी 4 तारीख को होने वाले ‘कश्यप महासम्मेलन’ के लिए ग्रामीणों और समाज के लोगों को न्योता दिया। कई जगहों पर ग्रामीणों ने नेताओं का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया।

जनसंपर्क के दौरान पार्टी नेताओं ने खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह ‘चैंपियन’ से भी उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र के विकास और राजनीति को लेकर चर्चा हुई और उन्हें महासम्मेलन में आने का न्योता दिया गया।

सभाओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष नीरज कश्यप ने कहा कि कश्यप समाज को हमेशा सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया गया है और राजनीतिक दलों ने समाज के हक की अनदेखी की है। उन्होंने कहा कि अब समाज जाग चुका है और अपने अधिकारों व मान-सम्मान के लिए एकजुट होकर लड़ाई लड़ेगा।

वहीं वरिष्ठ नेता पुनीत कश्यप ने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता नीरज कश्यप के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि नीरज कश्यप को किसी बड़े दल (खासकर भाजपा) से टिकट मिलता है, तो पूरा समाज उन्हें जिताने के लिए जी-जान लगा देगा। लेकिन अगर पार्टी या समाज की अनदेखी हुई, तो सामाजिक न्याय पार्टी खानपुर और लक्सर सीटों पर अपने निर्दलीय प्रत्याशी उतारेगी और पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी। जनसंपर्क के बाद से ही क्षेत्र में 4 तारीख के सम्मेलन को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
