संवाददाता ग्रामीण तहकीकात
मंगलौर। हरिद्वार पुलिस ने कार लूट की एक सनसनीखेज वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। कप्तान नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में मंगलौर पुलिस ने हरियाणा के एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को लूटी हुई नेक्सोन कार के साथ दबोच लिया है। आरोपी ने अपने नशे और महंगे शौक पूरे करने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था।
क्या थी पूरी घटना?
बीती 14 मार्च की रात करीब 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि रोहित कुमार (निवासी नगला ऐमाद) से तीन अज्ञात बदमाशों ने उनकी नेक्सोन कार (DL8C-BL-0846) लूट ली है। बदमाशों ने चालक को धक्का देकर बाहर फेंका और कार लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक मंगलौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और नाकाबंदी शुरू कर दी।
भागते समय एक्सीडेंट और खेतों में फरारी
लूट के बाद भाग रहे बदमाशों ने हड़बड़ाहट में एक स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार का अगला टायर फट गया। पुलिस को पीछे आता देख और गाड़ी की हालत खराब होते देख आरोपी लिब्बरहेड़ी फ्लाईओवर के पास कार छोड़कर खेतों की ओर भाग निकले। पुलिस ने तुरंत कार को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
दोस्तों को नीचा दिखाने के लिए बना ‘लुटेरा’
गिरफ्तार आरोपी नीरज (निवासी सोनीपत, हरियाणा) ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह 13 मार्च को अपने दोस्तों के साथ हरिद्वार घूमने आया था, लेकिन शराब पीने के दौरान दोस्तों से विवाद हो गया और दोस्त उसे छोड़कर अपनी गाड़ी से हरियाणा चले गए।
नीरज ने बदला लेने और दोस्तों को यह दिखाने के लिए कि “उसके पास भी अपनी गाड़ी है”, रुड़की से एक कार किराए पर बुक की और योजनाबद्ध तरीके से गुड़ मंडी के पास चालक को धक्का देकर कार लूट ली।
हरियाणा का खूंखार अपराधी है नीरज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी नीरज हरियाणा के मुरथल और सोनीपत क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर हत्या के प्रयास (307), धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं। मंगलौर पुलिस ने उसे घेराबंदी कर क्षेत्र से ही दबोच लिया।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम:
इस बड़ी लूट का खुलासा करने और आरोपी को दबोचने में निम्नलिखित टीम की मुख्य भूमिका रही:
- प्रभारी निरीक्षक: अमरजीत सिंह
- वरिष्ठ उपनिरीक्षक (व.उ.नि.): मनोज गैरोला
- उपनिरीक्षक (उ.नि.): प्रवीण विष्ट
- उपनिरीक्षक (उ.नि.): हेमदत्त भारद्वाज
- हेड कांस्टेबल: अमित शर्मा
- कांस्टेबल: अरविन्द
- कांस्टेबल: सुधीर
- कांस्टेबल: विनोद
- कांस्टेबल: नरेश
