विशेष रिपोर्ट – ग्रामीण तहकीकात
हरिद्वार। जनपद में एलपीजी गैस सिलेंडरों की किल्लत और ऑनलाइन बुकिंग में आ रही दिक्कतों को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सख्त तेवर अपना लिए हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक के दौरान डीएम ने स्पष्ट आदेश दिए कि जनपद में कहीं भी गैस की ‘ब्लैकिंग’ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए हर गैस एजेंसी पर नोडल अधिकारी तैनात करने के निर्देश दिए हैं।
ऑनलाइन सिस्टम फेल, एजेंसियों पर उमड़ी भीड़
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि जनपद की 42 गैस एजेंसियों में स्टॉक की कोई कमी नहीं है, लेकिन ऑनलाइन सिस्टम बाधित होने और ओटीपी (OTP) न मिलने के कारण उपभोक्ताओं को बुकिंग में परेशानी हो रही है। इसी वजह से गैस एजेंसियों पर भीड़ बढ़ रही है। प्रशासन अब इस समस्या का वैकल्पिक समाधान निकालने में जुटा है।
एसडीएम और बीडीओ करेंगे सीधी मॉनिटरिंग
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों (SDM) और खंड विकास अधिकारियों (BDO) को फील्ड में उतरने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि:
- सभी अधिकारी अपने क्षेत्रों की एजेंसियों की नियमित जांच करें।
- निर्धारित दर से अधिक वसूली या कालाबाजारी मिलने पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
- नोडल अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि वितरण प्रणाली में कोई गड़बड़ी न हो।
- शिकायत के लिए जारी हुए हेल्पलाइन नंबर
डीएम ने जनता से अपील की है कि यदि कोई एजेंसी सिलेंडर देने में आनाकानी करे या अधिक पैसे मांगे, तो तुरंत प्रशासन द्वारा जारी कंट्रोल रूम नंबरों पर शिकायत दर्ज कराएं:
📞 कंट्रोल रूम: 01334-239444
☎️ टोल फ्री: 01334-1077
📱 मोबाइल नंबर: 9068197350
बैठक में मौजूद अधिकारी
समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र, सचिव एचआरडीए मनीष कुमार, एसडीएम जितेंद्र कुमार और जिला विकास अधिकारी वेदप्रकाश सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
