ग्रामीण तहकीकात संवाददाता
रुड़की। महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध हरिद्वार पुलिस के जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत रुड़की पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए नाबालिग के अपहरणकर्ता को हरियाणा से दबोच लिया है। जानकारी के अनुसार, दिसंबर 2025 में दर्ज पोक्सो अधिनियम और अपहरण के मुकदमे में वांछित चल रहे आरोपी मुकेश कुमार पुत्र शीशपाल, निवासी न्यू ऋषि नगर (हिसार) की गिरफ्तारी के लिए उपनिरीक्षक ध्वजवीर सिंह पवार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने सुरागरसी और पतारसी के माध्यम से आरोपी की लोकेशन हिसार में ट्रैक की और वहां छापेमारी कर उसे हिरासत में ले लिया। विवेचना अधिकारी उपनिरीक्षक रेखा पाल और टीम की इस प्रभावी कार्रवाई के बाद आरोपी को रुड़की लाया गया है, जहाँ उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इस सफल ऑपरेशन में कांस्टेबल प्रदीप भंडारी और सोबन सिंह चौहान ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
