• फल एवं कंबल वितरित कर बांटी खुशियां, बुजुर्गों से जाना कुशलक्षेम
ग्रामीण तहकीकात/हीना कौसर
सहारनपर। दीपावली के पावन पर्व के अवसर पर ज़िलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान ने वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां निवासरत बुजुर्गों से मुलाकात की तथा उन्हें दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने वृद्धजनों को फल एवं कंबल वितरित कर उनके साथ खुशियां साझा कीं और उनके सुखद, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की।ज़िलाधिकारी ने बुजुर्गों से आत्मीयतापूर्वक बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, सौहार्द, सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठ नागरिक हमारे अनुभव और संस्कारों की अमूल्य धरोहर हैं। उनका सम्मान करना तथा सुख-दुख में उनके साथ खड़ा रहना हम सभी का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है, जब हम समाज के जरूरतमंद एवं असहाय लोगों के बीच पहुंचकर उनके साथ खुशियां साझा करें।ज़िलाधिकारी ने सभी बुजुर्गों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना करते हुए उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के चेहरों पर प्रसन्नता एवं आत्मीयता का भाव दिखाई दिया।ज़िलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों की सुविधाओं, स्वास्थ्य, भोजन एवं बेहतर देखभाल का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।
