ग्रामीण तहकीकात ऐप इंस्टॉल करने के लिए यहाँ क्लिक करें 📲

Police

 

ग्रामीण तहकीकात संवाददाता

पिरान कलियर। हरिद्वार पुलिस को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी हरिद्वार के कड़े निर्देशों के बाद वांछित अपराधियों की धरपकड़ में जुटी पिरान कलियर पुलिस ने ₹5000 के इनामी बदमाश दानिश को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था।

लंबे समय से था फरार, एसएसपी ने घोषित किया था इनाम

जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दानिश पुत्र इकराम निवासी ग्राम थीथकी गोपाली (देवबंद, सहारनपुर) थाना पिरान कलियर पर दर्ज मुकदमा संख्या 347/2025 में वांछित चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) द्वारा आरोपी पर ₹5000 का इनाम घोषित किया गया था।

घेराबंदी कर देवबंद हाईवे से दबोचा

थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। शनिवार को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने देवबंद हाईवे स्थित गोपाली चौकी के पास जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।

ये रहे पुलिस टीम का हिस्सा

इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार, महिला उपनिरीक्षक विशाखा राठौर, हेड कांस्टेबल अमित कुमार, कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह और होमगार्ड अंकित कुमार शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।

छुटमलपुर/सहारनपुर। थाना फतेहपुर क्षेत्र में खाकी का इकबाल खत्म होता नजर आ रहा है, जहाँ बेखौफ चोरों ने अब किसानों के घरों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला जजनेर गांव का है, जहाँ चोरों ने किसान नासिर पुत्र शरीफ खां के घर की बैठक में खड़े महिंद्रा ट्रैक्टर की बैटरी पर हाथ साफ कर दिया और पुलिस को भनक तक नहीं लगी। सुबह जब परिजनों ने ट्रैक्टर की बैटरी गायब देखी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई, जिसके बाद ग्रामीणों में पुलिस की लचर कार्यशैली को लेकर भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में चोरी की वारदातें रोजाना की बात हो गई हैं, कभी घरों से तो कभी खेतों से सामान चोरी हो रहा है, लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। “पुलिस सोती रही और चोरी होती रही” की तर्ज पर चल रहे इस घटनाक्रम से त्रस्त ग्रामीणों ने अब चेतावनी दी है कि यदि रात में गश्त बढ़ाकर चोरों की धरपकड़ नहीं की गई, तो वे आंदोलन को मजबूर होंगे। फिलहाल, इस चोरी ने पुलिस के सुरक्षा दावों की पोल खोलकर रख दी है और ग्रामीण दहशत के साये में जीने को मजबूर हैं।

सहारनपुर। पुलिस कप्तान अभिनन्दन सिंह के मार्गदर्शन में नशे के सौदागरों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” के तहत चिलकाना पुलिस ने एक शातिर स्मैक तस्कर को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी विनोद कुमार के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम दुमझेडा से नल्हेडा रोड पर घेराबंदी कर मुकेश पुत्र दलमीरा निवासी दुमझेडा को गिरफ्तार किया। जामा तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से 12 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। पकड़ा गया अभियुक्त एक शातिर और अभ्यस्त अपराधी है, जिसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश के सहारनपुर और हरियाणा के यमुनानगर जिलों में लूट, चोरी और तस्करी जैसे लगभग डेढ़ दर्जन संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इस तस्कर के नेटवर्क और सप्लाई चेन की गहराई से जांच कर रही है ताकि क्षेत्र से नशे के इस अवैध कारोबार को जड़ से खत्म किया जा सके।