SSP ने कंधे पर ‘अशोक स्तंभ’ लगाकर दी बधाई
ग्रामीण तहकीकात संवाददाता
सहारनपुर। जनपद में तैनात क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम अमित कुमार श्रीवास्तव की कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवाकाल का सम्मान करते हुए उन्हें अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) के पद पर पदोन्नत किया गया है। सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अभिनन्दन ने एक गरिमामय समारोह के दौरान पदोन्नत अधिकारी के कंधों पर गौरव का प्रतीक ‘अशोक स्तंभ’ लगाकर उन्हें इस नई और बड़ी जिम्मेदारी की विधिवत शुभकामनाएं दीं। एसएसपी अभिनन्दन ने इस अवसर पर कहा कि यह पदोन्नति अमित कुमार श्रीवास्तव की कड़ी मेहनत का प्रतिफल है और अब उनसे जनता की अपेक्षाओं पर और अधिक खरा उतरने तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की उम्मीद है। पदोन्नति के इस हर्षपूर्ण क्षण में पुलिस विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी नवागत एएसपी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और इसे पूरे विभाग के लिए गर्व का विषय बताया।
